Wise Words
Home
Read
Write
Publish
Profile
Logout
गुरुदेव नमन
स्वप्रकाश
गुरुदेव नमन, गुरुदेव नमन, है अनंत कोटि असीम नमन । तुम ही तत्व मेरा, तुम ही हो ब्रह्मन।। गुरुदेव नमन, गुरुदेव नमन, है अनंत कोटि असीम नमन । तुम ही सत्य मेरा, तुम ही हो आत्मन ।। गुरु मेरी सुबह, गुरु मेरी शाम । गुरु बिन इस जीव को, कहीं न मिले आराम ।। गुरु चरणों की रज मैं हो जाऊं । गुरु को पाकर, गुरु में ही विलीन हो जाऊं ।। गुरु ने ही मुझे चेतनामृत पिलाया है। गुरु कृपा से ही, ज्ञान का प्रकाश मेरे जीवन में आया है ।। गुरुदेव नमन, गुरुदेव नमन, है अनंत कोटि असीम नमन । तुम ही तत्व मेरा, तुम ही तो हो ब्रह्मन।। गुरु ने अज्ञान मिटा कर, आत्मबोध अमृत पिला दिया । साक्षीभाव के रूप में, मुझे मार्गदर्शक प्रदान किया ।। गुरु को पाकर, जीवन लक्ष्य पाया है । गुरुकृपा से ही, मैंने अस्तित्व का ज्ञान पाया है ।। गुरुदेव ने द्वैत मिटा कर, मुझे अद्वैत ब्रह्म बना दिया । मिथ्या बंधन हटा कर, मुक्त चैतन्य बना दिया ।। गुरुदेव नमन, गुरुदेव नमन, है अनंत कोटि असीम नमन । तुम ही सत्य मेरा, तुम ही हो आत्मन ।। गुरु चरणों में जाकर, अज्ञान मिटा लिया । गुरु को पाकर ही, सर्वस्व पा लिया ।। गुरु रूप में, मैंने तो मेरा तत्व पा लिया । ससीम देह को भुलाकर, अनंत शून्य को पा लिया ।। हे गुरुदेव, अज्ञानवश कोई भूल करूँ तो, मुंह कभी न मोड़ना । अपनी शरण में रखना सदा, कभी हाथ न छोड़ना ।। गुरुदेव नमन, गुरुदेव नमन, है अनंत कोटि असीम नमन । तुम ही तत्व मेरा, तुम ही हो ब्रह्मन।। गुरु ही अस्तित्व, शाश्वत, अद्वैत ब्रह्म है । गुरु ही पूर्ण, निरंजन सच्चिदानंद है ।। गुरुदेव कृपा जिसने पायी, गुरु की महिमा तभी जान पायी । आभारी हूँ गुरुदेव का, मुझे माया की मिथ्या दिखलायी ।। ये देह त्याग कर, बस गुरु के धाम को ही जाऊं । जब भी जनम लूँ , तो गुरु को ही पाऊं ।। गुरुदेव नमन, गुरुदेव नमन, है अनंत कोटि असीम नमन । तुम ही सत्य मेरा, तुम ही हो आत्मन ।। ---------------------------------------------------------------------------- **सभी सुखी हों, सभी समृद्ध हों, सभी ज्ञानवान हों, सभी मुक्त हों ....** *अखण्ड-मण्डलाकारं व्याप्तं येन चराचरम्। तत्पदं दर्शितं येन तस्मै श्री गुरवे नमः॥१॥* **आभार: मैं परम श्रद्धेय गुरुदेव श्री तरुण प्रधान जी एवं गुरुक्षेत्र का उनकी शिक्षाओं एवं मार्गदर्शन के लिए आभारी हूँ।** **संपर्क सूत्र..** साधक की कलम से : स्वप्रकाश....... ईमेल: swaprakash.gyan@gmail.com
Share This Article
Like This Article
© Gyanmarg 2024
V 1.2
Privacy Policy
Cookie Policy
Disclaimer
Terms & Conditions