Wise Words
बोधि महावाक्य - प्रथम भाग
जानकी
Like This Article
<br><br><div><img width='100%' src='images/89426796-CamScanner 22-11-2026 18.jpg'></div><br><br> **** Copyright Sarjak: Tarun Pradhaan; Sanklan : Janaki Subedi This book has been self-published with all reasonable efforts taken to make the material error-free by the author. No part of this book shall be used, reproduced in any manner whatsoever without written permission from the author, except in the case of brief quotations embodied in critical articles and reviews. The Author of this book is solely responsible and liable for its content including but not limited to the views, representations, descriptions, statements, information, opinions and references [“Content”]. The Content of this book shall not constitute or be construed or deemed to reflect the opinion or expression of the Publisher or Editor. Neither the Publisher nor Editor endorse or approve the Content of this book or guarantee the reliability, accuracy or completeness of the Content published herein and do not make any representations or warranties of any kind, express or implied, including but not limited to the implied warranties of merchantability, fitness for a particular purpose. The Publisher and Editor shall not be liable whatsoever for any errors, omissions, whether such errors or omissions result from negligence, accident, or any other cause or claims for loss or damages of any kind, including without limitation, indirect or consequential loss or damage arising out of use, inability to use, or about the reliability, accuracy or sufficiency of the information contained in this book. Made with on the Notion Press Platform www.notionpress.com **** # समर्पण ॐ श्री सद्गुरुवे नम: गुरुर्ब्रम्हा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर:। गुरुर्साक्षात परब्रम्ह तस्मै श्री गुरुवे नम:।। ज्ञान-शक्ति-समारुढ: तत्वमाला-विभूषित:। भुक्ति-मुक्ति-प्रदाता च तस्मै श्री गुरुवे नम:।। गुरुक्षेत्र द्वारा प्रसारित दिव्य ज्ञान महासागर के दिव्य रत्नों की माला "बोधि महावाक्य" हार्दिक कृतज्ञता के साथ गुरुक्षेत्र के श्रीचरणों में सादर समर्पित है। ॐ श्री सद्गुरुवे नम:।। **** # क्रम सूची # प्रस्तावना # भूमिका # आभार # सद्गुरुदेव श्री तरुण प्रधान जी का परिचय # 1. अध्यात्म # 2. ज्ञानमार्ग # 3. अज्ञान # 4. ज्ञान # 5. सत्य और असत्य # 6. तत्व/आत्मन/अनुभवकर्ता/द्रष्टा/मैं # 7. नाद/अनुभव/ माया # 8. चित्त/स्मृति # 9. इंद्रिय # 10. अस्तित्व/शून्यता/अनुभवक्रिया/अद्वैत # 11. अज्ञेयता # 12. स्थान # 13. समय # 14. परिवर्तन # 15. साक्षीभाव और साधना # 16. गुरु और शिष्य # 17. कर्मचक्र - (इच्छा, कर्म, कर्ताभाव/कर्महीनता, कर्मफल, और संस्कार) # 18. बंधन, संबंध और समाज # 19. दु:ख और सुख # 20. आसक्ति और विरक्ति # 21. प्रेम # 22. सुंदरता और नैतिकता # 23. अशांति, शांति और आनंद # 24. अशुद्धि और शुद्धिकरण # 25. चमत्कार और सिद्धि # 26. प्रगति/विकास # 27. त्याग, मुक्ति और स्वतंत्रता # सार **** # प्रस्तावना मुझे जानकी सुवेदी जी द्वारा संकलित पुस्तक “बोधि महावाक्य” आप सबको भेंट करते हुए हर्ष हो रहा है। इन्होंने अत्यंत सरल एवं सहज शैली में बोधि वार्ता चैनल पर प्रसारित सत्संग तथा प्रश्नोत्तर एवं ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम में व्यक्त मूल वाक्यों का संकलन किया है। ज्ञान सभी के लिए सहज तथा सुलभ रुपमें उपलब्ध करवाने में मेरी ओर से निरंतर खोज और प्रयास जारी रहा है; इसी अनुरुप कार्यक्रम एवं सामग्रियाँ अध्यावधिक होते रहते हैं। ज्ञानमार्ग विशेष रुप से अद्वैत दर्शन मूलज्ञान (आत्मज्ञान,मायाज्ञान तथा ब्रम्हज्ञान) का आधार है। ज्ञानमार्ग या सनातन मार्ग आध्यात्मिक क्षेत्र की सर्वोच्च उपलब्धि है। वैदिक सभ्यता की देन एवं दर्शनशास्त्र की नींव है। इसके बिना आध्यात्मिक ज्ञान और साधना अर्थहीन होगी। बहुत से व्यक्ति योगासन, ध्यान, क्रियाएं, तंत्रमंत्र, पूजापाठ अथवा भजन-कीर्तन को ही अध्यात्म समझकर अपना बहुमूल्य समय नष्ट कर रहें हैं। वैदिक ज्ञान के कठिन परंपरागत भाषा, कठिन शब्दावली, सही व्याख्या करने वाले गुरुओं का अभाव, आधुनिक प्रविधि एवं कुशल शिक्षक/शिक्षिकाओं की कमी आदि कारणों से, मूलज्ञान भुला दिया गया है। बहुमूल्य वैदिक ज्ञान लुप्तप्राय हो चुका है। इसका संरक्षण एवं पुनरुत्थान करना इसके अनुयायी/आध्यात्मिक साधक का कर्तव्य बनता है। दूसरी ओर मनुष्य जीवन में सबसे बड़ी सेवा ज्ञान सेवा है और ज्ञान दान महादान है। किसी को उसके वास्तविक स्वरुप से परिचित करवाने से बड़ा संतुष्टि और पुण्य का कार्य दूसरा नहीं हो सकता। इसी भावना से प्रेरित होकर मैंने बोधि वार्ता चैनल तथा ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम के द्वारा, ज्ञान सेवा का प्रयास प्रारंभ किया है। इस प्रयास में जो भी गुरुक्षेत्र के कृपा से मिला है उसको विभिन्न भाषाओं में सरल और व्यवस्थित करके सभी के पहुँच में, ले जाने का प्रयास हो रहा है। जानकी द्वारा संकलित यह पुस्तक “बोधि महावाक्य” भी इसी प्रेरणा का परिणाम है। गुरु, शास्त्र तथा शब्द ज्ञान की ओर संकेत मात्र कर सकते हैं; किसी को ज्ञान नहीं दिला सकते। ज्ञानमार्ग में अपरोक्ष अनुभव और तर्क को ही ज्ञान के साधन माना गया है। गुरु और पुस्तक जो भी बताते हैं साधक को उस पर अपने अपरोक्ष अनुभव एवं तर्क के आधार पर सत्यापित करके ही मानना चाहिए। अपने ही प्रयोग द्वारा ज्ञान को प्रमाणित करना चाहिए। जानकी द्वारा संकलित यह पुस्तक भी अध्यात्म, मार्ग, मूलज्ञान, साधना, कर्म, शुद्धिकरण, प्रगति, मुक्ति आदि विषयों में सांकेतिक जानकारी देती है; ज्ञान के ओर संकेत करती है। जानकी की इस पुस्तक को सभी जिज्ञासु पाठकों को समर्पित करते हुए मुझे बहुत प्रसंन्नता हो रही है। मुझे आशा है इस पुस्तक से, सभी जिज्ञासु व्यक्तियों को अध्यात्मिक मार्ग खोजने में एवं ज्ञानमार्गी साधकों को साक्षीभाव द्वारा ज्ञान को बनाए रखने में सहायता मिलेगी। मेरी शुभकामनाएँ जानकी सुवेदी तथा आप सभी सुधी पाठकों के साथ है। तरुण प्रधान, पुणे, भारत ४ अगस्त, २०२६ **** # भूमिका मनुष्य जीवन का लक्ष्य मनुष्य जीवन से मुक्ति है। स्वयं के सत्य स्वरुप/तत्व को जाने बिना मुक्ति संभव नहीं। जानने का अर्थ शब्दों का पर्वत स्थापित करना नहीं, अपितु रिक्त करना है। रिक्त करने के लिए अज्ञान रूपी आवरणों को ध्वस्त/नष्ट करना तथा उसके पश्चात ज्ञान को भी त्यागकर, शेष जो शुद्ध है, वो होना होता है। इसी अज्ञेय स्थिति में पहुँचने के लिए एक चरणवद्ध, अनुशासित तथा व्यवस्थित कार्यक्रम आवश्यक होता है। अध्यात्म के “अ” से “मैं”(आत्म) का “म” तक अर्थात प्रारम्भ (धरातल) से शिखर तक पहुँचाने के लिए बोधि वार्ता में अद्वैत वेदांत के हर शब्द अपरोक्ष अनुभव से अज्ञान के सारे जटिलताओं को पार करते हुए अंत तक जाकर, ज्ञान के मूल से शुद्ध और सरल होकर प्रकट होते हैं। ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम में मूलज्ञान, ज्ञानमार्ग का परिचय, ज्ञान क्या है, अज्ञान क्या है, ज्ञान और अज्ञान के साधन क्या है, मैं क्या हूँ, माया क्या है, जगत क्या है, सृष्टि क्या है, अस्तित्व क्या है आदि के बारे में विस्तार में व्याख्या की गयी है। यह पुस्तक किसी को विस्तार में ज्ञान नहीं देगा, किसी भी विषय को परिभाषित करना, उसका अर्थ बताना एवं व्याख्या करना इस पुस्तक का उद्देश्य नहीं है। यहाँ ज्ञानमार्ग के बोधि वार्ता एवं ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम के महावाक्य संकलित हैं। यहाँ प्रस्तुत प्रत्येक वाक्य पर एक पुस्तक लिखी जा सकती है। सत्य जानने के लिए, अपना तत्व जानने के लिए, मुक्ति के लिए तड़प रहे जिज्ञासु और मुमुक्षु व्यक्ति, को मार्ग एवं गुरु तक पहुँचने के लिए कुछ संकेत मिल सके और जिन को मूलज्ञान है उनके लिए ज्ञान स्मरण में सहायता हो सके, इस उद्देश्य से यह पुस्तक की रचना हुई है। यह प्रयास ज्ञान प्रसार में गुरुक्षेत्र का निश्वार्थ सेवाभाव का अनुकरण, दिव्य ज्ञान का संरक्षण और तत्व ज्ञान के ओर एक छोटा सा संकेत मात्र है। ॐ श्री सद्गुरुवे नमः। **** # आभार अपना यथार्थ एवं अस्तित्व जानना ही मनुष्य जीवन का अंतिम लक्ष्य है। सृष्टि के समस्त जीव विकास तथा प्रगति के पथ पर ही अग्रसर हो रहे हैं, किंतु हर किसी को अपना लक्ष्य पता नहीं होता। प्रगति के नाम पर अनेक सांसारिक उपलब्धियों के पीछे भागते रहते हैं, लेकिन कभी किसी को संतुष्टि नहीं मिलती, क्योंकि खोज सांसारिक प्राप्ति की नहीं, पहचान की है, पहचान अर्थात स्वयं का मूल स्वरूप को जानना, परम प्राप्ति। गुरु के संकेत के बिना ज्ञान नहीं हो सकता। ऐसे ही भटकाव के बीच में, जब बोधि वार्ता एवं सद्गुरुदेव का सानिध्य मिला और कृपा प्राप्त हुई, ज्ञान हुआ, तब से यह जीवन यात्रा पूर्ण हुई। शेष जीवन जितना हो सके ज्ञान सेवा में समर्पित है। गुरुक्षेत्र के अनुकंपा से यह दिव्य ज्ञान संकलन कार्य सरलता के साथ संपन्न हो पाया है, सद्गुरुदेव का आशीर्वाद, मार्गदर्शन और असीम कृपा अवर्णनीय है। पुस्तक प्रकाशन के कार्य में श्री रमाकांत शर्मा जी की तत्परता, सहकार्य, हार्दिकतापूर्ण सहयोग, सुझाव एवं सही मार्गदर्शन के लिए हार्दिक आभार प्रकट करती हूँ। मूलज्ञान के लिए साक्षात् गुरुक्षेत्र की शिष्या बनने का एवं इनके सानिध्य में रहकर ज्ञानार्जन और थोड़ा बहुत ज्ञान सेवा का जो सौभाग्य, अवसर एवं गौरव मुझे मिला है इसका वर्णन शब्दों से नहीं कर सकती; मात्र नतमस्तक होकर सद्गुरुदेव एवं समस्त गुरुक्षेत्र के प्रति संपूर्ण समर्पण और आभार अर्पण करती हूँ। ॐ श्री सद्गुरुवे नम:।। जानकी **** # सद्गुरुदेव श्री तरुण प्रधान जी का परिचय गुरुजनों का परिचय उनका ज्ञान और कर्म होता है। बोधि वार्ता और ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम के परिकल्पनाकार श्री तरुण प्रधान जी एक आध्यात्मिक गुरु हैं जो भारत पुणे के ताम्हिनीघाट क्षेत्र में प्रवास करतें हैं। ज्ञानमार्ग और अद्वैत वेदांत के शोधकर्ता एवं ज्ञाता के साथ साथ, अपने शिष्यों को अध्यात्म के शिखर तक पहुँचाने वाले सद्गुरु होकर भी अपने आप को एक साधक ही मानते हैं। बाल्यकाल से ही अध्यात्म के जिज्ञासु एवं खोजी साधक के रूप में आपने प्राय: सभी मार्गों पर चलकर अध्यात्म का सार भेदन कर लिए हैं और अद्वैत वेदांत एवं ज्ञानमार्ग में प्रबल शोधकर्ता रहे हैं। gyanmarga.guru website पर अध्यात्म के सम्पूर्ण आयाम उपलब्ध है। यहाँ पर अध्यात्म, आध्यात्मिक यात्रा, गुरु, मार्ग, ज्ञान, अज्ञान, सत्य, मिथ्या, द्वैत, अद्वैत आदि के बारे में चरणबद्ध एवं विस्तारित व्याख्या एवं व्यवस्था मिलती है। इंजिनियरिंग और टेक्नोलोजी में स्नातकोत्तर शिक्षा से आर्जित ज्ञान और वैज्ञानिक तकनीकी का अध्यात्मिक ज्ञान के क्षेत्र में अनुपम प्रयोग द्वारा ऐसा विलक्षण प्रारूप विकसित किया है जो सभी जिज्ञासुओं और साधकों के लिए अत्यंत सहज और सुलभ है। सत्संग का प्रसारण युट्यूव द्वारा होता रहता है। ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम आत्मज्ञान, मायाज्ञान और ब्रम्हज्ञान जो मूलज्ञान के रुपमें है, इसको एक निश्चित पाठ्यक्रम में व्यवस्थित किए हुए हैं। जो व्यवस्थित ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम करना चाहते हैं, उनके लिए गुरुदेव स्वयं हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में चरणबद्ध और व्यवस्थित कार्यक्रम ऑनलाइन एवं निःशुल्क रुपमें सम्पन्न कराने का प्रबन्ध किए हुए हैं। साधकों को श्रवण, लेखन, मनन और सत्यापन करने में सहाएता एवं मार्गदर्शन करते हैं। साधक की प्रत्यक्ष समीक्षा, प्रश्नोत्तर आदि गुरुदेव स्वयं करते हैं। मूलज्ञान के बाद ज्ञान साधना में साधकों के जो भी जिज्ञासा, उल्झनें और व्यवधान होते हैं, गुरुदेव उनको भी सुलझा देतें हैं। सत्संग में गुरु संवाद का प्रावधान भी है, जिसमें ज्ञानमार्गी साधक अपना प्रश्न रखकर शंका या जिज्ञासा का समाधान पा सकते हैं। जो भी इच्छुक व्यक्ति अनुज्ञान, त्रिज्ञान आदि कार्यक्रम करना चाहतें हैं उनके लिए विभिन्न भाषाओं में कार्यक्रम करने का अवसर उपलब्ध है। ज्ञानमार्गी साधकों द्वारा विभिन्न सत्संग और सहायक कर्यक्रम संचालित हैं। साधकों के सेवा में गुरुदेव स्वयं हर क्षण उपलब्ध रहते हैं। ज्ञान, साधना और शुद्धिकरण के लिए पॉडकास्ट, ब्लॉग, टेलिग्राम, ज्ञानकोष, ज्ञानाक्षर, पुस्तकें, लेख, रचना, तकनीकी यंत्र उपकरण आदि आध्यात्मिक यात्रा के लिए आवश्यक यथावत सुविधा सभी के लिए निर्बाध और नि:शुल्क उपलब्ध हैं। बोधि वार्ता चैनल से विश्वभर के लाखों ज्ञानेच्छुक लाभ ले रहे हैं और ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम से विश्व के अनेकानेक साधक दीक्षित हुए हैं। आध्यात्मिक क्षेत्र में गुरुदेव का यह प्रयास अद्वितीय एवं सभी आध्यात्मिक जिज्ञासु के लिए अनुकरणीय है। **** # 1. अध्यात्म 1. अध्यात्म स्वयं का अध्ययन है, अस्तित्व के मूल तत्व का अध्ययन है, आत्मदर्शन है। 2. प्रश्न आना समस्या नहीं, प्रश्न का उत्तर न खोजना समस्या है, इसके लिए अध्यात्म है। 3. अध्यात्म मनोरंजन नहीं; जीवनशैली है। 4. अध्यात्म को संसार के ऊपर थोपा नहीं जा सकता। 5. क्रमश: लक्ष्य, मार्ग, परंपरा, गुरु, शिक्षा, साधना, उपाय, प्रगति, प्रभाव, फल; ये आध्यात्मिक यात्रा के चरण हैं। 6. सांसारिक बुद्धि विपरीत है; उस विपरीत बुद्धि के विपरीत जाना अध्यात्म है। 7. सिद्धियाँ केवल आध्यात्मिक प्रगति के संकेत मात्र है, उपलब्धि नहीं। 8. लोग सोचते हैं कि अध्यात्म, व्यक्ति को पत्थर कर देता है, परन्तु अध्यात्म पत्थर को भी पिघला सकता है। 9. अध्यात्म में अनावश्यक सब छूट जाता है और आवश्यक सब मिल जाता है। 10. अध्यात्म व्यक्तिगत विषय है, सबके लिए अलग-अलग है। 11. जैसे मछली के लिए तैरना कठिन नहीं है, वैसे मनुष्य के लिए अध्यात्म कठिन नहीं है, यह केवल रुचि की बात है। 12. अध्यात्म में सांसारिक बुद्धि का प्रयोग विफल होता है। 13. आध्यात्मिक यात्रा कोई भेड़ चाल नहीं है; अध्यात्म एवं दर्शन आम जनता के लिए नहीं है। 14. आध्यात्मिक उपलब्धि जन्मों की साधना है; चलना, बोलना सिखने जैसे सामान्य सांसारिक कार्य नहीं। 15. संसार ही निर्वाण है, संसार ही अध्यात्म है। 16. ज्ञानमार्ग में आध्यात्मिक खोज पहले दिन ही समाप्त हो जाता है, क्योंकि जिस की खोज है वह सदैव यहीं है। 17. सत्संग अध्यात्म में आने का द्वार है। 18. आध्यात्मिक मार्ग एवं परंपरा वह व्यवस्था है जिससे आध्यात्मिक लक्ष्य प्राप्त होता है। 19. आध्यात्मिकता में आध्यात्मिक ज्ञान और व्यवहारिकता में व्यवहारिक ज्ञान उपयोगी है; दोनों को मिलाना नहीं चाहिए। 20. अध्यात्म इस ब्रम्हाण्ड की सबसे बड़ी, महत्वपूर्ण एवं स्थायी व्यवस्था है। 21. प्रत्येक कला, योग्यता, नष्ट हो सकती है, परन्तु अध्यात्मिक ज्ञान, गुरु एवं साधना नष्ट नहीं होती। 22. अध्यात्म में बंद करने का (Stop) बटन नहीं है, रुकने का (Pause) बटन है; जहाँ रोका था अगले जन्म में वहीं से प्रारम्भ होता है। 23. ज्ञान का अर्थ मनुष्यता को त्यागना या और कुछ हो जाना नहीं है, मनुष्यता के परे हो जाना ही अध्यात्म है। 24. ज्ञानी के शब्द कोई नहीं समझता, अज्ञानी के शब्द अर्थहीन होते है, इसलिए अध्यात्म और संसार असंगत है। 25. संसार अंधकार में रहना है और अध्यात्म प्रकाश की ओर जाना है। 26. अध्यात्म में विरोधाभास बहुत मिलता है; विरोधाभास का अर्थ एक सही, एक ग़लत नहीं है। 27. विरोधाभास को समझने के लिए शुद्ध, परिष्कृत, आध्यात्मिक बुद्धि चाहिए, बहुस्तरीय ज्ञान चाहिए। 28. अध्यात्म निजी यात्रा है; स्वयं से स्वयं तक। 29. आध्यात्मिक यात्रा विचित्र है; १८० डिग्री मुड़ना मात्र है; जहाँ प्रारम्भ होता है वहीं समाप्त होता है। 30. प्रत्येक रीति रिवाज में अध्यात्म छुपा हुआ है। 31. अध्यात्म का उपयोग संसार के लिए या शरीर के लिए करना ग़लत है; अध्यात्म संसार से छूटने के लिए है। 32. संसार से निवृत्ति से ही अध्यात्म प्रारम्भ होगा। 33. व्यक्ति विपत्ति आने के बाद ही अध्यात्म में आता है, परन्तु सब कुछ ठीक होने के बाद ही अध्यात्म में आना चाहिए। 34. अध्यात्म खोना है; पाना नहीं; अध्यात्म उत्तरजीविता के ऊपर/परे की बात है। 35. आध्यात्मिक यात्रा में मार्ग तथा गुरु आवश्यक है; शेष सब सांसारिक आवश्यकताएं हैं। 36. अध्यात्म में सफलता स्वयं को जान लेने में है। 37. बलपूर्वक किया गया अध्यात्म अज्ञान से भी बुरा है। 38. अध्यात्म में अनुचित मार्ग पर चलना समय नष्ट करना है। 39. अध्यात्म मूर्खता का त्याग मात्र है; शेष सब पहले से सुंदर है। 40. सारा अध्यात्म जागृत अवस्था में संभव है, क्योंकि जागृत अवस्था में बुद्धि चलती है। 41. अध्यात्म का प्रारम्भ लक्ष्य से होता है और लक्ष्य वह अंतिम अवस्था है जिसे पाने के लिए मनुष्य जन्म हुआ है। 42. अध्यात्म में चामत्कारिक प्रभाव कुछ आता भी है, परन्तु प्रभाव लक्ष्य नहीं है। 43. साधक का लक्ष्य आध्यात्मिक प्रगति है जो संसार में नहीं दिखेगी। 44. जगत में न पाए जाने वाला विचित्र अनुभव लेना अध्यात्म नहीं है; यह बचपना है। 45. अध्यात्म निजी कार्य है, जो कार्य चलता है वह मन में चलता है; जो भी परिवर्तन आता है वह भी स्वयं में आता है। 46. अध्यात्म सरल नहीं, कोई जादु या चमत्कार नहीं, हर कोई अध्यात्म में नहीं आ सकता। 47. सुख, आनंद, मुक्ति, सेवा, ज्ञान, विकास, सिद्धि आदि जो भी संसार से छुट्टी दिलाता है वह आध्यात्मिक लक्ष्य है। 48. अध्यात्म घर (वापसी) जाने का मार्ग है। 49. जो अध्यात्म में आया उसका विकास तेज़ हो जाता है, अहम् के सीमाएं टूटने लगती हैं, सिद्धियाँ वापस मिलने लगती हैं। 50. अध्यात्म में प्रयास का अर्थ प्रयासहीनता है, छोड़ना है। 51. अध्यात्म भी एक प्रकार का जाल है, कुछ मिनटों के कार्य को जन्मों-जन्मों तक के लिए खींच दिया गया है। 52. जो महत्वपूर्ण है वह भूलना कठिन है। 53. जीव की प्राथमिकता उत्तरजीविता है, इसलिए अध्यात्म में विफल होते हैं। 54. संतुष्टि यात्रा में है, गंतव्य में नहीं। 55. निश्छल भोग कृत्रिम (नक़ली) आध्यात्मिकता से अच्छा है। 56. आध्यात्मिक प्रगति मानने से नहीं जानने से होगी; मान्यताएं अज्ञान है, प्रमाण देखें। **** # 2. ज्ञानमार्ग 1. ज्ञानमार्ग का लक्ष्य ज्ञान प्राप्त करना है; अज्ञान का नाश ज्ञान है; ज्ञान के बाद सभी लक्ष्य अपने आप सिद्ध हो जाते हैं। 2. ज्ञानमार्ग का लक्ष्य किसी अवस्था को प्राप्त करना नहीं है, जो प्राप्त करने का प्रयास हो रहा है उसका नाश हो जाता है। 3. जब तक दूसरे मार्ग पूरी तरह से व्यर्थ न हो जाए, तब तक व्यक्ति ज्ञानमार्ग की ओर नहीं देखता। 4. परम अवस्था तक पहुँचने के कई मार्ग हैं, परन्तु ज्ञानमार्ग सीधा मार्ग है। 5. जिसको संसार एवं मनोशरीर पर प्रभाव या लाभ चाहिए वह दूसरे मार्ग में सफल होगें; ज्ञानमार्ग में केवल इनसे मुक्ति मिलेगी। 6. ज्ञानमार्ग मार्गहीन मार्ग है, इसका अर्थ यह है कि कहीं जाना नहीं है; पहले से घर पर ही हैं। 7. ज्ञानमार्ग में जब सारे स्वप्न दिखा दिए जाते हैं तब सारे स्वप्न तोड़े भी जाते हैं। 8. ज्ञानमार्ग प्रगतिशील मार्ग नहीं है; यहाँ या तो ज्ञान होता है या तो नहीं होता। 9. ज्ञानमार्ग ज्ञान तथा अध्यात्म का अंत है; आत्मज्ञान ही अंतिम है। 10. ज्ञानमार्ग सरलीकरण है; यदि वहाँ कोई जटिलता दिख गई तो वह ग़लत है, विकार है। 11. जो सपने से जागना चाहता है वही ज्ञानमार्ग के योग्य शिष्य है; जो सपने में घूमना चाहता है उसका दूसरा मार्ग है। 12. लक्ष्य मिलने के बाद मार्ग समाप्त होता है; ज्ञानमार्ग में लक्ष्य क्षण भर में मिलता है। 13. ज्ञानमार्ग में उत्तर नहीं आता; प्रश्न ही नष्ट हो जाता है। 14. ज्ञानमार्ग में जो नकारात्मक है उसका महत्व है। 15. ज्ञानमार्ग इच्छापूर्ति का मार्ग नहीं है; जो आवश्यक है वह प्राकृतिक रुपसे हो जाता है। 16. मार्गों का एवं स्तरों का मिश्रण सदैव अज्ञान बढ़ाता है। 17. ज्ञानमार्ग में ज्ञान दान ही सबसे श्रेष्ठ पुण्य कर्म है। 18. ज्ञानमार्ग में अपरोक्ष अनुभव एवं तर्क उपयोग किया जाता है; अवधारणा का प्रयोग माया को जानने में काम आता है। 19. ज्ञानमार्ग में सत्य दिखा दिया जाता है; शब्दों का उपयोग मान्यताओं को नष्ट करने के लिए किया जाता है। 20. ज्ञानमार्ग का विशेषता यह है कि ज्ञान के लिए प्रमाण दिया जाता है; जहाँ प्रमाण नहीं दिया जाता वहाँ प्रमाण लेने का मार्ग दिखाया जाता है। 21. ज्ञानमार्ग में ज्ञानद्वारा ज्ञान को, बुद्धिद्वारा बुद्धि को, साधनाद्वारा साधना को काटा जाता है, साक्षीभाव की साधना भी सभी साधनाएं छुड़वाने के लिए है; अंत में सभी साधनाएं छुड़ायी जाती हैं। 22. पुस्तकें ज्ञानमार्ग पर आधारित हैं, ज्ञानमार्ग पुस्तक पर नहीं। 23. ज्ञानमार्ग में ज्ञान नहीं होता अज्ञान का नाश होता है; अज्ञान का नाश नकारात्मक ज्ञान है। 24. ज्ञानमार्ग में या तो सीधा ज्ञान होता है या नहीं होता; यहाँ धीरे-धीरे ज्ञान पक्का नहीं होता। 25. भक्ति का मार्ग समर्पण का मार्ग है; भगवान या इष्ट की सहायता तथा कृपा से आध्यात्मिक लक्ष्य प्राप्त किया जाता है। 26. जहाँ ज्ञानी पहुँचने का प्रयास कर रहा है वहाँ भक्त पहले से ही बैठा है, क्योंकि वहाँ समर्पण पहले हो गया कि “मैं कुछ नहीं जानता, जो भी है उसकी शरण में हूँ और मैं ऐसे ही प्रसन्न हूँ”। 27. सच्चा भक्त मिलना कठिन है, क्योंकि भक्ति और समर्पण के लिए भी ज्ञान लगता है। 28. सारे मार्ग जहाँ मिल जाते हैं वहाँ परम अवस्था प्रकट है। 29. योगमार्ग का लक्ष्य चित्त को अनुशासित करना तथा शरीर स्वस्थ रखना है। 30. तंत्रमार्ग का उद्देश्य वासनापूर्ति है। 31. पूजा-प्रार्थना भक्ति मार्ग का विषय नहीं है; पूजा तंत्रमार्ग का विषय है। 32. खंडन करके एकीकरण करना ज्ञानमार्ग की विशेषता है। 33. ज्ञानमार्ग में काल्पनिक ज्ञान मना है। 34. ज्ञानमार्ग आनंददायी मार्ग है। 35. ज्ञानमार्ग सरल और सीधा मार्ग है; मार्ग पर चलते हुए कहीं भी चूक हो गयी तो सारा ज्ञानमार्ग विफल हो जाएगा। 36. जो ग़लत है उस पर साधना नहीं हो सकती तथा जो काल्पनिक है वह मार्ग नहीं हो सकता। 37. ज्ञानमार्ग अंत में अपने आप को ही समाप्त करता है; स्पष्टता तब आती है जब सब समाप्त होता है। 38. ज्ञानमार्ग परम अवस्था तक पहुँचने का सीधा मार्ग है; यहाँ ज्ञान तथा अध्यात्म का अंत है। 39. ज्ञानमार्गी के लिए भीड़ भी एकान्त ही है। 40. ज्ञानमार्ग में हर बात, पहले अपरोक्ष अनुभव तथा तर्क के आधार पर सत्यापित होकर ही बाहर आना चाहिए। 41. ज्ञानमार्ग में मूलज्ञान को ३ भागों में बताया जाता है; आत्मज्ञान (मैं क्या हूँ), मायाज्ञान (मैं क्या नहीं हूँ) एवं ब्रम्हज्ञान (एकता/सम्पूर्णता का ज्ञान) होता है, ये तीनों मेरी ओर संकेत करते हैं। 42. ज्ञानमार्ग में नकारात्मक ज्ञान उपयोगी है, नकारात्मक ज्ञान ही अज्ञान का नाश करता है। 43. ज्ञानमार्ग में अपरोक्ष अनुभव एवं तर्क ही ज्ञान के दो साधन है। 44. ज्ञानमार्ग में क्षणभर में ज्ञान होता है, परन्तु गुण के बिना ज्ञान संभव नहीं है। 45. ज्ञानमार्ग विशेष मार्ग है, प्रारम्भ होते ही समाप्त होता है; लक्ष्यहीनता इसका लक्ष्य है। 46. ज्ञानमार्ग हमें मनुष्य बनाता है। 47. जब प्रश्न समाप्त हो जाएँगे तब ज्ञानमार्ग का अंत हो जाता है। 48. ज्ञानमार्ग ऋणात्मक मार्ग है, ज्ञान नहीं मिलता; चित्त शुद्ध होता है, अज्ञान का बादल छँटकर अनुभवकर्ता प्रकाशित होता है। 49. ज्ञानमार्ग में सत्य का उपयोग बौद्धिक तथा तार्किक उपकरण के रूप में ही किया गया है। 50. ज्ञानमार्ग अज्ञेयता के ओर ले जाता है, यही ज्ञानी का लक्ष्य है- जानकर भी न जानना; होना महत्वपूर्ण है, जानना बुद्धि के स्तर की बात है। 51. ज्ञानमार्ग में ज्ञान होने के बाद जब शुद्धीकरण प्रारम्भ होगा तब सारे योग, ध्यान, प्राणायाम, क्रिया, आसन, समाधि सभी वहीं के वहीं हो जाते हैं, सभी मार्ग एक साथ होते हैं। 52. जीवन में प्रभाव के लिए ज्ञानमार्ग में नहीं आते, ज्ञान के लिए आते हैं। 53. ज्ञानमार्ग में बौद्धिक साधना है, जो भी चलता है अंदर चलता है; बाहर कोई साधना नहीं। 54. ज्ञानमार्ग पर अंधश्रद्धा, अंधविश्वास मना है, ज्ञान प्रामाणिक होता है। 55. ज्ञानमार्ग में प्रश्नों का उत्तर नहीं मिलता; प्रश्नों का ही विनाश हो जाता है। 56. ज्ञानमार्ग में कोई भक्ति नहीं है; ज्ञान के प्रति समर्पण है। 57. ज्ञानमार्ग तथ्यों का पहाड़ नहीं देता; इसको निकाल कर रिक्त कर देगा; यदि आप रिक्त नहीं हुए तो आपके लिए ज्ञानमार्ग विफल हुआ। 58. ज्ञानमार्ग में लेनदेन मना है। 59. सर्वनाश का अर्थ मोक्ष है; ज्ञानमार्ग में अंत में मोक्ष की इच्छा भी नष्ट कर दी जाती है। 60. ज्ञानमार्ग में सफलता का मानदंड अज्ञान का नाश है। **** # 3. अज्ञान 1. जब तक मनुष्यता है तब तक अज्ञान है। 2. अहम् अंधकार में सुरक्षित अनुभूत करता है तथा प्रकाश में जाने में अनेक बहाने उत्पन्न करता है; अपना नाश होने के भय से वहाँ जाना नहीं चाहता जहाँ अहम् के लिए संकट है। 3. अज्ञान का नाश महत्वपूर्ण है; अहम् नाश नहीं हो सकता। 4. अज्ञान की विषेशता है कि सामने चमकता हुआ सूर्य हो तो भी अंधेरा ही दिखेगा। 5. जब जीव में “मैं” का जन्म होता है तब वह योग से, वियोग में जाता है, सत्य से दूर हो जाता है; अज्ञान में पड़ जाता है। 6. स्वप्न स्वप्न ही है; स्वप्न को सत्य समझना अज्ञान है। 7. यदि हम माया के ज्ञान को सत्य मानते हैं तो वह अज्ञान है। 8. अज्ञान भी ज्ञान के तरह संयोजित होता है; संयोजित होने का अर्थ सत्य होना नहीं है। 9. यदि स्वयं को जानने में प्रयास लग रहा है तो आत्मज्ञान नहीं हुआ; शाब्दिक ज्ञान आत्मज्ञान नहीं हो सकता। 10. अज्ञान का नाश एक ही वाक्य से संभव है, क्योंकि अज्ञान ताश के पत्तों के घर के समान है। 11. अज्ञान प्रायः सकारात्मक ज्ञान के रुप में पाया जाता है। 12. एक बुद्धिहीन मूढ़ व्यक्ति इतना हानि नहीं पहुँचा सकता जितना एक बुद्धिमान अज्ञानी व्यक्ति पहुँचा सकता है। 13. जिसका अनुभव नहीं होता उसका ज्ञान भी संभव नहीं है; ज्ञान होने के लिए स्मृति में छपना आवश्यक है। 14. अज्ञान का सबसे बड़ा कारण मतारोपण है, जो सामान्य व्यक्ति में आजीवन नहीं छूटता। 15. अज्ञान माया है तथा उसे हटाने की साधना भी माया है; इसलिए साधना से ज्ञान नहीं मिलता। 16. जिसको ज्ञान में शंका है तो उसको ज्ञान नहीं हुआ। 17. जीवन अज्ञान से रचा गया स्वप्न है। 18. केवल अनुभवकर्ता रिक्त/शून्य है; शेष सब अज्ञान से भरा है। 19. ज्ञान संचित नहीं हो सकता, जो संचित है वह अज्ञान है, अर्थात माया का ज्ञान है। 20. अर्धज्ञान अज्ञान से भी ख़तरनाक होता है। 21. अज्ञान का आदि अंत नहीं है; क्योंकि माया अनंत है। 22. ब्रम्ह को जाने बिना "मैं ब्रम्ह हूँ" कहना या स्वीकार/अस्वीकार भाव होना भी अर्थहीन है, अज्ञान है। 23. अज्ञान का अर्थ न जानना नहीं है; अप्रमाणित मान्यताएँ बना लेना, काल्पनिक वस्तुओं को सत्य मान लेना अज्ञान है। 24. रचना रचनाकार को नहीं जान सकता। 25. अज्ञान रोग है तथा उसका उपचार प्रश्न का उत्तर है; औषधि कड़वी होती है। 26. बाल्यकाल में ही हर चीज का बीज पड़ता है; जहाँ पर मान्यताओं का जंगल नहीं बना है वहाँ पर ज्ञान का बीज शीघ्र बढ़ता है। 27. ज्ञान होने के लिए संदेह मिटना आवश्यक है; उत्तर से संतुष्टि नहीं मिली तो शंका और अज्ञान बचेगा। 28. शब्दों की हेराफेरी ज्ञान के लिए ख़तरनाक होती है; अर्थ का अनर्थ कर देती है। 29. मनुष्य बहुत संवेदनशील प्राणी है; जरा सा धक्का से ज्ञान चला जाता है और अज्ञान वापस आ सकता है। 30. अनावश्यक क्षेत्र में बुद्धि को चलाना बुद्धि का दुरुपयोग है। 31. ज्ञान का अंतिम पड़ाव समर्पण है; ज्ञान के बाद समर्पण आता है, यदि नहीं आया तो ज्ञान नहीं हुआ। 32. शाब्दिक ज्ञान का फल शब्दों का पर्वत है, सही ज्ञान का फल सही कर्म है। 33. ज्ञानी तो कोई पैदा नहीं होता; जीव का प्रारम्भ अज्ञान से ही होता है। 34. शब्दों से ज्ञान नहीं होगा, शब्द अनुभव की ओर संकेत करते हैं; उसको अपरोक्ष अनुभव से सत्यापित करने से ही ज्ञान होगा। 35. जब सत्य का ज्ञान होता है तभी कल्पना का कोई अर्थ है, नहीं तो काल्पनिक ज्ञान हानिकारक है। 36. तथ्य प्रायः सकारात्मक होता है एवं परिवर्तित हो सकता है, किंतु ज्ञान नकारात्मक है; नहीं बदलता। 37. बच्चों की तुलना में बड़ों को ज्ञान देना कठिन कार्य है; बड़े सूखी हुईं लकड़ी की तरह हैं, टूट सकते हैं, किंतु मुड़ नहीं सकते। 38. बच्चों को झूठ और ग़लत नहीं सिखाना है; जिज्ञासु बनाए रखना चाहिए। 39. ज्ञान अपरोक्ष होना चाहिए, काल्पनिक ज्ञान से साधक का पतन होता है; प्रगति नहीं। 40. मूलज्ञान के बिना कोई ज्ञान होना संभव नहीं। 41. विस्मृति इतनी गहरी है कि विस्मृत होने का ज्ञान भी नहीं है। 42. जिसको रिक्त होने का साहस है उसी को ज्ञान हो सकता है,जो रिक्त होने से भयभीत हो गया उसको ज्ञान नहीं होता। 43. जो लोग शब्दों और तथ्यों का पर्वत जमा कर रहे हैं वे शब्दकोष बन जाएँगे; ज्ञानी नहीं। 44. शब्द के काल्पनिक अर्थ बनाना मार्ग से भटकना है। 45. सूचना केवल ज्ञान की ओर संकेत करती है, ज्ञान के बिना सूचना विकार मात्र है; निराधार सूचना के कारण भ्रम उत्पन्न होता है। 46. ज्ञान अनुभव से होता है, बुद्धि तो अर्थ का अनर्थ भी कर सकती है। 47. ज्ञान बहुत सरल है; अज्ञान की कोई सीमा नहीं है, बहुत जटिल है। 48. दो प्रकार के लोगों को कोई प्रश्न नहीं आते, एक वह जिसको सम्पूर्ण अज्ञान है तथा समझता है कि "मैं सब कुछ जनता हूँ या मैं निकम्मा हूँ कुछ नहीं जान सकता" और एक वह जिसको सम्पूर्ण ज्ञान है। 49. प्रश्न सही या अनुचित नहीं होते; उन प्रश्नों के पीछे जो मान्यता छिपी है वह उचित या अनुचित हो सकती है। 50. व्यक्ति अपनी बुद्धि के स्तर के अनुसार ही सत्य को समझता है और परिभाषित करता है। 51. ज्ञान शब्दों से नहीं होता; मीठा शब्द पर एक पुस्तक लिखी जा सकती है परन्तु मीठा चखने पर ही पता चलेगा। 52. शाब्दिक संचार तब ही समझ में आएगा जब शब्दों से संबंधित विषय का अनुभव हुआ हो। 53. जब ज्ञान होता है तब प्रश्नों का स्थान उत्तर ले लेता है। 54. बिना प्रमाण नकारने से ज्ञान नहीं होगा; जिसको नकारा गया है, मिथ्या कहा गया है वह क्यों नहीं है इसका जड़ तक जाकर अनुसंधान करना चाहिए। 55. जब उलझन होती है तो विषय को सटीक बनाना आवश्यक है। 56. ज्ञान शाब्दिक नहीं होता, अनुभव से होता है; उस अनुभव को कोई भी नाम दिया जा सकता है। 57. शास्त्रों से ज्ञान नहीं होता, शास्त्रों में ज्ञान होता है जो आपके अनुभव की ओर संकेत करता है, अनुभव दिलाता नहीं। 58. शब्द तार्किक न लगे, अपने अनुभव में सही न लगे तो अर्थ ग़लत है; जहाँ से शब्द आया है वहीं अर्थ खोजना चाहिए। 59. मान्यताएं नकली नोट की तरह हैं, कोई मोल नहीं; ज्ञान स्वर्ण की तरह है, मिलना कठिन है, अनमोल है। 60. शिक्षित होने में और ज्ञानी होने में आकाश-ज़मीन की भिन्नता है। 61. बुद्धि के दुरुपयोग से शिक्षित ही शोषण करता है, रक्षक ही भक्षक हो सकता है। 62. सभी मान्यता नष्ट करने के बाद सरलता बचती है; जटिलता धुल जाती है। 63. अज्ञान का नाश संभव है; ज्ञान संभव नहीं, अज्ञान का अभाव ही ज्ञान है। **** # 4. ज्ञान 1. ज्ञान नकारात्मक होता है; अज्ञान का नाश ही ज्ञान है; नकारात्मक ज्ञान ही सत्य तक पहुँचाता है। 2. अनुभवकर्ता के अनेक नाम हैं, जिस प्रकार का अज्ञान आता है, अनुभवकर्ता को उस प्रकार का नाम देकर उस मान्यता को तोड़ दिया जाता है। 3. अनुभवों का संयोजन ज्ञान है जो स्मृति में एक वृत्तियुक्त संरचना के रुप में चलता है। 4. ज्ञानवृत्ति मूलभूत है जो सभी जीवों में होती है, परन्तु विकसित जीवों में जटिल हो गयी है। 5. ध्यान की दिशा इंद्रियों से हटाकर इंद्रियों के स्वामी की ओर ले जाते ही अज्ञान, ज्ञान में बदल जाता है। 6. ज्ञान में सत्य/असत्य नहीं होता, ज्ञान केवल ज्ञान होता है; सत्य का भी ज्ञान होता है और असत्य का भी ज्ञान होता है। 7. वह जानना चाहिए जिसको जानने से जानने के लिए शेष कुछ नहीं बचता; वही सबसे सरल भी है। 8. ज्ञान सब के लिए है, सत्य जानना सभी का जन्मसिद्ध अधिकार है। 9. ज्ञान में कोई छोटा बड़ा नहीं होता, सब बराबर है। 10. परम सत्य तक पहुँचना हो तो ज्ञान के बहुस्तरीय चरण के अनुसार चलना पड़ता है। 11. ज्ञान उत्तरजीविता पर निर्भर नहीं है; ज्ञान के लिए मानवता के परे जाना होता है। 12. बुद्धि अनेक योग्यताओं का समूह है; ज्ञान बुद्धि में होने वाली छोटी सी वृत्ति है। 13. हर परत में बुद्धि होती है, कोशिकाओं का बनना बिगड़ना इसका उदाहरण है। 14. ज्ञान से बुद्धि मिलती है, बुद्धि से विवेक और विवेक से चेतना। 15. विज्ञान भौतिक जगत से संबंधित सीमित सैद्धांतिक विषय है; यहाँ सापेक्षिक सत्य होता है, परिकल्पना तथा प्रयोग का परिणाम दिखाया जाता है। 16. ज्ञान के बाद जो भी प्रश्न आएगा, उत्तर शब्दों में नहीं प्रमाण के साथ आएगा। 17. ज्ञान व्यक्ति को नहीं होता, व्यक्ति तो एक यंत्र है, ज्ञान तो बस होता है; स्मृति में संस्कारों के रूप में संग्रहित होता है। 18. माया में जो अनुभव किया जा सकता है उसी का ज्ञान हो सकता है। 19. सभी अनुभव पहले से ही माया है तो उन पर आधारित ज्ञान भी मिथ्या है, आधारहीन है। 20. अस्तित्व में जानने और न जानने के लिए कुछ भी नहीं है। 21. जीव एवं वनस्पति के हरेक कोशिका में अपना व्यवस्थिकरण स्वयं करने का ज्ञान संग्रहित है। 22. तर्क का प्रयोग मान्यताओं का खंडन करके अज्ञान हटाने में सहायक है। 23. अज्ञान नाश के बाद जब जानने के लिए कुछ नहीं बचता; वही अंतिम है। 24. ज्ञान से भाषा शुद्ध होगी तथा भाषा से ज्ञान शुद्ध होगा। 25. एकता का ज्ञान तब होता है जब द्वैत की मिथ्या देखी जाती है। 26. आत्मज्ञान अहम् की मिथ्या का ज्ञान करवाएगा; ब्रम्हज्ञान अहम् की सर्वव्यापकता का ज्ञान करवाएगा। 27. आत्मज्ञान आधा ज्ञान है तथा ब्रम्हज्ञान सम्पूर्ण ज्ञान है; ब्रम्हज्ञान सम्पूर्णता से शून्य तथा शून्य से सम्पूर्णता की यात्रा है, शून्य से प्रारंभ होकर शून्य में समाप्त। 28. आत्मज्ञान के बाद जगत तथा जागृति भी स्वप्न के समान लगता है। 29. आत्मज्ञान न उच्च अवस्था है न नीची; सबसे सरल अवस्था है। 30. आत्मज्ञान खोजना चाहिए आत्मज्ञानी नहीं; आत्मज्ञानी कोई नहीं मिलेगा। 31. अस्तित्व को अनंत अनुभव ही हो रहा है, परंतु अनंत ज्ञान नहीं हो रहा। 32. अनंत ज्ञान नहीं हो सकता, क्योंकि उसके लिए अनंत स्मृति होनी चाहिए जो जीव में संभव नहीं। 33. सीमित करने के बाद ही अनुभव का अर्थ होता है; उसी को ज्ञान कहेंगे; सीमित करने का माध्यम इंद्रिय है। 34. अपरोक्ष अनुभव को तर्क के तराज़ू में तौलकर ज्ञान प्रमाणित किया जाता है। 35. ज्ञान के लिए अपरोक्ष अनुभव तथा तर्क का प्रयोग ही मूल मंत्र है। 36. इंद्रियों से जो अनुभव मिलता है उसी से ज्ञान होता है। 37. जब तक प्रमाण नहीं मिलता तब तक प्रश्न आते रहेगें; प्रमाण मिलने पर प्रश्न समाप्त होते हैं; प्रमाण स्वयं लेना होगा। 38. शंका का समाधान होना तथा हार मानकर शंका को हटा देना अलग-अलग बात है। 39. जो ज्ञान को सँभाल कर रखना चाहता है वह स्वयं मिथ्या है। 40. ज्ञान नहीं होता; लीला होती है। 41. जब जागेंगे आँख खुलेगी, तब सब छूटेगा। 42. जानना न जानना, ज्ञान/अज्ञान मनुष्य निर्मित धारणा है। 43. मंदिर निर्माण का लक्ष्य ज्ञान देना है, इसलिए मंदिरों में ज्ञान के विभिन्न प्रतीक और चिन्ह मिलते हैं। 44. ज्ञान मंदिर ही आपका मंदिर है। 45. स्वप्न को जान लेना ही, स्वप्न से जागना है। 46. ज्ञान के बाद जो हो रहा है वह प्रकाशित होता है; कुछ जादू या चमत्कार नहीं होगा। 47. आध्यात्मिक ज्ञान संसार से निर्वाण के लिए है; संसार में इसका कोई उपयोग नहीं। 48. जो ज्ञात है वह अभी जाना जा सकता है। 49. ज्ञान एवं मार्ग तो नौका की तरह है, किनारे पहुँच गए तो छोड़ देना है, पकड़ के नहीं घूमना चाहिए। 50. ज्ञान के लिए सबसे बड़ी बाधा अहम् है, क्योंकि ज्ञान होने के बाद अहम् गिर जाता है; अपना पतन कोई नहीं चाहता। 51. अनुभवकर्ता का ज्ञान प्रयास से नहीं होता है। 52. जो है वह हो जाना, ज्ञान है। 53. ज्ञान के लिए कहीं जाना नहीं है, कुछ करना नहीं है; रिक्त होना है। 54. जानने के लिए अर्थ का अन्वेषण आवश्यक है तथा उसको अपरोक्ष रुपसे जीना आवश्यक है। 55. ज्ञान के लिए शब्दों के परे जाना होता है; जिसको ज्ञान है वह नि:शब्द है। 56. ज्ञान का क्रय-विक्रय नहीं होता, ना ही ज्ञान किसी के नियंत्रण में है। 57. जो भी होता है, कुछ न कुछ शिक्षा देकर जाता है। 58. शब्दों का अर्थ होता नहीं; अर्थ दिया जाता है। 59. शेष कुछ ना बचना (शुद्धता) ही ज्ञान है। 60. एकता का ज्ञान स्वप्रमाणित है, इसको प्रमाणित करने के लिए यहाँ दूसरा कोई नहीं है। 61. ज्ञान में स्मरण रखने का कुछ नहीं है, समझने का है, देखने का है। 62. अज्ञात को ज्ञात में परिवर्तित करने की विधि प्रयोग है। 63. उपमा समझाने के लिए है; द्रष्टा को नहीं देख पाएंगे; अतः जिस को हम देख पाते हैं उसका आश्रय लेकर बुद्धि को शांत करने के लिए उपमाओं का प्रयोग किया जाता है। 64. जब तक घटित न हो जाए या प्रयोग न किया जाए तब तक माया का ज्ञान नहीं हो सकता; सत्य का ज्ञान अभी होता है, उसके लिए कोई विशेष घटना होना आवश्यक नहीं है। 65. "मैं" शब्द ज्ञान के पहले अहम् की ओर तथा ज्ञान के बाद अनुभवकर्ता की ओर संकेत करता है। 66. ज्ञान के बाद, उसी ज्ञान के अनुसार अपने सोच विचार को आगे ले जाना चाहिए। 67. परम ज्ञान अज्ञान का अभाव मात्र है; ज्ञान होने का अर्थ कुछ नया नहीं मिलता; जो जाना था, वह असत्य जान लिया जाएगा। 68. जैसे अज्ञान मिथ्या है वैसे ज्ञान भी मिथ्या है; इसलिए आता-जाता है; जो सत्य है वह आता-जाता नहीं, नित्य है। 69. अनुभवकर्ता होने में तथा अनुभवकर्ता का ज्ञान होने में बहुत भिन्नता है। 70. ज्ञान के लिए जागृत अवस्था आवश्यक है। 71. माया का ज्ञान अनंत है एवं भ्रामक है; माया का ज्ञान भी माया है। 72. माया में हर प्रश्न का उत्तर भी मायावी ही होता हैं; एक से एक सुंदर उत्तर के साथ विज्ञान सामने खड़ा कर देगी माया, किंतु वह मायावी ही होगा। 73. मायावी जगत में जीने के लिए मायावी ज्ञान ही काम आता है। 74. माया का अध्ययन करने का शास्त्र विज्ञान है; इसके लिए वैज्ञानिक बुद्धि, अपरोक्ष अनुभव तथा तर्क आवश्यक है। 75. ज्ञान या अज्ञान का कोई स्त्रोत नहीं है; या फिर सभी का स्त्रोत “मैं” स्वयं हूँ। 76. बुद्धि तब मौन हो जाती है जब अधिकतर प्रश्नों का उत्तर मिल जाता है। 77. वर्षों वर्ष पुराना अंधकार भी दीया जलाते ही क्षणभर में प्रकाशित हो जाता है; वैसे ही ज्ञान केवल धारण करना पड़ता है और वह प्रसारित होता रहता है। 78. तत्व का ज्ञान हटाने से होगा; जोड़ने से नहीं। 79. जैसे सूर्य दिन में एक ही बार निकलता है वैसे ज्ञान भी जीवन में एक ही बार होता है। 80. ज्ञानी की पहचान संसार से उपरति है। 81. विरोधाभासों का समाधान करके, विरोधाभासों से निकल कर ही विरोधाभास समाप्त हो जाता है। 82. ज्ञान को ज्ञान से, बुद्धि को बुद्धि से काट दिया जाता है, बुद्धि का उपयोग बढ़ाने के लिए नहीं घटाने के लिए होना चाहिए। 83. ज्ञान के लिए पिछले अनुभव में क्रमबद्ध तथा सुसंगठित संयोजन होना चाहिए, केवल इंद्रियो की क्षमता बढ़ाने से काम नहीं चलता। 84. ज्ञान के बाद संघर्ष समाप्त होता है, प्रश्नोत्तर समाप्त होते हैं, प्रश्न आते हैं तो उत्तर के साथ आते हैं; यह समर्पण की अवस्था है। 85. जो स्वयं को जान गया वह सब कुछ जान गया। 86. सीखना ज्ञान नहीं है; मुझे मेरा सत्य याद आना ज्ञान है। 87. मूलज्ञान के पश्चात् ही मायाज्ञान में जाना उचित है। 88. बुद्धि मिथ्या पर आधारित है, अतः मिथ्या को ही समझ पाती है; सत्य को नहीं। 89. स्मृति में अनुभवों का जो अनुचित संबंध बना है उनको हटाना ही आत्मज्ञान है। 90. अहंकार को मृत्यु का भय है; आत्मज्ञान अहम् नहीं होने का ज्ञान है। 91. अंधकार की अवस्था से प्रकाश की अवस्था में आना, अज्ञान की अवस्था से ज्ञान की अवस्था में आना, एक प्रकार का मृत्यु है। 92. मैं सत्य हूँ शेष सब मिथ्या है, मेरा ही रुप है; यही सम्पूर्ण ज्ञान है। 93. ज्ञान वहाँ है, जहाँ आप हैं। 94. न ज्ञान को न पकड़नेवाला है न छोड़नेवाला है। 95. कृपा से ही ज्ञान की इच्छा आती है। 96. शब्दों का प्रयोग जो अज्ञेय है उसको भाषा के माध्यम से जानने का प्रयास है। 97. जीवन मनुष्य में प्रकाशित है, वह प्रकाश सही स्थान पर पड़ना चाहिए। 98. ज्ञान स्मरण करना तथा भूलना चित्तवृत्ति है। 99. ज्ञान स्मरण का अर्थ शून्य स्वरुप में स्थित होना है; ज्ञान का विचार लाना या ज्ञानवृत्ति चलना नहीं। **** # 5. सत्य और असत्य **सत्य और असत्य** 1. अस्तित्व में न कुछ सत्य है, न कुछ असत्य है; जो है सो है; द्वैत में ज्ञान तथा कर्म के लिए सत्य/असत्य का विभाजन किया जाता है। 2. अस्तित्व में कुछ भी विशुद्ध/अशुद्ध (असल-ख़राब) नहीं है, जिसने असत्य को सत्य मान कर विशुद्ध/अशुद्ध मान लिया, वह उसका अज्ञान है। 3. व्यवहारिक सत्य व्यक्तिनिष्ठ एवं सापेक्षिक है, जब व्यक्ति तथा दर्शन में परिवर्तन होता है तब सत्य में भी परिवर्तन होता है। 4. माया में सत्य मनगढ़ंत वर्गीकरण है; सत्य का कोई यथार्थ नहीं है, कोई आधार नहीं है; मार्ग, परंपरा, परिस्थिति, संदर्भ, स्तर आदि के आधार से सत्य में परिवर्तन होता है। 5. परम अवस्था में पहुँचकर सत्य/असत्य दोनों को छोड़ दिया जाता है; अद्वैत में सत्य/असत्य दोनों है, दोनों नहीं है, विलीन है। 6. सत्य या मिथ्या बोल देने से नहीं होता; स्वयं के अनुभवद्वारा प्रमाणित करना पड़ता है। 7. परम सत्य हर संदर्भ में अपरिवर्तनशील है; व्यवहारिक सत्य संदर्भों के अनुसार परिवर्तित होता है, व्यक्तिनिष्ठ है, जितने व्यक्ति उतने सत्य। 8. उपयोगिता के आधार पर जहाँ जो उपयोगी होता है सत्य का वैसा मानदंड बना लिया जाता है। 9. सत्य/असत्य मनुष्य निर्मित धारणा है। 10. अध्यात्म में सत्य स्वयं खोजना पड़ता है; अधिक लोगों की सहमति होने से असत्य सत्य नहीं हो सकता। 11. सत्य जाता नहीं कभी; जो परिवर्तन हो गया वह है नहीं। 12. मिथ्याकरण से जिसकी खोज हुई थी वह मिथ्या प्रमाणित हो गयी तो छोड़ दी जाएगी; अन्यथा सत्य की खोज चलती रहेगी। 13. जो अपना सत्य स्वरूप जान गया है वह अपने मिथ्या स्वरूप को भी जान जाएगा। 14. व्यवहारिकता में जो काम आ जाए वही सत्य है, द्वैत में अनुभवकर्ता सत्य है तथा अद्वैत में सत्य/असत्य का भेद समाप्त हो जाता है। 15. सत्य जानने के लिए उत्तरजीवीता के परे जाना पड़ता है; जो उत्तरजीविता तक सीमित है, उनको याद भी नहीं आएगा सत्य जानने का। 16. सत्य/असत्य बुद्धि ने निर्मित किया है; ये अद्वैत तक पहुँचने की सीढ़ी है; जब अद्वैत पर पहुँचते हैं तो बुद्धि के सारे प्रयास को छोड़ देना पड़ता है, अब वह अर्थहीन है। **व्यवहारिक सत्य/विसत्य/असत्य** 1. व्यवहारिक सत्य को हम विसत्य कहते हैं; व्यवहारिक सत्य और असत्य में कोई भेद नहीं है; असत्य को ही व्यवहारिक सत्य कहा गया है। 2. सत्य के धरातल में ही असत्य प्रकट होता है। 3. जब तक सत्य का ज्ञान नहीं होता तब तक जागृति नहीं होती। 4. अवधारणा वह होती है जो असत्य सिद्ध हो जाए। 5. जीवन सत्य/असत्य पर निर्भर नहीं है, चलता रहता है। 6. व्यवहारिक सत्य मनगढ़ंत है, सत्य/असत्य का कोई नियम नहीं है। 7. सत्य केवल अनुभवों का वर्गीकरण है, इसलिए ज्ञानी सत्य/असत्य को लेकर कोई वादविवाद नहीं करता। 8. सत्य को याद नहीं करना पड़ता, आँखों के सामने होता है, किंतु झूठ याद रखना पड़ता है; एक झूठ सिद्ध करने के लिए सौ झूठ बोलने पड़ते हैं। 9. असत्य सर्वत्र है; सत्य प्रयास से नहीं मिलता। 10. प्रयोग द्वारा सिद्ध हुई परिकल्पना कभी भी परिवर्तित हो सकती है, अतः सिद्धांत सत्य नहीं होता। 11. अस्तित्व में कुछ घटनाएँ नियमित होती हैं; नियमित होना सत्य का मानदंड नहीं है। 12. मिथ्या अनुभव हो सकता है किंतु सत्य अनुभव नहीं हो सकता। 13. नियम के कारण सत्य प्रतीत होता है। 14. नियम सत्य का अच्छा मानदंड है, किंतु नियम भी प्रतीति ही है। 15. सत्य बोलना चाहिए किंतु अप्रिय सत्य नहीं बोलना चाहिए; अप्रिय सत्य को हास्य या अन्य कोई उपाय से मधुर करके बोलना चाहिए। 16. सत्य के संदर्भों के अनुसार विभिन्न स्तर होते हैं; जिस स्तर पर बात होती है उस स्तर पर वही सत्य होता है, अतः सभी स्तरों का सत्य जानना आवश्यक है। 17. जब तक अज्ञान है तब तक जो इंद्रियों से मिला है वही सत्य मान लिया जाएगा। **सत्य** 1. सत्य द्वैत के स्तर पर ही परिभाषित है, इसलिए सत्य कहें या परम सत्य कहें द्वैत में ही है। 2. शब्दों के पीछे कोई सत्य नहीं है और सत्य के पीछे कोई शब्द नहीं है। 3. जिसमें परिवर्तन नहीं होता है वही सत्य है, परम सत्य के स्तर पर केवल इतना ही ज्ञान होता है। 4. परम सत्य एक ही है, जिसको केवल अपरिवर्तनशीलता के मानदंड पर जाँच किया जाता है। 5. सत्य अटल है, नित्य है, किसी पर निर्भर नहीं है, सत्य का आधार स्वयं सत्य ही है। 6. सत्य को अनुभव द्वारा नहीं जाना जाता। 7. सत्य वह काँटा है जिसके सहयोग से मिथ्या के काँटे को निकाला जाता है और दोनों काँटे को त्याग दिया जाता है। 8. सत्य कठोर अवश्य होता है किंतु कठिन नहीं होता, सरल होता है; परम सत्य का मानदंड कठोर होता है। 9. परिवर्तनहीन स्मृति में संयोजित नहीं हो सकता, अतः सत्य का ज्ञान नहीं हो सकता; सत्य हुआ जाता है, क्योंकि “मैं” स्वयं सत्य हूँ। 10. सत्य सबसे सरल है; सबसे सामान्य और सबसे अद्भुत भी यही है। 11. सत्य को अनुभव के रूप में देखने की इच्छा मनुष्य का स्वभाव है। 12. सत्य विश्वास का विषय नहीं, प्रमाण सत्य है, स्वयं का अनुभव सत्य है। 13. सत्य बहुत सरल है, किंतु उस स्तर तक पहुँचने के लिए अज्ञान का पर्वत खोदना कठिन है। 14. भाषा के द्वारा सत्य को नहीं दिखाया जा सकता; सत्य होना पड़ता है, सत्य होने के लिए असत्य त्यागना आवश्यक है। 15. सत्य जानने का अर्थ ये है कि जो दिख रहा था वह हट गया। 16. ज्ञान के बाद केवल सत्य बचता है; शेष प्रतीति मात्र है। 17. शून्यता ही अनुभव है; यही सत्य है, यही मिथ्या है। 18. सत्य अप्रकट है; जो अप्रकट है उसका रुप नहीं होता, रुप केवल प्रतीत होता है। 19. सत्य का अर्थ ही एक है, एक से अधिक सत्य होना संभव नहीं; क्योंकि दो या अधिक में से कौन सा सत्य है? ये प्रश्न आएगा। 20. सत्य का ज्ञान अनुभव द्वारा नहीं, बल्कि होकर होता है। 21. तत्व और सत्य एक ही है। 22. सत्य किसी और के कह देने से सत्य नहीं होता, स्वयं प्रमाणित करना आवश्यक है। 23. सभी को अपना सत्य स्वयं जानने की स्वतंत्रता है। 24. जो स्वयं के अनुभव में नहीं है, उसको सत्य नहीं मानना चाहिए; प्रमाण अपरोक्ष अनुभव से ही मिलता है। **** # 6. तत्व/आत्मन/अनुभवकर्ता/द्रष्टा/मैं **तत्व** 1. जिसको अस्तित्व का अर्थात स्वयं का अनुभव होता है, वही अनुभवकर्ता है; यही तत्व है। 2. तत्व होने तथा तत्व ज्ञान होने में आकाश-ज़मीन की भिन्नता है। 3. तत्व एक है, सभी वस्तुएं उसी में प्रकट है; सर्वत्र वही व्याप्त है। 4. शब्दों तथा धारणाओं के परे तत्व है। 5. जब तत्व खोजने जाते हैं तो कुछ नहीं मिलता; फिर भी वह है; इसी को शून्यता या निर्गुणता कहते हैं। 6. जो तत्व है उसको किसी भी विधि, प्रक्रिया या पदार्थ से नहीं बनाया जा सकता। 7. मूल तत्व किसी भी पराभौतिक-परामानसिक स्वरूप या कोई भी अनुभव में नहीं होता। 8. कभी नहीं बदलने वाला सत्य स्वरूप ही तत्व है। 9. आत्मज्ञान अनुभव का त्याग नहीं है; आत्मज्ञान में तत्व को जानने के लिए अनुभव को हटाया जा रहा है। 10. सभी अनावश्यक हटाने पर जो निर्गुण स्वरूप या शून्यता दर्शाने वाला मूल तत्व शेष रह जाता है; यही आत्म-साक्षात्कार है। 11. जो पहले से है उसको लाया नहीं जा सकता। 12. जो मूल है वह मूल ही रहेगा, मूल को किसी और प्रकार से प्रमाणित नहीं किया जा सकता। 13. मूल के पटल पर सभी अनुभव आकर चले जाते हैं; जिसके परे नहीं जाया जा सकता, वही मूल है। **आत्मन/अनुभवकर्ता/द्रष्टा** 1. आत्मन ही ब्रम्हन है; मेरा ना होना ही सब कुछ होना है। 2. कोई कभी आत्मन नहीं बन सकता; क्योंकि वह आप पहले से हैं। 3. आत्मन किसी वस्तु/चीज के अंदर/बाहर नहीं है। 4. आत्मन में स्वामित्व की कोई भावना नहीं। 5. आत्मन को किसी भी इंद्रियों से या इंद्रियों के बिना, किसी भी प्रकार से अनुभव नहीं किया जा सकता। 6. अनुभवकर्ता मृत से भी मृत तथा सजीव से भी सजीव है। 7. अनुभवकर्ता के सारे विवरण नकारात्मक हैं। 8. अनुभवकर्ता परिवर्तनहीन है, स्थायी है; सभी परिवर्तनों का द्रष्टा है। 9. अज्ञान मल है, ज्ञान भी मल है, ज्ञान का अंत होना अनुभवकर्ता का प्रकट होना है। 10. अनुभवकर्ता का ज्ञान नहीं होता; हुआ जाता है। 11. सभी जीवों, अवतारों को आते एवं जाते हुए देखने वाला ही अनुभवकर्ता है। 12. शून्यता को बांधा नहीं जा सकता; अनुभवकर्ता सदैव मुक्त है। 13. अनुभव परिवर्तित होने से अनुभवकर्ता परिवर्तित नहीं होता। 14. अनुभवकर्ता नित्य, सत्य, तथा स्वयं सिद्ध है; स्वयंभू है। 15. अनुभवकर्ता एवं माया शिव-शक्ति का ही नाम है, दोनों एक हैं; दोनों के मिलन से अद्वैत प्रारम्भ होता है। 16. अनुभवकर्ता ही सत्य है; सत्य के लिए कोई प्रमाण आवश्यक नहीं; झूठ को सिद्ध करने के लिए अनेक प्रमाण जुटाने पड़ते हैं। 17. अनुभवकर्ता खंडन करने मात्र से भी सिद्ध हो जाता है; “अनुभवकर्ता नहीं है” यह बात भी अनुभवकर्ता होने का प्रमाण है; नहीं तो यह वाक्य/विचार किसको अनुभव होता। 18. अनुभवकर्ता कोई कारण तथा प्रभाव से नहीं है; शाश्वत है, बिना कारण है, बस है। 19. न अनुभव का स्वतंत्र अस्तित्व है, न अनुभव के बिना अनुभवकर्ता का ज्ञान होता है। 20. अस्तित्व में दो ही वर्ग है-अनुभव एवं अनुभवकर्ता; एक दूसरा कभी नहीं हो सकता। 21. दृष्य तथा द्रष्टा का भेद जानना ज्ञान की पहली सीढ़ी है; अनुभव तथा अनुभवकर्ता एक होते हुए भी अस्तित्व की दो अनन्य श्रेणियाँ हैं, एक दूसरे की श्रेणी में कभी नहीं आ सकते; सत्य असत्य नहीं हो सकता तथा असत्य सत्य नहीं हो सकता; यही दृश्य-द्रष्टा विवेक है। 22. जैसे एक म्यान में दो तलवारें नहीं रह सकतीं वैसे ही मैं एक साथ अहम् तथा आत्मन दोनों नहीं हो सकता; या तो व्यक्ति रहेगा या अनुभवकर्ता रहेगा। 23. अनुभवकर्ता अप्रकट तथा अदृष्य है, किंतु अभी यहीं उपस्थित है। 24. अनुभवकर्ता का कोई आकार नहीं है; सभी आकार उसमें प्रकट है। 25. अनुभवकर्ता सर्वव्यापी है, किंतु किसी भी स्थान में नहीं मिलता; सभी स्थान, आकाश, पूर्णता, शून्यता अनुभवकर्ता के भीतर ही समाता है। 26. कुछ न मिलने से तथा कहीं न मिलने से अनुभवकर्ता को काल्पनिक आयाम देना अनुचित है। 27. अनुभव नहीं होता तो अनुभवकर्ता नाम की कोई चीज़ भी होती है, यह बात स्मृति में संयोजित नहीं होती। 28. अनुभवकर्ता पर अंदर बाहर की धारणा लागू नहीं होती; न शरीर पर है, न सर पर है; न किसी स्थान पर है। 29. अनुभवकर्ता बहुत रहस्यमयी है; कुछ भी करने से अनुभवकर्ता का अनुभव नहीं हो सकता। 30. अनुभवकर्ता कोई वस्तु नहीं है जिसको देखा जा सके, सुना जा सके, समझा जा सके या जाना भी जा सके। 31. अनुभवकर्ता स्मृति का भी साक्षी है, उसी के प्रकाश में स्मृति प्रकाशित है; आत्मज्ञान स्मृति में है; आत्मन स्मृति का द्रष्टा है। 32. अनुभवकर्ता ज्ञान का भी साक्षी है, इसलिए अज्ञेय है। 33. अनुभवकर्ता को होकर जाना जाता है। 34. जिस प्रकार बादलों के आने-जाने से आकाश में कोई प्रभाव नहीं पड़ता, उसी प्रकार कोई भी अनुभव आने-जाने से अनुभवकर्ता प्रभावित नहीं होता। 35. जो प्रकट है, उसी को देखकर बताया जा सकता है कि किस के समक्ष प्रकट है। 36. अनुभवकर्ता को ही सभी अनुभव हो रहा है; जो कोई एक मनोशरीर के माध्यम से हो रहा है वह भी तथा जो अन्य सभी मनोशरीर के माध्यम से हो रहा है वह भी। 37. अनुभवकर्ता वस्तुओं को होने का होना पन देता है; कुछ भी होना तब कह सकते हैं जब उसको होने का होना पन मिले। 38. अनुभवकर्ता किसी रूप में नहीं मिलता, रूप का तो अनुभव हो जाता है, सभी रूपों को देखने वाला जो है, वही द्रष्टा है। 39. अनुभवकर्ता को होने से जाना जाता है, अनुभव करने से नहीं; यह वह नहीं जो जाना जाता है; यह जाननेवाला है। 40. हीरा अपनी क़ीमत नहीं जानता, जौहरी जानता है; अनुभवकर्ता स्वयं को नहीं जानता। 41. अनुभवकर्ता दर्पण की तरह है; जो भी सामने आता है वह दिखाता है। 42. अनुभवकर्ता ज्ञान-अज्ञान रहित है; ज्ञान, अज्ञान पर निर्भर नहीं है; उस को ज्ञान-अज्ञान से कोई लेना देना नहीं है। 43. सर्वव्यापी अनुभवकर्ता है; अहम् नहीं। 44. अनुभवकर्ता किसी स्थान में नहीं है; सभी स्थान अनुभवकर्ता में है। 45. जिसको ज्ञान होता है वह ज्ञाता है; अनुभवकर्ता वह है जो ज्ञान-अज्ञान का भी द्रष्टा है। 46. सागर बूँद को जान सकता है, किंतु बूँद सागर को नहीं जान सकता, ऐसे ही अनुभवकर्ता अनुभव को जानता है; किंतु अनुभव अनुभवकर्ता को नहीं जान सकता। 47. अनुभवकर्ता एवं शरीर का कोई लेना देना नहीं है, अनुभवकर्ता शरीर में प्रकट नहीं है; शरीर प्रकट हुआ है अनुभवकर्ता में। 48. अनुभवकर्ता को सभी अनुभव एक साथ हो रहे है, सीमित हुए बिना ही। 49. अनुभवकर्ता की कोई स्मृति नहीं, वहाँ कुछ छपता नही; जीव स्मृतिद्वारा अनुभव को सीमित करना तथा स्मृति में छपना ही उसका ज्ञान होना है। 50. अवस्था स्मृति की होती है; अनुभवकर्ता अवस्थाओं से परे है। 51. कल्पना का अनुभव करने वाला काल्पनिक नहीं हो सकता। 52. जो व्यापक है वह सबसे छोटा है, जो विराट है वही मामूली है। 53. आत्मन कोई रचना या ढाँचा नहीं है। 54. जिसको मिथ्या प्रमाणित न कर पायें तो वहाँ कुछ है, किंतु क्या है यह जाना नहीं जा सकता, अज्ञेय है। 55. पर्दे पर पर्दा स्वयं प्रकट नहीं हो सकता, उसका मिथ्या रूप प्रकट होता है। 56. पास भी यहीं है, दूर भी यहीं है, लोक भी यहीं है, परलोक भी यहीं है। 57. असीमित का अर्थ इतना बड़ा होना नहीं है कि जो कोई काल्पनिक चीज में नहीं समा सके; असीमित का अर्थ यह है कि किसी भी प्रकार की सीमा लागू नहीं हो सकती; समय, स्थान, रूप, गुण, कारण, प्रभाव, मात्रा, परिमाण आदि समस्त सीमाओं से परे है। 58. द्रष्टा को शब्द में बताया नहीं जा सकता; जानने के लिए शब्दों के परे, बुद्धि के परे जाना पड़ता है। 59. अग्नि से हाथ जलता है यह जानने के लिए एक ही बार छूना पड़ता है; बार-बार नहीं। 60. दर्पण स्वयं की छवि नहीं दिखा सकता, अग्नि स्वयं को नहीं जला सकती, जल स्वयं को गीला नहीं कर सकता, तथा सूर्य स्वयं को प्रकाशित नहीं कर सकता; प्रकाश ही सूर्य है। 61. जो प्रत्येक अनुभव को प्रकाशित कर सके उसको प्रकाशित करने वाला होना असंभव है; वह आधार स्वयं है जो स्वयं प्रकाशित है। 62. स्वयं प्रकाशित को किसी ने अनुभव करके नहीं देखा है; यह केवल निष्कर्ष निकाला गया है; क्योंकि हमें आधार वही मिलता है। 63. अंधेरे में रस्सी साँप जैसा दिखाई देने से रस्सी साँप नहीं हो जाती; रस्सी में साँप दिखना केवल चित्त का प्रक्षेपण है, भ्रम है। 64. एक बार मिट्टी का घड़ा टूट गया तो उसके अंदर के आकाश को, बाहर के आकाश से अलग नहीं किया जा सकता; पानी एक ही है, चाहे वह गिलास में हो या बोतल में। 65. बुद्धि की पहुँच इंद्रियों द्वारा प्राप्त मिथ्या अनुभव तक ही है; गुण रहित, तंमात्रा रहित ज्ञान-अज्ञान रहित को कैसे जाने? 66. मिथ्या को मिथ्या दिखे तो ब्रम्हन को जाना जा सकता है; बुद्धि से परे है, किंतु पूर्णतः अज्ञात नहीं है। 67. जीव जो अपना अनुभव मान लेता है वह चित्त की प्रतिक्रिया है। 68. जो व्यक्त है उसकी मिथ्या जान ली जाती है तो जो अव्यक्त है वह प्रकाशित होता है। 69. प्रकाश है तो छाया है; सूर्य छाया पर नहीं छाया सूर्य पर निर्भर है; सूर्य को देखने के लिए दीया जलाना नहीं पड़ता। 70. छाया की ओर मुँह हो तो सूर्य कैसे दिखाई देगा? सूर्य की ओर मुड़ना चाहिए तब मार्ग दिखाई देगा। 71. धूप के सामने खड़ा होकर दिन या रात का प्रमाण पूछना नहीं पड़ेगा। **मैं क्या हूँ ?** 1. मैं तत्व हूँ; तथा माया भी मैं ही हूँ। 2. मैं जहाँ हूँ वहीं हूँ, मैं कहीं जाता नहीं, मैंने कभी घर छोड़ा नहीं; यात्रा में भटक जाना अज्ञान है। 3. मैं ही प्रार्थना हूँ, प्रार्थना करनेवाला हूँ, मैं ही प्रार्थना सुनने वाला हूँ, मैं ही याचक हूँ, मैं ही दाता हूँ। 4. यदि मैं सब कुछ हूँ तो मैं किसी एक चीज में स्थित नहीं रह सकता; या तो मैं सब कुछ हूँ या तो कुछ भी नहीं हूँ। 5. जिससे जिसका दर्शन होता है वह मैं स्वयं हूँ। 6. मैं स्वप्न द्रष्टा हूँ, स्वप्न की श्रृंखला है, शेष कुछ नहीं है यही ज्ञान का सार है। 7. स्वयं को जानना ही आत्मदर्शन है। 8. मैं अवैयक्तिक हूँ; सार्वभौमिक हूँ। 9. न मैं जीवन हूँ; न मैं जीवन से भिन्न हूँ। 10. मैं ही शून्य हूँ; मैं ही संपूर्ण हूँ; शून्य ही चैतन्य है। 11. कुछ भी मेरा नहीं है; सब कुछ मेरा ही है। 12. मैं निर्गुण, निर्मल और निर्लिप्त हूँ; कुछ भी मुझमें नहीं; फिर भी सगुण रूप मेरी ही छाया है। 13. मेरा जन्म नहीं हुआ, मृत्यु भी नहीं होगी; यह अस्तित्व मुझमें ही जीवंत है। 14. चाहे चित्तवृत्ति हो या न हो, मैं तो सदैव हूँ; मैं जो हूँ उसे कैसे भूल जाऊँ? भूल जाने के बाद भी मैं वही रहूँगा। 15. केवल मैं हूँ जिसको नकार नहीं सकते, किंतु कुछ बोल भी नहीं सकते; शेष सब नकारा जा सकता है। 16. मैं ब्रम्ह पहले से हूँ; जो अहम् का घेरा बना है उसका नाश आवश्यक है; मनोशरीर का भ्रम मिटाना आवश्यक है। 17. जो मैं नहीं हूँ वह होने में प्रयास लगता है, मैं ही मैं हूँ तो प्रयास से कैसै मिल सकता हूँ; जो मैं हूँ वह होने में कोई प्रयास नहीं लगता। 18. मेरी कोई अवस्था नहीं; एक ही अवस्था है-सच्चिदानंद/समाधि; यह कोई अवस्था नहीं है, होना मात्र है। 19. चित्त परिवर्तनशील है, अवस्थाओं से जाता है; मैं नहीं। 20. यदि मैं का तादात्म्य मनोशरीर से है तो सीमित अनुभव ही होगा। 21. "मैं प्रमाण सहित जानता हूँ कि मैं क्या हूँ" यह ज्ञान है; किसी ने कहा है "मैं यह हूँ" यह अंधविश्वास है। 22. मैं कभी पैदा नहीं हुआ, कभी नहीं मरूँगा, मेरा कभी पुनर्जन्म नहीं होगा; जो बार-बार जन्म ले रहा है, वह मैं नहीं हूँ। 23. मैं मेरे ही विभिन्न मायावी रुपों में प्रकट होता हूँ। 24. एक अनुभव को “मैं” मानना तथा शेष अनुभव “मैं नहीं हूँ”- ये मानना अज्ञान है। 25. कोई भी अनुभव मैं नहीं हूँ या सभी अनुभव मैं ही हूँ। 26. जहाँ मैं हूँ, वहाँ शब्द नहीं पहुँचता; मात्र मौन है। 27. जो किसी आधार, धरातल, कारण-प्रभाव या पदार्थ बिना अपने आप प्रक्रट हुआ है, वह स्वयंभू है। 28. “मैं” की स्थिति परिवर्तनशील रहती है; जब ज्ञान होता है तब “मैं” में शुद्धता आती है तथा वह अनुभवकर्ता पर स्थित होता है। 29. कोई भी विचार मेरा नहीं; मुझमें कोई विचार नहीं। 30. जैसे अन्य वस्तुओं का ज्ञान होता है, वैसे स्वयं का ज्ञान नहीं होता, क्योंकि स्वयं का कोई रंग, रुप, गुण आदि नहीं है; स्वयं हुआ जाता है। 31. जैसे पुरुष को पुरुष होने में तथा स्त्री को स्त्री होने में कोई प्रयास नहीं लगता वैसे ही मुझे मेरे होने में कोई प्रयास नहीं लगता। 32. कोई मेरा नहीं है; मैं किसी का नहीं हूँ। 33. ज्ञान के लिए शरीर (उपकरण) आवश्यक है, मेरे होने के लिए नहीं। 34. परिवर्तन शाश्वत है सब कुछ छूट जाता है; मेरा कुछ होता तो छूटता नहीं। **** # 7. नाद/अनुभव/ माया **नाद** 1. हर नाद रचना का मूल नाद है। 2. नाद वृत्त में ही चलता है, नाद में जो चक्रीय परिवर्तन है वह समान है, किंतु उससे जो रचना हुई है वह भिन्न है। 3. जो था ही नहीं वह कहीं नहीं जाता। 4. नाद का स्वभाव है कभी रुकता नहीं; परिवर्तन का स्वभाव है कभी ठहरता नहीं। 5. जब तक नाद संयोजन नहीं होता और परतीय रचनाओं में परिवर्तन नहीं होता तब तक चित्त या स्मृति नहीं कहलाता। 6. सब कुछ अनित्य है, किंतु सभी वृत्त में चलता है, दोहराता रहता है। 7. नाद का स्वतंत्र अस्तित्व नहीं है। 8. नाद में स्थायित्व की क्या प्रक्रिया चल रही है उसके अनुसार उस नादरचना का सृजन और विलय होगा। 9. लय-प्रलय नाद का परिणाम है, यह सभी अनुभवकर्ता की पृष्ठभूमि में होता है। 10. अनियमित अनुभव या घटना पर कोई ध्यान नहीं देता, इसलिए वह असत्य लगता है। 11. नाद का अर्थ ही गति है, पदार्थ को गति देने के लिए ऊर्जा की आवश्यकता नहीं; पदार्थ जड़ है। 12. जो प्रकट है वह मिथ्या है, नाद दोहरी मिथ्या है, क्योंकि वह प्रकट भी नहीं होता; फिर भी सभी अनुभव नाद आधारित है। 13. जो प्रतीत भी नहीं होती और जो माया के ऊपर आरोपित है उसी को दोहरी माया कहते हैं। 14. अनुभवकर्ता के बिना नादका कोई अनुभव नहीं होता, इसलिए अनुभव असत्य है। 15. जो चीज़ प्रत्यक्ष एवं ठोस नहीं होती उसका प्रमाण उसका प्रभाव होता है; जैसे अनुभव ही नाद का प्रमाण है। 16. जो प्रारंभ ही नहीं हुआ, वह समाप्त भी नहीं हो सकता। 17. जो रिक्त है उसी में कुछ भरा जा सकता है। 18. मिट्टी से जब तक मूर्ति नहीं बनती तब तक वह मिट्टी ही है। 19. जो काल्पनिक है वह किसी का कारण या प्रभाव नहीं हो सकता। 20. नाद एक प्रकार का परिवर्तन है, जो उर्जा के रुपमें दिखाई देता है; जो मूलभूत है। 21. ध्वनि ब्रम्हनाद नहीं है, ध्वनि भी एक प्रकार का अनुभव ही है; ब्रम्हनाद मैं स्वयं हूँ। 22. चित्त नाद रचित है एवं नाद चित्त निर्मित है; जिस प्रक्रिया से चित्त की रचना हुई है उस प्रक्रिया को चित्त ने ही निर्मित किया है। 23. परिवर्तन अपरिवर्तनशीलता कहने पर ही हो सकता है। **अनुभव** 1. अनुभव मूलभूत है; अस्तित्व का प्रकट रुप है। 2. अनुभव स्वयं सिद्ध है; "अनुभव नहीं है" यही वाक्य अनुभव होने का प्रमाण है। 3. अनुभव न होने की कल्पना तो कर सकते हैं, किंतु वह कल्पना भी तो अनुभव ही है। 4. मिथ्या का प्रमाण परिवर्तनशीलता है; जो है नहीं, किंतु प्रतीत होता है वह मिथ्या है। 5. परिवर्तन है, इसलिए कुछ भी अनुभव एक जैसा मिलता नहीं; भिन्न ही होता है। 6. जो आता-जाता है वह सत्य नहीं हो सकता; आने-जाने अनेक रुपों में कौन सा रुप को सत्य मानें? सत्य एक ही होता है; अनेक नहीं। 7. निराकार को जानने के लिए साकार का सहारा लेना पड़ेगा। 8. सभी अनुभव एक ही पर्दे पर प्रकट चित्र हैं; विविधता का भ्रम अज्ञान के कारण है। 9. अनंत में से कुछ ही सीमित होता है और स्मृति में छप जाता है, तभी अनुभव होता है। 10. सारे अनुभव स्वप्न के समान है, स्वप्न तो कुछ भी हो सकता है; प्रमाण स्वयं लेना चाहिए। 11. अनुभव कोई भौतिक घटना नहीं है। 12. विभाजन करके ही ज्ञान होता है, इसलिए अद्वैत को द्वैत में विभाजन करना पड़ता है, किंतु सभी अनुभव मानसिक हैं। 13. अनुभव असीमित है, सीमा उपकरण की है, माया की नहीं; क्योंकि मनोशरीर यंत्र सीमित है; इसलिए उसको सीमित अनुभव होता है। 14. जीव को अनुभव का ज्ञान सीमित करने के पश्चात ही होगा। 15. अनुभव होना तथा अनुभव का ज्ञान होना अलग-अलग विषय है। 16. विश्वचित्त में हर अनुभव की संभावना पहले से ही है। 17. जब तक अनुभवकर्ता के सामने नहीं आता तब तक कुछ अनुभव नहीं है। 18. एक तत्व में अनेक नामरूप प्रकट हो सकते हैं। 19. अनुभव असीमित ही है; स्मृति में संग्रहित होकर सीमित ज्ञान होता है। 20. अनुभव तो मौलिक ही है, इसमें ज्ञान तथा अज्ञान की मोहर बाद में लगा दी जाती है। 21. अनुभव जितना सीमित होता है उतना ही ठोस तथा सत्य लगने लगेगा। 22. एक साथ सभी अनुभव आने लगे, तो कुछ भी ज्ञान नहीं होगा। 23. वस्तुओं का अनुभव ही वस्तु है। 24. सभी अनुभव मूलरूप से एक है, मानसिक घटनाएँ हैं, सब कुछ चित्त है। 25. जगत, शरीर, मन, चित्तनिर्मित अनुभव हैं; तन्मात्राएं हैं। 26. सभी अनुभव एक साथ प्रकट होना शून्यता की तरह दिखेगा। 27. कुछ भी होता रहे, कोई भी नामरुप हो, पहले से शून्य है। 28. पराभौतिक वह है जो अनुभव में आता है, किंतु उसका भौतिक पदार्थ नहीं होता। 29. जो बदल गया वह न था, न है, न रहेगा; सभी अनुभव ऐसे ही है। 30. मनुष्य एक के बाद एक होने वाली घटनाओं को कारण-प्रभाव मान लेता है, मूलभूत को भी कारण-प्रभाव में ढूंढता है तथा रोज की घटनाओं को अस्तित्व पर आरोपित कर देता है। 31. अनुभव सदैव द्वैत में ही होता है। 32. कोई चीज जैसी दिख रही है उसका वास्तविक स्वरुप वैसा नहीं होना, प्रतीति है। 33. अनुभव का विभाजन मुख्य ३ रुप से किया जाता है; जगत, शरीर, मन। 34. लहर स्वयं लहर को उत्पन्न नहीं करती, पानी करता है; इसी तरह से अनुभव को अनुभव नहीं हो सकता। 35. अनुभव देश-काल के परे है। 36. कोई अनुभव साधारण या विचित्र नहीं है; माया अपने आप में विचित्र है, सृष्टि की प्रत्येक कृति अपने-आप में अद्वितीय है; अलौकिक ही है। 37. अनुभव चित्तनिर्मित है; अनुभव का अभाव चित्त का अभाव हो जाएगा जो संभव नहीं, किंतु मूल में अनुभव चित्तनिर्मित नहीं है; प्रकट रुप को देखकर चित्तनिर्मित होने की परिकल्पना की जाती है। 38. सीमित अनुभव से ही जीवन संभव है। 39. ज्ञान, स्मृति में अनुभवों का व्यवस्थित तथा तर्कपूर्ण संयोजन है और अनुभव अस्तित्व का प्रकट रूप है। 40. सभी अनुभव चक्रीय हैं; लय/प्रलय भी चक्र में चलता है। 41. बुद्धि शीघ्र परिवर्तित होने वाले (पकड़ में न आने वाले) अनुभवों को मिथ्या तथा धीरे परिवर्तित होने वाले अनुभवों को सत्य कहती है। 42. अनुभव मिथ्या है अर्थात हैं नहीं, केवल प्रतीत होता है; इस में जीव, जीवन, और चित्त स्वयं आ जाते हैं। 43. कारण भी प्रतीत होता है; मिथ्या का कारण मिथ्या ही है। 44. किसी भी चीज़ का विनाश नहीं होता, मात्र रुप बदल जाता है। 45. आकर्षण सुंदरता की ओर होता है, अतः जो व्यवस्थित रचना है हम उसको ही ध्यान देते हैं, शेष सभी को अनदेखा कर देते हैं। 46. जैसे जल भँवर में से बहता हुआ जाता है, वहाँ जल बदलता रहता है, भँवर स्थायी प्रतीत होता है, वैसे ही अनुभव बदलता रहता है, किंतु रचना रह जाती है। 47. अनुभव नियमित इसलिए प्रतीत होते हैं, क्योंकि स्मृति जड़ हो गई है। 48. सभी अनुभव मायावी है और ये अनुभव जीवन के लिए उपयोगी हैं। 49. जीव को सीमित अनुभव होने के कारण उत्तरजीविता संभव है। 50. माया में कुछ भी नया-पुराना नहीं है, थोड़ी-थोड़ी भिन्नता लिए वही-वही प्रकट होता रहता है; जो भूल चुका है उसके लिए नया लगता है। 51. जीवन वृत्ति के लिए नयापन आवश्यक है, इसलिए अनुभव को नया-पुराना माना जाता है; सब एक जैसा है, सब नाद है तो कौन सा नया कौन सा पुराना? 52. चित्त अज्ञान के कारण मिलते जुलते अनुभव को सामान्यीकरण करके पुराना और भिन्न अनुभव को नया मान लेता है। 53. एक जीव में अनंत प्रकार के नाद हो सकते हैं; अनंत प्रकार की आवृत्तियां हो सकती हैं। 54. जीव अनुभव से सीखता है तथा आगे प्रगति करता है। 55. जीव स्वयं एक अनुभव है; अपने-आप में एक लीला है। **माया** 1. माया स्वयंभू है, स्वरचित है। 2. सभी अनुभव परिवर्तनशील भ्रम हैं, स्वप्न की तरह है, इसलिए माया है। 3. सदैव होते रहने से मिथ्या सत्य नहीं हो सकता, मिथ्या ही सदैव है, परिवर्तन भी निरन्तर है। 4. माया अनंत है; कुछ भी प्रकट हो जाएगा। 5. सम्पूर्ण माया एक साथ प्रकट हो जाए तो वही विराट रूप है, किंतु एक साथ देखना संभव नहीं है; थोड़ा-थोड़ा ही प्रकट होता है। 6. माया वह नहीं जो दिखती है। 7. माया में एक संभावना या शक्ति है कि कोई भी नामरुप ले सकती है तथा प्रकट हो सकती है। 8. अपरोक्ष अनुभव से अनुभव बनने की प्रक्रिया नहीं मिलती; यही पता चलता है कि परिवर्तन, स्मृति आदि भी मिथ्या है। 9. मिथ्या का अर्थ यह नहीं है कि कुछ भी नहीं है, मिथ्या का अर्थ जैसा दिख रहा है वैसा नहीं है; उसका वास्तविक रूप नहीं है। 10. जो सत्य नहीं है, तत्व नहीं है; वह सब माया है। 11. सत्य सामने है, उसमें मिथ्या का आवरण पड़ा है, ज्ञान सामने है, उसमें मान्यता का आवरण पड़ा है। 12. माया का ज्ञान संभव नहीं है, क्योंकि वहाँ जानने के लिए कुछ नहीं है। 13. विश्वचित्त की जो ऊर्जा है वही सृष्टि बनाए रखने की ऊर्जा है। 14. मिथ्या, मिथ्या को ही प्रभावित करती है; सत्य को नहीं। 15. अनुभव ही माया है; जो भी प्रकट है वह माया है। 16. अनंत सपना है और स्वप्न द्रष्टा है। 17. माया की सहायता के बिना माया को नहीं जाना जा सकता। 18. माया अकारण है; कारण-प्रभाव मनुष्य के सीमित बुद्धि के कारण प्रतीत होते हैं। 19. माया के ज्ञान के बिना ब्रम्हज्ञान पूर्ण नहीं होता। 20. सारी माया चित्त निर्मित है। 21. तंत्र में माया को सत्य तथा चैतन्य माना जाता है। 22. माया के हर प्रश्न तथा उत्तर भी माया ही है। 23. सत्य माया में नहीं मिलता सत्य स्वयं में है। 24. माया सत्य को लेकर उसको उल्टा करके छाप देती है, इसलिए हमें अनुभव सत्य लगता है। 25. माया के दो ही कार्य है, सत्य छुपाना तथा असत्य दिखाना- आवरण एवं विक्षेप। 26. यदि माया चाहे तो अपने आपको पूरी तरह से छुपा सकती है और माया ही माया का आवरण हटाती है। 27. माया में स्थिरता संभव नहीं है; हर अनुभव या तो ऊपर या तो नीचे की ओर गति करता है। 28. माया में जो कुछ भी मिला है वह सब उधार का है, सकुशल लौटाकर अपने स्वरूप में चले जाना चाहिए। 29. जो मेरा नहीं वह मुझ से छुटेगा भी नहीं। 30. माया में जो होता है उसका प्रमाण लाना बहुत कठिन है; आपका अनुभव ही आपका प्रमाण है। 31. कारण एक अवधारणा मात्र है; सृष्टि का कारण खोजने जाएँ तो अनंत शृंखला बन जाएगी, किंतु मूल कारण नहीं मिलेगा। 32. शून्यता में ही गुणों का अभाव है, माया में तो गुण ही गुण है। 33. लय/प्रलय, सृष्टि तथा विनाश का दूसरा नाम है। 34. सृष्टि और विनाश हर क्षण हो रहा है, ये चक्र क्षणिक से लेकर युगांतकारी भी होता है; ये प्रक्रिया अखंड तथा निरंतर है, इसलिए जब तक सम्पूर्ण विनाश होकर नया सृष्टि नहीं होती, उसको लय/प्रलय नहीं माना जाता। 35. जो निर्माण है वही निर्माता है; रचना ही रचयिता है, रचयिता ही रचना है, अर्थात रचना भी माया और रचयिता भी माया है; अनुभवकर्ता कुछ नहीं करता। 36. माया की बात माया में ही होती है; माया की बात करते समय सत्य को बाज़ू में रखना पड़ता है। 37. चाक़ू को उल्टा पकड़ें तो हाथ कटता है, सीधा पकड़ें तो वस्तुएँ कटती है। 38. जो नहीं है उसको जानना असंभव है, अतः माया को कभी नहीं जाना जा सकता। 39. माया जो चाहे बना सकती है; यदि सत्य होता तो सरल होता, सीमित होता। 40. उद्देश्य सृष्टि के बाहर नहीं, सृष्टि का ही भाग है, अतः सृष्टि का कोई उद्देश्य नहीं मिलता। 41. सृष्टि केवल प्रतीत हो रही है; सच में कोई सृजन या सृष्टि नहीं है। 42. स्वयं संगठन से रचना इतनी जटिल हो जाती कि वह जीव का रूप धारण कर लेती और फिर विलय शुरू हो जाता है। 43. जब तक जो प्रकट है उसको सत्य मान लिया जाता है, तब तक द्वैत नहीं जाता। 44. माया शून्यता को छुपाने का प्रयास है, किंतु वह प्रयास सफल नहीं होता; जब चेतना प्रकट होती है, असत्य दिखता है और सत्य प्रकट होता है। 45. चित्त अनुभव और अनुभवकर्ता में भेद करता है, चित्त ही भेद मिटा देता है; भेद कर देना माया में जाना है और भेद मिटा देना माया से बाहर आना है। 46. दूर के ढोल सुहावने लगते हैं, ऐसी ही माया है। **** # 8. चित्त/स्मृति **स्मृति** 1. अर्धस्थाई नाद ही स्मृति है; जब स्मृति या नादरचनाएँ परतों में जम जाती है तो उस को चित्त कहते हैं। 2. चित्त विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यवस्थित संग्रह है। 3. स्मृति के अंदर का और बाहर आसपास का नाद एक दूसरे को परस्पर प्रभावित करते हैं। 4. आसपास की नाद/रचना स्मृति को इतना प्रभावित कर दे कि वह सम्पूर्ण रुप से बदल जाए तो वह स्मृति नष्ट हो जाएगी और यदि कोई स्मृति के अंदर का नाद बाहर की रचना को प्रभावित करता है तो वह रचना कह दिया जाता है। 5. स्मृतियाँ मिल जाए तो जीव और जीवन संभव नहीं है, इसलिए स्मृतिओं के बीच सीमा बना दी गयी है। 6. विश्वचित्त ही सृष्टि है। 7. चित्त भी अद्वैत का ही भाग है; जो द्वैत है वह अद्वैत में ही प्रकट हो रहा है। 8. चित्त ही नियम है, नियम ही चित्त है; जैसी रचना वैसा नियम; चित्त की अवस्था के अनुसार नियम बदलते हैं। 9. अस्तित्व के नियम नहीं है, चित्त के नियम हैं। 10. चित्त परिवर्तन मात्र है; चित्त में भौतिक नियम लागू नहीं होते, चित्त के नियम लागू होते हैं। 11. एक नियम दूसरे नियम का कारण नहीं हो सकता; एक दूसरे से संबंधित हो सकता है। 12. हम स्मृति के उस क्षेत्र में हैं जहाँ नियम महत्त्वपूर्ण है। 13. अनंत नियम है और अनंत अनियमित भी है। 14. नियमित क्षेत्र में जो भी होता है वह पूर्वनिर्धारित है, स्मृति में संचित है। 15. अस्तित्व में जहाँ अनियमित क्षेत्र है वहाँ पर पूर्वनिर्धारण की धारणा लागू नहीं होती। 16. चित्त परतीय रचना है और हर परत में उसकी एक स्मृति होती है। 17. अभी जो सामने प्रकट है वही विश्वचित्त है; पराभौतिक परामानसिक नादरचनाओं का सागर है; चित्त की कई परतें हैं। 18. चित्त की सारे प्रक्रियाएं चक्र में चलती हैं, इसलिए सात चक्रों को उपमा के रुपमें दर्शाया गया है। 19. जो सबसे उपयोगी वृत्ति है उसको चित्त सामने लाता है। 20. चित्त का स्वभाव है कि जो अनुभव होता है वह अपने आप स्मृति में छप जाता है। 21. चित्त अकेला नहीं है; विश्वचित्त का ही भाग है। 22. विश्वचित्त भी अज्ञान से है; जब तक अज्ञान है तभी तक लीला है। 23. पूरा चित्त विलीन कभी नहीं होगा, जो नहीं है वह जाएगा भी नहीं; घर में भूत नहीं है तो भगाया भी नहीं जा सकता; केवल नहीं है यह ज्ञान से पता चलता है। 24. चित्त अपने लिए हितकारी अनुभव को सकारात्मक और हानिकारक को नकारात्मक रंग से रंग देता है। 25. चित्त को भी स्वयं को बचाने की क्षमता है; इसकी कुंजी चेतना और संकल्प शक्ति है। 26. चित्त की हर परत में स्त्री-पुरुष दोनों गुणों की प्रक्रिया मिलती है, दोनों गुण एक दूसरे के पूरक हैं; अर्धनारीश्वर इसी पर आधारित अवधारणा है। 27. स्मृति में वृत्तियाँ बीज रुप में हैं; बीज में अनंत संभावनाएं हैं। 28. किसी भी स्मृति का अनुभव हो, सीधा अनुभव संभव नहीं है। 29. सभी अनुभव माया है; चित्त के बिना अनुभव संभव नहीं। 30. स्मृति काल्पनिक है, क्योंकि उसका आधार नाद ही, परिकल्पना है; इसमें सत्य नहीं मिलेगा। 31. चित्त के नियम मनुष्य पर या घटनाओं पर निर्भर नहीं है। 32. स्मृति के कारण परिवर्तन नहीं होता; स्मृति के कारण परिवर्तन जाना जाता है। 33. स्मृति हटा दी जाए तो अनुभवों में तार्किक संबंध नहीं बनेगा, कुछ भी नहीं छपेगा; ज्ञान के लिए स्मृति आवश्यक है। 34. जब नादरचनाएँ उपयोगी होती हैं तो विकास कह दिया जाता है; जब अनुपयोगी होती हैं तो पतन कह दिया जाता है। 35. सृजन और विलय वस्तुओं के स्थायित्व के अनुसार होता है; न कि अनुभव करने पर। 36. जब भेद करने वाली चित्तवृत्ति बंद होती है तब योग संभव है। **चित्तवृत्ती** 1. जब स्मृति गति करती है, उसमें प्रक्रिया चलती है तो उसको वृत्ति कहते हैं। 2. चेतना, विचार, भावना आदि चित्तवृत्ति हैं। 3. चित्त, जहाँ प्रकृति चाहेगी वहीं रहेगा; उसको जबरदस्ती हटाकर कहीं ले जाना मूर्खता है। 4. चित्त कभी रुकता नहीं; अनुभवकर्ता कभी चलता नहीं। 5. सृष्टि का सारा प्रपंच मनोमय है, मन जिस तत्व से बना है उसी तत्व से सृष्टि बनी है। 6. मन, शरीर, वस्तु है नहीं; चित्तनिर्मित भ्रम है, धारणा है। 7. मन, शरीर, वस्तु तन्मात्राओं का संग्रह है, वही तन्मात्रा प्रकट है; तन्मात्रा नाद है, परिकल्पना मात्र है। 8. चित्त की परतें केवल सूचना मात्र हैं; इनको प्रकाश, ध्वनि, भावना आदि किसी भी रुपमें देखा जा सकता है। 9. मनोशरीर असीमितता के पर्दे पर सीमित छवि मात्र है। 10. अंतरसंपर्कता का नियम चित्त एक होने के कारण है। 11. चित्त के स्तर से चित्त को नियंत्रित नहीं किया जा सकता; चित्त से ऊपर जाकर चित्त नियंत्रित किया जा सकता है। 12. हर वृत्ति में शक्ति होती है, छोटी सी वृत्ति बड़ा रुप लेती है; स्नायुतंत्र से शरीर में और शरीर से कर्म में बदल जाती है। 13. चित्त को रोकना नहीं, सही चलाना आवश्यक है। 14. चित्त मशीन की तरह है, जैसा भरा गया है वैसा ही चलेगा। 15. चित्त पर नियंत्रण करके, योग्यता विकसित की जा सकती है। 16. स्मृति जितनी सूक्ष्म होगी उतनी धीरे बदलती है; जितनी स्थूल होगी उतनी जल्दी नष्ट हो जाती है । 17. पदार्थ संभावित नाद है; उसका तत्व शून्य आता है। 18. बार-बार प्रतिकृति बनने से स्मृति की रचना स्थायी प्रतीत होती है। 19. स्मृति और संतुलन के कारण स्थायित्व का भ्रम होता है, क्योंकि वही-वही चक्र में दोहराता है। 20. माया में हर चीज परिवर्तनशील है, नश्वर है। 21. स्मृति की तुलना करने से परिवर्तन का ज्ञान होता है। 22. चित्त में चलने वाली प्रक्रियाओं के कारण सभी घटनाएँ व्यवस्थित और नियमित होती हुई प्रतीत होती है; यदि कोई घटना हमेशा वही प्रक्रिया से चलती है तो उसे नियम कहते हैं। 23. स्मृति के बिना कोई अनुभव संभव नहीं है, सारे अनुभव स्मृति की ही तरंगें हैं; वही अनुभव बनके प्रतीत होते हैं। 24. किसी भी वृत्ति का पहला प्रभाव स्मृति पर पड़ता है। 25. स्मृति में जो जमा है वह प्रकट होता रहता है। 26. विचार स्मृति की गूँज है, जैसे स्मृति से अन्य अनुभव प्रकट है वैसे विचार भी स्मृति से प्रकट होता है; उसका अंतिम छोर कहीं नहीं मिलेगा। 27. चित्त में जो भी होता है वह आवश्यक ही होता है। 28. एक रचना दूसरी रचना का निर्माण नहीं करती, नाद स्वयं संगठित होता है और प्रतीत होता है। 29. व्यवहारिकता में जहाँ आवश्यक है वहाँ परिकल्पना कर ली जाती है और किसी द्वारा निर्मित होने की धारणा बना ली जाती है। 30. सभी नादरचनाओं मे जीवित रहने का संघर्ष अपने आप चलता है। **अवस्था** 1. जब तक अज्ञान है तब तक सारी अवस्थाएं, लोक, वृत्तियाँ, संसार, जीव आदि सब कुछ है; अज्ञान नहीं है तो केवल शून्यता में अनंत संभावनाएं हैं। 2. सभी अवस्थाएं माया की हैं, चित्त की हैं, अवस्थाएँ मेरी नहीं; यहाँ केवल स्वप्न है और स्वप्न द्रष्टा है। 3. चित्त की अवस्था का मूल एक ही है; या तो प्रवृत्ति या निवृत्ति रहेगी। 4. चित्त की अवस्था को बदलने की क्षमता सभी को है, ये प्रकृति की देन है। 5. सम्पूर्ण अस्तित्व की अभी की अवस्था निद्रा की है; विश्वचित्त का स्वभाव निद्रा का है। 6. निद्रा ही वह अवस्था है जिसके आधार पर सभी अवस्थाएँ टिकी हुई हैं। 7. समस्त रचनाएँ तथा सारे स्वप्न निद्रा के पृष्ठभूमि में ही होते है। 8. अज्ञान के कारण अवस्थाओं में भेद दिखाई देता है; जब जागृति से जागेंगे सब अवस्थाएं बराबर है। 9. जाग्रत, स्वप्न, सूक्ष्म, निद्रा, मृत्यु आदि सभी अवस्थाएँ चित्तवृत्ति है। 10. स्वप्न जाग्रत है, जाग्रत स्वप्न है; सब अनुभवकर्ता के पटल पर चलती हुई माया है। 11. अध्यात्म में दूसरी अवस्थाओं और विचित्र अनुभव से अधिक, जाग्रत उपयोगी है; क्योंकि ज्ञान यहीं है, गुरु यहीं है। 12. जिसको ज्ञान नहीं हुआ उसको जाग्रत भी बेकार का सपना है। 13. जाग्रत अवस्था जीवन के संघर्ष के लिए है। 14. एक अवस्था या अनुभव से दूसरे में प्रवेश नहीं होता; अवस्था या अनुभव एक से दूसरे में बदल जाता है। 15. चित्त की सभी अवस्थाएँ और चित्तवृत्तियाँ सदैव विद्यमान रहती हैं; जो वृत्ति बलशाली है वह दूसरी वृत्ति को ढक लेती है, इसलिए एक साथ दो अवस्था का अनुभव नहीं होता। 16. अवस्था प्राकृतिक रुप से बदलती है और उस अवस्था के कार्य अपने आप चलते हैं। 17. अवस्थाओं का ज्ञान स्मृति पर आधारित है। 18. जहाँ अवस्थाओं के बीच स्मृति-पुल नहीं बनता, वहाँ अवस्थाओं की निरंतरता टूट जाती है। 19. जागृत अवस्था में जो प्राकृतिक रुपसे मिला है वह सीमित है, किंतु जीवन और ज्ञान के लिए पर्याप्त है। 20. सभी अवस्थाएँ स्मृति आधारित है, इसलिए सृष्टि स्वप्नवत है। 21. स्वप्न में ज्ञान पहुँचा है तो चित्त को दोनों अवस्था एक सी प्रतीत होती है; हर जगह दो ही है-दृष्य और द्रष्टा। 22. “जाग्रत भी स्वप्नवत है” ये जान लेना ज्ञान का परिणाम है। 23. जाग्रत भी उतना ही परिवर्तनशील है जितना स्वप्न है। 24. स्वप्न और जाग्रत में केवल गति का भेद है, और कोई भेद नहीं है। 25. योगी हमेशा निद्रा में है, क्योंकि वह जानता है कि विश्वचित्त की अवस्था निद्रा की है; हर अवस्था एक ही है। 26. जो सबसे निचली परत है उसमें सीमित अनुभव होता है; सीमित अनुभव ही अनुभव को अर्थपूर्ण बनाता है। 27. जाग्रत में सीमित अनुभव होता है, ठोस और सत्य लगता है; स्वप्न बड़ी स्मृति से आता है, इसलिए अनियमित अनुभव होता है, असत्य लगता है। 28. स्वप्न में संभावनाएं अधिक हैं, इसलिए अस्त-व्यस्त प्रतीत होता है। 29. सूक्ष्म अवस्था उससे बड़ी स्मृति से आता है, निद्रा में तो स्मृति के सीमाएँ टूटती हैं; चित्त अपनी सीमाएं खो देता है इसलिए वहाँ कोई विशेष अनुभव नहीं। 30. हर अवस्था को सुंदर और सुखदायी बनाना साधक का कार्य है। 31. जो अमर है वह तत्व है, जिसका मृत्यु होता है वह मनोशरीर है। 32. मृत्युलोक में ही मृत्यु है अन्य लोक में अमरता है। 33. मृत्यु पर विजय प्रजनन् के द्वारा पाया जाता है। 34. जीवन अनंत है, मृत्यु नहीं है, मृत्यु अज्ञान है; मृत्यु अवस्था का परिवर्तन मात्र है। 35. मृत्यु की झलक सूक्षम अवस्था में मिलेगी। 36. जीवित अवस्था से सूक्ष्म में जाने और मृत्यु के बाद का सूक्ष्म अवस्था में जाने की भिन्नता चिडियाघर के शेर को देखने और जंगल में जाकर शेर से मिलने जैसा है। 37. प्रेत सेवा बडा पुण्य का कार्य है। 38. व्यक्ति का जन्म एक ही बार होता है; जो बार-बार जन्म लेता है वह कारण शरीर है। 39. जन्म-मृत्यु मिथ्या है, किंतु जब तक हम मिथ्या के अंदर हैं, उसी को सत्य मानकर चलना पड़ता है। **लोक** 1. चित्त की अवस्था बदलते ही लोक बदल जाते हैं, नियम बदल जाते हैं; स्वप्न, सूक्ष्म आदि में दूसरे नियम लागू होते हैं। 2. लोक, चित्त की अवस्था मात्र है; कोई विशेष जगह नहीं है। 3. देवलोक का अनुभव होना और देवयोनी में प्रवेश करना एक ही बात है। 4. जिस लोक में और जिस अवस्था में जहाँ भी हो, शरीर दिख पड़ता है तो वह मिथ्या रुप ही है। 5. लोक, शरीर और मानसिक स्थिति एक साथ पाए जाते हैं। 6. जिस लोक पर ध्यान केन्द्रित होता है वही ठोस एवं सत्य लगता है; क्योंकि वहाँ स्मृति बदल गई और सीमित हो गई। 7. दृष्टि ही सृष्टि है, इसलिए सृष्टि की कोई सीमा नहीं; अनंत लोक संभव है। 8. दृष्टि-सृष्टि का अर्थ दृष्टि पड़ते ही कोई सृष्टि होना नहीं है; जो प्रतीत होता है, जो छाया है, मिथ्या प्रक्षेपण है, उसकी रचना हुई है, वस्तु की नहीं; वस्तु की छाया मात्र है, जो भी अनुभव हो रहा है, वहीं के वहीं उसको गढ़ा गया है। 9. दृष्टि-सृष्टि का नियम कहता है कि जो वस्तुएँ हैं वह नाद से तब गढ़ी जाती है जब उनका अनुभव होता है, किंतु वह नाद तब तक रहता है जब तक वह स्थायी है। 10. जब भी किसी चीज पर दृष्टि पड़ेगी उसी अनुसार सृष्टि होगी; केवल अनुभव होने के कारण सृजन और विलय नहीं होगा। 11. दृष्टि-सृष्टि का उपयोग अपने इच्छा से स्वप्न या सूक्ष्म लोक में रचना करने में है; जो भी इच्छा है वह प्रकट होती है। **शरीर/व्यक्ति** 1. शरीर परतों की काल्पनिक छवि है जो जीवन और ज्ञान के लिए एक उपकरण के रूप में उपयोगी है। 2. मनोशरीर नामरूप है, वह अनुभवकर्ता नहीं बन सकता; उसका तत्व अनुभवकर्ता है। 3. जब जीव के लिए आवश्यक सम्पूर्ण परतीय संरचना बन जाए तभी उसका अनुभव शुरु होता है। 4. संपूर्ण शरीर पारिस्थितिक तंत्र है, इस पृथ्वी में सभी कुछ एक जीवन है, सभी परस्पर निर्भर हैं; एक का प्रभाव सभी पर पड़ता है। 5. जगत, शरीर, मन का निर्माण नहीं हो रहा है; नाद के कारण प्रतीत हो रहा है। 6. एक ही वर्ग में समानता का भ्रम हो सकता है, किंतु भिन्नता मूलभूत है। 7. शरीर नहीं तो जगत भी नहीं। 8. साधक के लिए शरीर उपकरण है, यंत्र है, अस्त्र-शस्त्र है; इसका सही उपयोग आवश्यक है। 9. मनुष्य लीला का भाग है; वह कोई लीला नहीं कर सकता। 10. शरीर से तादात्म्य हटाना, ध्यान से नहीं ज्ञान से होगा। 11. मनुष्य में एक क्षमता है कि जो प्रतीत होता है उसको सत्य मान लिया जाता है और उसके ऊपर धारणा बनायी जाती है। 12. आप माया को छोड़ सकते हैं, किंतु माया आप को नहीं छोड़ेगी। 13. दूसरी तरह के जीव या वस्तुओं का अनुभव महास्मृति या विश्वस्मृति से आता है। 14. सभी मनोशरीर अपने आप में अद्वितीय है। 15. शरीर में चक्र नहीं होते, चक्र के क्षेत्र होते हैं; शरीर स्वयं चक्र है। 16. शरीर चित्त की स्थूल और जटिल परत है। 17. शरीर या व्यक्ति का पुनर्जन्म नहीं होता; जीव का होता है। 18. जीव का जन्म कारण शरीर निर्धारण करता है, भौतिक शरीर को डीएनए निर्धारण करता है। 19. शरीर और अनुभव एक साथ मिलते हैं, क्योंकि शरीर के अभाव में अनुभव सीमित नहीं हो पाएगा। 20. मनोशरीर स्वयं अनुभव है, भ्रम है; एक भ्रम को दूसरा भ्रम नहीं हो सकता। 21. मनोशरीर एक यंत्र है; यंत्र समर्पण कर सकता है, प्रयास नहीं कर सकता। 22. विनाश की नदी में एक छोटी सी नाव जो विपरीत दिशा में जाने का प्रयास कर रही है वह है जीवित रहने के इच्छा; ये हर कोशिका और हर परत में होती है। 23. अपनी रक्षा स्वयं करने की वृत्ति मूलभूत है; यह न हो तो कोई अनुभव, रचना, जीवन आदि कुछ भी नहीं होगा। 24. जीव भी स्मृति के सागर पर है, जब भी कोई अनुभव होना हो तब अनुभव की तरंगें तत् क्षण वही से आती हैं। 25. अहम् वृत्ति जीव के जीवन के लिए आवश्यक है। 26. जीव की स्मृति पर अस्तित्व आधारित नहीं है। 27. भौतिकता और भौतिक शरीर की सीमा होती है, किंतु मानसिकता और चित्त की कोई सीमा नहीं है, इसलिए जितना हो सके उतना शक्तिशाली बनाया जा सकता है। 28. जैसे जैसे जीव प्रगति करता है सीमाएं बढ़ने या टूटने लगती है, या तो वह सीमाएं लुप्त हो जाती है; इसी को विलीनता कहते हैं। 29. विलीनता जीव का नाश नहीं है, उसकी काल्पनिक सीमाओं का नाश है। 30. शरीर ही वह नाव है जिसका उपयोग करके यह संसार रूपी नदी को पार किया जा सकता है। 31. इस सृष्टि में शरीर से अच्छा उपकरण कुछ नहीं है। 32. जैसा भी शरीर है उसका उपयोग करके संसार से छूटना है। 33. जो व्यक्त है वह व्यक्ति है। 34. व्यक्ति का जीवन नहीं होता, जीवन व्यक्ति के रूप में प्रकट है। 35. शरीर माया है, व्यक्ति एक धारणा है, केवल शब्द है, व्यक्ति प्रकट भी नहीं है; मनोशरीर से संबंधित विचार, धारणा, बुद्धि, व्यवहार, स्मृति, इच्छाएँ आदि की समग्रता को “व्यक्ति” नाम दिया गया है। 36. व्यक्ति एक अनुभव है; दोहरी माया है, व्यक्ति को नहीं, व्यक्ति का अनुभव होता है। 37. व्यक्ति जैसा है वैसे ही लोग उसकी ओर आकर्षित होते हैं; यही चित्त का नियम है। 38. व्यक्ति की मिथ्या जान लेना ही ब्रम्ह होना है। 39. अनुभव शरीर पर निर्भर नहीं है, शरीर के कारण सीमितता नहीं है। 40. शरीर ने आपको नहीं पकड़ा है आप ने शरीर को पकड़ा है। **** # 9. इंद्रिय 1. शरीर, इंद्रियाँ, मस्तिष्क आदि नादरचनाएँ हैं; स्वयं अनुभव हैं। 2. इंद्रियाँ चित्त का ही भाग है; जैसी आवश्यकता होती है वैसी इंद्रियाँ बन जाती है। 3. इंद्रियों की सीमा जीव की उत्तरजीविता या उपयोगिता निर्धारित करती है। 4. स्थूल शरीर में इंद्रियाँ सीमित होती हैं। 5. जहाँ इंद्रियाँ नहीं वहाँ शून्यता का अनुभव होता है; शून्यता स्वयं का अनुभव करती है। 6. यदि कोई इंद्रिय ना हो तो अनुभव नहीं होगा। 7. अनुभव के लिए केंद्र चाहिए होगी, कुछ ना कुछ टकराकर आना चाहिए; इसका अर्थ है कि पहले से ही अनुभव है। 8. इंद्रियाँ अनुभव को नहीं नाद को सीमित करती है। 9. इंद्रियों का अनुभव नहीं होता; इंद्रियों के द्वार का अनुभव होता है। 10. ध्यान स्थूल इंद्रियों से हटाया जाए तो वह सूक्ष्म इंद्रियों में अपने आप जाता है; अन्यत्र कहीं जाने का विकल्प नहीं है। 11. आभामंडल आंतरिक इंद्रियों द्वारा देखी गई परतों की छवि है। 12. जो चित्तनिर्मित है वह इंद्रियों पर आधारित है; जैसी इंद्रियाँ हैं वैसे अनुभव होगें। 13. एक ही लोक में समान इंद्रियाँ हैं तो समान अनुभव और भिन्न इंद्रियाँ है तो भिन्न अनुभव होगें। 14. सभी इंद्रियाँ सिर के अंदर है; जब इंद्रियों की गतिविधि और प्रक्रिया चलने लगे तो सिर में कुछ होने की प्रतीति होती है, इसलिए सारे अनुभव सिर के अंदर होने का भ्रम होता है। 15. जीव इंद्रियों की गतिविधियों के अनुभव को अपनी अनुभूति मानता है। 16. जीव की इंद्रियाँ उत्तरजीविता के लिए जब नाद को पकड़कर स्मृति में संग्रहित कर लेतीं हैं तब उसका ज्ञान होता है। 17. इंद्रियों की रचना शरीर में मिलती है; शरीर कोषिकाओं से बना है, सभी इंद्रियों में न्यूरॉन्स होते हैं। 18. जो अनंत नादरचनाएँ हैं उनको इंद्रियाँ सीमित करके परिवर्तित रुप दिखलाती है; तभी अनुभव संभव है। 19. जो नादरचना आ रही है उनको स्नायुतंत्र सीमित करता है, न्यूरॉन्स बाहर से जो नादरचना आ रही है उनकी गति को आगे पहुँचाता है, तार/वायर की तरह कार्य करता है। 20. यदि इंद्रियाँ सीमित न करे और कोई रचना न बनाई जाए तो कोई भी अर्थपूर्ण अनुभव संभव नहीं है। 21. मनुष्य में सीमित इंद्रियाँ मिली है, इसलिए सीमित ही अनुभव होता है। 22. मृत्यु के समय सूक्ष्म इंद्रियाँ बंद नहीं होती; सूक्ष्म इंद्रियों से नया अनुभव शुरु होता है, नये शरीर की रचना होती है और जीव नये शरीर से जुड़ता है। 23. इंद्रिय ही छलनी है; अनुभव को सीमित करती है; इंद्रियाँ वहीं दिखाती है जो उनकी सीमा में है। 24. जब इंद्रियों का ध्यान शरीर से हटेगा तब मानसिक इंद्रियों द्वारा मिलने वाले विचित्र अनुभव होने लगेगें। 25. अनुभवों की श्रृंखला अनंत है, अनंत उपकरण हैं, इसलिए अनंत का अनुभव हो रहा है, परन्तु एक जगह एक जीव के पास सीमित इंद्रियों के कारण छोटा सा ज्ञान होगा। 26. जैसे इंद्रियों की मात्रा बढ़ती जाएगी या अनुभव की मात्रा बढ़ती जाएगी, जो चाहे वह प्रकट हो जाएगा। 27. अनुभव जैसा है ठीक वैसा नहीं दिखाई देता, परिवर्तित रूप दिखता है; जिसको हम तन्मात्रा कहते हैं, इसलिए जो भी दिखता है भ्रम है, सत्य नहीं दिखता। 28. अनंत परिवर्तनशील अनुभव सदैव है, परंतु जब भी ज्ञान होगा इंद्रियों द्वारा सीमित करने के बाद ही होगा। 29. सूक्ष्म शरीर में कल्पना के द्वारा जो चाहे इंद्रियाँ प्रकट करके, हर प्रकार की नादरचनाओं का अनुभव किया जा सकता है। 30. इंद्रियों की सीमा भी अनंत है तथा तन्मात्राओं की संख्या भी अनंत है। 31. सारा ध्यान पाँच इंद्रियों में ही है; जैसे आप दूसरी इंद्रियों जो आज तक प्रयोग में नहीं आयी थीं, वह प्रयोग में लाएंगे तब प्रकट होंगी; सीमा बढ़ेगी। 32. अनुभव जहाँ से आ रहा है वहाँ कुछ भी नहीं है, केवल संभावना का सागर है; वह सागर नाद में परिवर्तित होकर इंद्रियों के माध्यम से अनुभवकर्ता के समक्ष प्रकट है। 33. पहले से कोई रचना नहीं है; जब तक ध्यान न जाए, इंद्रियाँ न बताएँ तब तक कोई सृजन नहीं है। 34. परतीय रचना अनुभव को सीमित करती है; सबसे अधिक सीमित अनुभव शरीर की परत पर होता है, इसलिए शरीर, जगत के अनुभव सबसे अधिक अर्थपूर्ण और ठोस होते हैं, सत्य लगता है। 35. इंद्रियाँ अनुभव को जितना सीमित करती है उतना सत्य और ठोस/स्पष्ट लगता है। 36. माया के स्तर पर नाद वस्तुओं से उपजता है, इंद्रियों के माध्यम से अनुनादित होकर, छलनी होकर मस्तिष्क में पहुचता है और जीव उसको अपना लेता है, अर्थात अपना अनुभव मानता है। 37. सभी इंद्रियाँ नाद को परिवर्तित करके तंमात्राओं का निर्माण करती है; हमे तंमात्राओं का अनुभव होता है। 38. तंमात्राओं के परे अनुभव नहीं हो सकता, सिद्धान्त या परिकल्पना निर्माण भी नहीं हो सकता; तन्मात्रा मूलभूत है। 39. अनुभव पहले है, सारे प्रपंच बाद में आते है; इंद्रियाँ अनुभव को अर्थ देती हैं, ब्रम्ह को अपनी ही रचना दिख पड़ती है। 40. जितनी इंद्रियाँ होंगी उतना जटिल भ्रम पैदा होगा। 41. अनन्य ध्यान समस्त इंद्रियों/अनुभवों से ध्यान हटाकर एक पर केन्द्रित करना है तथा समावेशी ध्यान एक पर केन्द्रित करते हुए, अन्य इंद्रियों/अनुभवों को ध्यान में समावेश करना है। 42. यदि इंद्रियों, मनोशरीर एवं बुद्धि में समानता है तो वहाँ अनुभवों में सहमति बनती है और समानता का भ्रम होता है। 43. सुषुप्ति तथा मृत्यु में एक ही भिन्नता है, सुषुप्ति में इंद्रियाँ सुरक्षित (सही सलामत) हैं; मृत्यु में भौतिक इंद्रियाँ काम नहीं करती। 44. जहाँ अधिकतर लोग सहमत होते हैं उसको वस्तुनिष्ठ अनुभव कह देते हैं; यदि इंद्रियाँ या मनोशरीर की रचना बदल जाए तो वह सहमति भी चली जाती है। 45. अनुभवों का एकीकरण यह देखकर होगा कि वस्तुओं के अनुभव तन्मात्राओं का अनुभव है, रंग, रूप, आकार, ध्वनि, स्पर्श आदि जो इंद्रियों से मिला है उसी को अनुभव कहेंगे। 46. जीव, इंद्रियों के माध्यम से जो अनुभव लेता है वह स्वयं एक अनुभव है। 47. अनंत अनुभव एक साथ प्रकट है, जो जीव की इंद्रियाँ पकड़ पाती हैं उतना ही अनुभव उसको प्रतीत होता है। 48. सारे अनुभव एक साथ आने लगे तो अर्थहीन होगा, यह मनुष्य बुद्धि से कल्पना नहीं की जा सकती। 49. जीव अनुभवों का प्रकट रूप है और अनुभवों की श्रृंखला जीवन है जो जीव के माध्यम से होता है। 50. जितना जीवन के लिए आवश्यक है, उतना ही अनुभव होता है। 51. सभी अनुभव होने लगे तो वहाँ पूरा अनियमित होगा, कुछ समझ में नहीं आएगा, जीव जी नहीं पाएगा। 52. सदैव वही अनुभवों के अतिरिक्त अन्य कुछ होगा ही नहीं तो वही सत्य लगना स्वाभाविक है। 53. बुद्धि माया से निकली है, अतः बुद्धि से माया को नहीं जाना जा सकता; फिर भी माया को जहाँ तक जाना जा सकता है वह बुद्धि से ही संभव है। 54. हमें जो वस्तुएँ दिखती है उसका अनुभव नहीं होता, अनुभव संवेदनाओं का होता है, इंद्रियाँ जो दिखाती हैं उसका अनुभव होता है और हमे उसी को मानना पड़ता है कि यही बाहर भी है। 55. संवेदना इंद्रियों पर आधारित है, इसलिए हर समय हर अवस्था का अनुभव अलग-अलग हो सकता है। 56. इंद्रियों का काम जीवन चलाना है, अतः वही अनुभव दिखता है जो हमें चाहिए। 57. इंद्रियाँ अनियमित को पकड़ नहीं पातीं, अतः चित्त अनियमित को छोड़ता जाता है; जो स्मृति में जा सकता है उसी को आने देता है, इसलिए ज्ञान व्यवस्थीकरण करना संभव है। 58. इंद्रियाँ जीवन चलाने के लिए है, इंद्रियों से मिथ्या का ही ज्ञान होता है, सत्य का नहीं। 59. सूचीछिद्र (पिनहोल) कैमरा की तरह इंद्रियाँ अनुभव को सीमित करें तो ही दृश्य दिखता है। 60. जगत में सबसे बड़ी शक्ति इंद्रियों पर स्वामित्व है, इंद्रियों के स्वामी के आगे देवता भी नहीं टिकते। **** # 10. अस्तित्व/शून्यता/अनुभवक्रिया/अद्वैत **अस्तित्व/ब्रम्ह** 1. अस्तित्व में स्वयं को जानने की क्षमता है; यही अनुभवकर्ता है, और उसको स्वयं का मिथ्या रूप का अनुभव होना ही अनुभवक्रिया है। 2. अनुभवकर्ता/अस्तित्व स्वतः प्रमाणित है; खंडन भी करें तो वह खंडन भी वही है। 3. जो अस्तित्व स्वयं है वही अनुभवकर्ता है। 4. जो देख रहा है वही दिख रहा है। 5. अस्तित्व का अभाव नहीं हो सकता, अभाव भी अस्तित्व में ही है। 6. अस्तित्व अकारण है; जो मूलभूत है उस पर कारण-प्रभाव की धारणा लागू नहीं होती; क्योंकि उसका कारण-प्रभाव वह स्वयं ही आ जाता है; दोनों एक साथ है, एक कारण दूसरा प्रभाव नहीं बन सकता। 7. अस्तित्व में जो भी कारण-प्रभाव है वह चित्तनिर्मित मान्यता है, सत्य नहीं है। 8. कारणहीनता इस अस्तित्व का गुण है; अस्तित्व किसी कारण से नहीं बंधा, सभी कारण अस्तित्व में हैं। 9. उद्देश्य चित्तनिर्मित शब्द है; मनुष्य किसी चीज़ पर अपने उपयोगिता के अनुसार उद्देश्य थोपना चाहते हैं; अस्तित्व उद्देश्यहीन है। 10. अस्तित्व में अनुभव और अनुभवकर्ता ही है जो अमर है। 11. अस्तित्व लक्ष्यहीन है, स्वतन्त्र है; लक्ष्य, उद्देश्य आरोपित कर भी दिया जाए तो सीमित हो जाएगा; संभावना अनंत है, इसलिए लक्ष्य भी अनंत हो गए, अनंत लक्ष्य अर्थहीन होता है। 12. अस्तित्व में न कुछ नियमित है न कुछ अनियमित; यहाँ कुछ भी संभव है। 13. अस्तित्व का स्वभाव होना मात्र है। 14. अस्तित्व एक ही है; विभाजन अस्तित्व में नहीं है, विभिन्नता भ्रम है, चित्तनिर्मित है। 15. अस्तित्व को बाँट देने से जानना सरल हो जाता है, बुद्धि में एक शक्ति है कि जब वह बाँटकर विश्लेषण करती है तो सही ज्ञान होता है, यह बँटवारा केवल सुविधा के लिए है; अनुभव और अनुभवकर्ता के अलग-अलग होना असंभव है। 16. अनुभव के कारण ही अस्तित्व का ज्ञान संभव है, अनुभव हो रहा है तो "अस्तित्व है" यह जाना जाता है। 17. असीमित अस्तित्व, बुद्धि के सीमा से उपर है, बुद्धि केवल एक सीमा के अंदर वही-वही चक्र में चलती है। 18. अनुभवकर्ता का जानना होना है; शब्दों से संकेत मात्र हो सकता है। 19. मूल में कोई प्रारम्भ तथा समाप्ति नहीं होती। 20. जो पहले से है वह बनने में न प्रयास लगता है न समय। 21. ब्रम्ह प्रकट नहीं है; ब्रम्ह का मिथ्या रुप प्रकट है जिसको माया कहा जाता है; दोनों एक है, चित्त के द्वारा भेद किया जाता है। 22. ब्रह्म शांत, निर्गुण और शून्य है, स्मृति आते ही विकृति आती है; वह विकृति कहती है कि “मैं ब्रह्म हूँ”; ब्रम्ह तो सदा मौन है। 23. ब्रम्ह की अवस्था समाधि की है; जो अभी और यहीं है। 24. ब्रम्ह हुआ जा सकता है; जाना नहीं जा सकता। अस्तित्व शून्य है 1. अस्तित्व सब कुछ होते हुए भी शून्य है। 2. शून्य का अर्थ अभाव नहीं है; शून्य का अर्थ कोई पदार्थ, धरातल या ऐसा कुछ न होना जो इंद्रियों और बुद्धि से दिख जाए; निर्गुण होना, रिक्त होना है जहाँ जानने का नहीं, मात्र होने का है। 3. शून्य ही अनंत है, शून्य ही संभावना है; अस्तित्व संभावना का सागर है। 4. जीवन, ज्ञान-अज्ञान सभी मिथ्या है; शून्यता से शुरू होता है, बीच में अज्ञान आकर चला जाता है; फिर शून्यता ही बचती है। 5. अस्तित्व का रुप आभासिक है; जो शून्य में प्रतीत होता है। 6. अस्तित्व में कुछ पहले से बना बनाया नहीं है, इसलिए कुछ न कुछ प्रकट होता रहता है; यदि शून्य न होकर कुछ और होता तो केवल वही होता; शेष और कुछ नहीं होता। 7. सभी घड़ों में एक ही आकाश है; विभिन्न घड़ों में आकाश (रिक्त स्थान) होने से आकाश खंडित नहीं होता, अखंड है। 8. शून्यता ही स्वयं को प्रकाशित करती है। 9. कुछ होने के लिए स्थान, समय तथा परिवर्तन चाहिए और यह तीनो मिथ्या है; इसलिए अस्तित्व शून्य है। 10. अस्तित्व निष्क्रिय शून्य नहीं है। 11. शून्य में ही चेतना का प्रकाश है, स्वयं का साक्षी होने की क्षमता है, किंतु उसको जाना नहीं जा सकता, इसलिए उसको शून्य कहा गया है। 12. शून्यता में जो भी प्रकट होता है वह अनंत हो सकता है। 13. शून्य कुछ बन नहीं सकता, इसलिए अनुभव भी शून्य है। 14. जो अप्रकट है वह तो शून्य है ही; जो प्रकट है वह भी परिवर्तनशील होने के कारण तत्व रुप से शून्य है। 15. शून्य होने के लिए केवल अज्ञान हटाना आवश्यक है; शेष सब पहले से शून्य है। 16. "मैं" का अंत होना, शून्य होना है। 17. "जो प्रकट है वह सच में मैं ही हूँ" ऐसा कह नहीं सकते, “मिथ्या रूप में प्रकट हूँ” इतना ही कहा जा सकता है, क्योंकि संपूर्णता शून्य है, निर्गुण है, इसलिए आभास ही हो सकता है। 18. जो मूलभूत है, उसका प्रमाण स्वयं है, स्वयं सिद्ध है; अनुभव और अनुमान के द्वारा सिद्ध नहीं होता। 19. शून्यता भी शून्य है। 20. जहाँ कुछ जोड़ा या घटाया जा सके वह पूर्ण नहीं हो सकता, इसलिए शून्य ही पूर्ण है। **अनुभवक्रिया** 1. अस्तित्व जो भी है हर क्षण अनुभवक्रिया की स्थिति में है; इसके अतिरिक्त अन्य कुछ होने की संभावना नहीं है। 2. अनुभवक्रिया का तत्व मौन है। 3. अनुभवक्रिया में आ जाना सरल है; बताना कठिन है। 4. भले ही कोई नामरूप दिख रहा हो अभी भी अनुभवक्रिया ही है। 5. अनुभवक्रिया का अर्थ यह नहीं कि वहाँ कोई कार्य हो रहा है; जब समस्त प्रक्रियाओं से ध्यान हटता है और "जो भी है वह अस्तित्व स्वयं है"- इस ज्ञान के साथ उस अवस्था में जो भी बचता है वही अनुभवक्रिया है। 6. अनुभवक्रिया में भेद देखना आवश्यक नहीं है। 7. अनुभव और अनुभवकर्ता का विलय अनुभवक्रिया है जहाँ अस्तित्व को अपने ही मिथ्या रूप का अनुभव हो रहा है। 8. अस्तित्व ही अनुभवक्रिया है; यही संपूर्णता है। 9. अनुभवक्रिया में सभी वृत्तिओं का अभाव है, न द्रष्टा है, न दृष्य है, केवल दृष्टि है और दृष्टि में जैसा है वैसा है। 10. अनुभवक्रिया कोई कार्य नहीं है; “अनुभवक्रिया” शब्द अस्तित्व की जीवंतता का संकेत करता है; होना-पन को संकेत करता है, क्रियाहीन “क्रिया” है; शब्दों के परे है। 11. अनुभवक्रिया कोई वस्तु नहीं है; इसको न देखा जा सकता है, न छुआ जा सकता है, न किसी भी उपाय से जाना भी जा सकता है; इसको न पाया जा सकता है, न महसूस भी किया जा सकता है। 12. जो भी किया जा रहा है, जो भी देखा जा रहा है, जो यहाँ सामने है वह अनुभवक्रिया है। 13. अनुभवक्रिया का ज्ञान ही ब्रम्हज्ञान है। 14. अनुभवक्रिया, अज्ञेयता, ब्रम्ह, अद्वैत आदि अस्तित्व के ही नाम हैं। 15. अनुभवक्रिया में जीवंतता है, इसलिए इसको अनुभवक्रिया कहा गया है। 16. जब वृत्ति रुकती है तो अनुभवक्रिया रह जाती है जिसमें कोई भेद नहीं है; यही सहज समाधि है। 17. अनुभवक्रिया में गतिशील होना, मात्र प्रतीत हो रहा है; अस्तित्व की शुद्ध अवस्था है। 18. अनुभवक्रिया में सोचने का या जानने का कुछ नहीं; केवल होने का है। 19. अनुभवक्रिया में ज्ञान और चित्तवृत्ति भी प्रतीति ही लगती है; भ्रम सा लगता है। 20. अनुभवक्रिया में कोई अवस्था या ज्ञान की चिंता नहीं होती, वह अवस्था ज्ञान के लिए नहीं; होने के लिए है। 21. कोई रुप दिखना/न दिखना या उसके बारे में विचार आना भी अनुभवक्रिया की पृष्ठभूमि में हो रहा है। 22. विभाजन वृत्ति रुकना ही अनुभवक्रिया है जिसमें कोई भेद नहीं है; यही सहज समाधि है। 23. अनुभवक्रिया वह है जब चित्त के विभाजनवृत्ति शांत हो जाती है या यह वृत्ति समझ ली जाती है कि एक ही है। 24. अनुभवक्रिया की स्थिति में चित्तवृत्ति को नकारा जाता है, मिथ्या जान कर बस देख लिया जाता है कि चित्तवृत्ति भी अनुभवक्रिया की ही पृष्ठभूमि में चल रही है। 25. अनुभवक्रिया गतिशीलता जान पड़ती है, किंतु परिवर्तन नहीं, स्थायी है, वहीं की वहीं रहती है। **एकता/अद्वैत** 1. अनुभव और अनुभवकर्ता की एकता का प्रकट रुप अर्थात दोनों का विलय ही अनुभवक्रिया है। 2. एकता का ज्ञान होते ही द्वैत समाप्त हो जाता है। 3. एकता को जाना नहीं जा सकता, किंतु एकता तक पहुँचा जा सकता है; उसके बाद जानने को कुछ शेष नहीं बचता। 4. विलय का अर्थ नाश होना नहीं एक हो जाना है। 5. मुझे मेरा ही अनुभव होता है; अनुभवकर्ता और अनुभव एक ही हैं और एक साथ होगें। 6. जहाँ पहले से एक हो वहाँ फिर से एकाकार नहीं हुआ जा सकता। 7. अनुभवहीनता संभव नहीं; अनुभव और अनुभवकर्ता अलग से अकेले कभी नहीं मिलते। 8. मनुष्य नाम की घटना अनुभवक्रिया की पृष्ठभूमि में पहले से है। 9. स्वप्न तथा स्वप्नद्रष्टा एक ही है। 10. जिस दिन समझ में आता है कि सारा स्वप्न है और मैं स्वप्न द्रष्टा हूँ तो कुछ प्रारम्भ या बंद करना नहीं है; सब पूर्ण है। 11. अनुभव और अनुभवकर्ता में कोई दूरी नहीं है। 12. होना मात्र तभी कहा जाएगा जब बुद्धि, तर्क, अनुभव आदि की कोई भूमिका नहीं रहती; जानने को कुछ नहीं बचता। 13. अनुभव और अनुभवकर्ता दोनों एक ही है; चित्त भेद करता है। 14. स्वयं को मनुष्य कहना या ब्रम्ह से अलग मानना अहंकार है। 15. जो जैसा है वैसा हो जाना ही संपूर्णता में विलीन हो जाना है। 16. दो होने की मान्यता हट जाना अद्वैत है। 17. जहाँ गणना संभव नहीं उसको एक भी नहीं कहा जा सकता; ब्रम्ह में अनुभव भी है, अनुभवकर्ता भी है; एक का अनुभव नहीं होगा, इसलिए अद्वैत सही शब्द है। 18. द्वैत के स्तर पर दृश्य द्रष्टा नहीं हो सकता; अद्वैत के स्तर पर मैं ही अपने मिथ्या रूप में स्वयं के सामने प्रकट हूँ। 19. अद्वैत में "मैं" कहने वाला कोई नहीं है। 20. शिव और शक्ति के मिलन के बाद ही अद्वैत शुरू होता है। **संभावना** 1. शून्य और संभावना का अर्थ कुछ भी न होना नहीं है; कोई वास्तविकता न होना, पदार्थ न होना, सत्य न होना फिर भी प्रकट होना ही संभावना है। 2. संभावना अनुभव में परिवर्तित नहीं होती; संभावना ही रह जाती है, यदि संभावना परिवर्तित हो गयी तो वह भी अनुभव ही हो जाएगी। 3. सभी नादों का जोड़ ब्रम्हनाद है; जहाँ संभावनाएं एक साथ प्रकट है। 4. संभावना कोई चीज या गुण नहीं है; नाम मात्र है। 5. शून्यता में ही अनंत संभावना होती है और वही जितने चाहे मिथ्या रूपों में प्रकट होती रहती है। 6. “अस्तित्व शून्य है, अनंत संभावना है”- यह इसलिए कहा जाता है कि जो प्रकट अस्तित्व है इसी को देखकर मान लिया जाता है कि संभावना है; तभी तो कुछ प्रकट हो रहा है। 7. माया का आधार शून्यता है, किंतु वह शून्यता अस्तित्वहीनता नहीं है, अनंत संभावनाएं हैं। 8. संभावना मिथ्या नहीं अस्तित्व स्वयं है; मिथ्या शब्द द्वैत के स्तर पर प्रयोग किया जाता है। 9. अस्तित्व में जो संभावना है वही जब व्यक्त होती है तब प्रकृति कहलाती है। 10. संभावना ही नामरुप में प्रतीत होती है, माया द्वैत में है। 11. जब किसी चीज में कुछ भी बनने की संभावना रहती है तो वह वस्तु वही नहीं रहती; कुछ भी हो सकती है। 12. संभावना से कुछ प्रकट होने की कोई प्रक्रिया नहीं है; प्रक्रिया स्वयं मिथ्या प्रकट होती है। 13. निर्गुण ब्रम्ह में सगुण में प्रकट होने की इच्छा है, हर प्रकार का अनुभव प्रकट करने की संभावना है और वही सगुण रुप में प्रकट हो रहा है। 14. सभी संभावनाएँ अभी यहीं एक साथ प्रकट होते हुए प्रतीत होती हैं। 15. संभावना का अनुभव और ज्ञान नहीं हो सकता; ये अस्तित्व स्वयं है। 16. प्रकाश से संभावना प्रकट होती है। 17. मैं संभावना नहीं हूँ; संभावना का द्रष्टा हूँ। 18. अस्तित्व में कोई भी अनुभव प्रकट होने की संभावना है, किंतु निर्गुण सगुण में और सगुण निर्गुण में बदलने की संभावना कभी नहीं है।**** **** # 11. अज्ञेयता 1. जान कर भी न जानना अज्ञेयवाद है; जहाँ मौन है वहाँ अज्ञेयता है। 2. सारा ज्ञान नकारात्मक है और उसका फल अज्ञेयता है। 3. अज्ञान शोर है, ज्ञान संगीत है, और अज्ञेयता शांति है। 4. अज्ञेयता में सारी खोजें विफल हो जाती हैं; अज्ञेयता में ज्ञान भी नहीं, अज्ञान भी नहीं। 5. संपूर्ण ज्ञान होने के बाद ज्ञान को ही त्याग करके सभी विचारों, अवधारणाओं, मान्यताओं, दर्शनों, परंपराओं से मुक्त और स्वतंत्र स्थिति, अज्ञेयवाद है। 6. अस्तित्व अद्वैत है, अज्ञेय है, क्योंकि वहाँ जानने और न जानने का कुछ नहीं है, केवल होने का है। 7. अज्ञेयता में केवल मौन रह जाता है, “मैं ब्रम्ह हूँ”- यह वाक्य कहने तथा सुननेवाला भी कोई नहीं होता। 8. भले ही अद्वैत द्वैत रुप में ही दिखेगा, उसका ज्ञान द्वैत में ही होता है, किंतु द्वैत संभव नहीं; यहाँ केवल अद्वैत है। 9. एक को जाना नहीं जा सकता हुआ जा सकता है; जानने के लिए जाननेवाला और जानने का वस्तु होना चाहिए। 10. अनुभवक्रिया में कोई ज्ञान नहीं होता, "अनुभवक्रिया है"- इतना ज्ञान संभव है, किंतु वह क्या है यह जाना नहीं जा सकता। 11. अज्ञेयता में ज्ञान और चित्तवृत्ति भी प्रतीति ही लगती है, भ्रम सा लगता है, किसी अवस्था या ज्ञान की चिंता नहीं होती; उस अवस्था में ज्ञान के लिए नहीं जाते; होने के लिए जाते हैं। 12. सहज समाधि की अवस्था ही नित्य है, अन्य अवस्थाएं इसी पृष्ठभूमि में आती-जाती हैं; समाधि आती-जाती नहीं। 13. किसी भी बुद्धि या वृत्ति को चलाकर या रोककर अद्वैत की अवस्था नहीं आ जाएगी; यह अवस्था पहले से है, उसी की पृष्ठभूमि में सारी वृत्तियाँ चलती हैं। 14. ज्ञान-अज्ञान, सत्य-असत्य, तर्क-वितर्क सभी बुद्धि के अंतर्गत है; अज्ञेयता बुद्धि से ऊपर है। 15. ज्ञान-अज्ञान द्वैत में है, अज्ञेयता अद्वैत है; अज्ञेयता में कोई प्रश्न या मान्यता नहीं बचती। 16. अज्ञेयता में जानने की रुचि बहुत है, किंतु जब भी जाना जाता है यही जाना जाता है कि कुछ भी जानने योग्य नहीं है। 17. हर भाषा, शब्द, उत्तर और ज्ञान मौन तक पहुँचने की सीढ़ी हैं; ज्ञान का अंत मौन में होता है, शब्दों में नहीं। 18. शून्य में प्रश्न भी है उत्तर भी है, अर्थ भी है अनर्थ भी है; सारा अर्थ-अनर्थ चित्तनिर्मित है; चित्त ही शून्य से आया है। 19. नाव नदी पार करने के लिए चाहिए; नदी पार करके नाव को लेकर घूमना नही है; छोड़ देना चाहिए। 20. शब्दों का संकेत कहाँ हो रहा है, वह जानना आवश्यक है। 21. अज्ञान भी एक तरह का ज्ञान है जिसको मान्यता कहते हैं; अज्ञानी इसी को ज्ञान मानता है और ज्ञानी अपने ज्ञान को ज्ञान मानता है; अज्ञेयवादी दोनों की मिथ्या जानता है, अस्तित्व में दोनों है, दोनों नहीं है; जो है सो है। 22. अज्ञेयता में जो जानने योग्य है जान लिया है, अब जानने के लिए कुछ नहीं है, संतुष्टि ही आनंद रुप में दिखेगी। 23. अज्ञेयता संघर्ष का अंत है, न जानने की निराशाजनक स्थिति नहीं है, हार मानना अज्ञेयता नहीं; अज्ञेयता जीत है। 24. अज्ञेयता में सभी अज्ञान, प्रश्न और वाद-विवाद समाप्त हो जाते हैं। 25. अज्ञेयता में सब कुछ जान कर ज्ञान के सारे अध्याय ही बंद कर दिए जाते हैं, पवित्रता, निश्छलता शेष रहती है; व्यक्ति शांत, निश्चिंत हो जाता है, स्वतंत्रता उसका स्वभाव बन जाती है। 26. अज्ञेयवाद (रहस्यवाद) अन्य सभी स्थितियों से श्रेष्ठ है, ज्ञान की सीमाओं से परे है; इसके आगे जानने के लिए कुछ भी नहीं होता, यहाँ शुद्धता, शून्यता तथा पूर्णता है। 27. वेद का अर्थ होता है-जानना; वेद/ज्ञान की पहुँच केवल द्वैत तक ही है। 28. अद्वैत के स्तर पर अज्ञेयता है; यहाँ से आगे बुद्धि का कोई उपयोग नहीं है, सारे वेद/ज्ञान का अंत हो जाता है, इसलिए “अद्वैत वेदांत” कहा गया है। 29. अज्ञान का नाश होते ही ज्ञान का भी नाश होता है, इसलिए ज्ञानी कोई नहीं है, अज्ञेय है। 30. ज्ञान रोटी का चित्र है, अज्ञेयता रोटी स्वयं है; रोटी का चित्र देखकर भूख नहीं मिटती। 31. अस्तित्व का ज्ञान नहीं होता, होना पड़ता है, जो मैं पहले से हूँ। 32. अज्ञेयवादी कुछ जानने का प्रयास नहीं करता, क्योंकि वह जानता है कि जानने के लिए कुछ नहीं है और न वह अज्ञान में है; साक्षीभाव में रहता है। 33. अज्ञेयवादी को सीधा ज्ञान होता है, ज्ञान का अर्थ शुद्धता और रिक्तता/ख़ालीपन है; जो भी जाना गया है उस पर प्रश्न चिन्ह लगाते ही अज्ञेयता प्रकट होती है। 34. अज्ञेयवादी उपदेश नहीं देता, तर्क-वितर्क नहीं करता, वह मुक्त और वैरागी होता है; बुद्धिमान, और अधिक शुद्ध बुद्धिवाला हो जाता है। 35. अज्ञेयवादी ज्ञान का दास नहीं है, वह स्वतंत्र है, मुक्त है। 36. जो अज्ञेय है वहाँ कोई ज्ञान/अज्ञान नहीं, कुछ सत्य/असत्य नहीं। 37. अज्ञेय के आगे या ऊपर कुछ भी नहीं है। 38. अज्ञेय होना बुद्ध होना है, जो बुद्धि के ऊपर है; बुद्ध सब कुछ जानकर भी कुछ नहीं जानता। 39. बुद्धि वह चाकू है जो अज्ञान को काटने में प्रयोग होता है; बुद्धि का उपयोग करके बुद्धि से ऊपर जाना ही, बुद्ध होना है। 40. व्यक्ति के ज्ञान के स्तर अनुसार एक ही प्रश्न के अलग-अलग उत्तर होते हैं, ज्ञानी के लिए कोई उत्तर नहीं होता, क्योंकि वह अज्ञेयता के स्तर पर पहुँच चुका है जहाँ केवल समर्पण है, समर्पण भाव में प्रश्न नहीं रहता। 41. जो नियंत्रण का मार्ग है वह भी समर्पण में ही ले जाता है। 42. जब ज्ञानी बोलता है तो उत्तर के बाद मौन ही बचता है। 43. मिथ्याकरण से जिसको सत्य मान लिया था उससे मुक्ति हो जाती है, अज्ञेयता रह जाती है, वह अज्ञेयता मैं स्वयं हूँ; यहाँ पर बुद्धि संतुष्ट हो जाती है। 44. यदि कोई कुछ करने का या पाने का प्रयास कर रहा है तो वह अज्ञेयता के स्थिति में नहीं पहुँचा। 45. जो एक है वह अज्ञेय है; वहाँ जानने के लिए कोई विषय नहीं बचता, ज्ञान लेने वा देनेवाला कोई नहीं बचता, इसलिए ज्ञानमार्ग अंतिम है। 46. शून्य में कोई भाषा नहीं केवल मौन है। 47. जो भाषा के द्वारा कहते हैं उसको समझ सकते हैं; भाषा का उपयोग अपने आप में असत्य के स्तर पर ही होता है और भाषा दिशा दिखाती है। 48. अज्ञान रहित अज्ञेयता ही अनुभवक्रिया है। 49. अस्तित्व को द्वैत में ही जाना जाता है, विभाजन से ही ज्ञान होता है; अद्वैत में केवल शून्यता है, होना मात्र है। 50. अद्वैत को जानने के लिए शब्दों के परे देखना पड़ता है, बुद्धि के परे जाना पड़ता है। 51. अज्ञेयता ब्रम्ह की स्थिति है; ब्रम्ह में न ज्ञान है न अज्ञान। 52. अज्ञेयता तक पहुँच कर शब्द त्याग देना चाहिए; अब शब्द केवल दूसरों को समझाने में काम आएगा; अन्यथा नहीं। 53. अज्ञेयता का अर्थ अज्ञान नहीं है; सम्पूर्ण ज्ञान है, यहाँ पर प्रश्न समाप्त और समर्पण प्रारम्भ होता है, अज्ञान पूरी तरह से निकलकर व्यक्ति रिक्त हो जाता है, व्यक्ति ज्ञान भी नहीं चाहता, क्योंकि ज्ञान भी अज्ञान का प्रतिबिम्ब है। 54. शब्दों से अस्तित्व का ज्ञान नहीं होता; होना पड़ता है, जो मैं पहले से हूँ। 55. सारे ज्ञान के अंत में अज्ञान है, क्योंकि उस ज्ञान को भी अनुभव से ही निचोड़ा गया है। 56. प्रारम्भ में साधक में प्रश्न पूछने की कला नहीं होती; जब प्रश्न पूछने की कला आ जाती है तब प्रश्न भी समाप्त हो जाते हैं। 57. जो है ही नहीं उसको जाना नहीं जा सकता; जहाँ प्रमाण ही माया है वह ज्ञान सत्य नहीं हो सकता। 58. हर उत्तर ग़लत है, जो बिना शब्द के कहा गया है वह सत्य है, मौन सत्य है। 59. जहाँ अज्ञेय है वहाँ कोई ज्ञान/अज्ञान नहीं, कुछ सत्य/असत्य नहीं। 60. अज्ञान काँटा है, ज्ञान दूसरा काँटा है; काँटे को निकालने के लिए काँटे का ही उपयोग करना पड़ता है, काँटे निकालने के बाद दोनों काँटों को फेंक दिया जाता है; अज्ञान निकालने के लिए ज्ञान का उपयोग है, ज्ञान के बाद दोनों को फेंक देना चाहिए। 61. अज्ञान से विज्ञान, विज्ञान से ज्ञान और ज्ञान से अज्ञेयता अच्छी है; अंत में सारा ज्ञान बेकार है। 62. जो अज्ञेय है उसका उत्तर सदा नकारात्मक आएगा। 63. अज्ञेयता ज्ञान का भी अंत होना है; केवल होना मात्र है। 64. मूलज्ञान के बाद ही अज्ञेयता की स्थिति आती है। 65. सत्यासत्य के परे, ज्ञानाज्ञान के परे जो अज्ञेय है, मैं वह चैतन्य हूँ। **** # 12. स्थान 1. जिस पृष्ठभूमि में वस्तुएं हैं या उससे संबंधित तन्मात्रा दिख पड़ती है उसको स्थान कहते हैं। 2. स्थान एक मानसिक ढाँचा है जहाँ इंद्रियों द्वारा आ रही सूचना का व्यवस्थीकरण होता है, इन सूचनाओं से जो अनुभव बनाए जा रहे हैं वह एक पृष्ठभूमि पर व्यवस्थित होते हुए प्रतीत होते हैं। 3. जीवन को सरल बनाने के लिए विभिन्न संज्ञाओं का कोई स्थान प्रक्षेपण करना पड़ता है; इस का अर्थ यह नहीं कि अनुभव वहाँ पर हो रहा हो; स्थान मनगढ़ंत है। 4. गति का भ्रम परिवर्तन से आता है और स्थान का भ्रम गति से उपजता है। 5. यदि गति न हो, जगह न बदले तो स्थान का भ्रम नहीं होगा। 6. संपूर्णता का कोई स्थान नहीं होता; स्थान संपूर्णता में है। 7. अनुभव होने के बाद चित्त किसी स्थान पर संयोजित करता है और स्थान की रचना होती है। 8. गति के कारण समय और स्थान भी बदल जाता है, स्थान का आभास होता है; स्थान से अधिक गति मूलभूत है। 9. कोई भी वस्तु जब गति करती है तो वह स्थान में नहीं करती। 10. रिक्त स्थान का अनुभव नहीं होता; वस्तुओं का अनुभव होता है। 11. रिक्त स्थान रचना नहीं भ्रम है; चित्त/इंद्रियों ने एक वस्तु को दूसरे से भिन्न करने के लिए स्थान का निर्माण किया है। 12. स्थान दोहरी माया है; मेरी और वस्तुओं के बीच में इंद्रियों ने दूरी नापकर स्थान मे परिवर्तित करती है; दूरी मिथ्या है। 13. पंचतत्व में अग्नितत्व गति और नाद को दिखाता है। 14. सभी स्थान हमने हमारी आवश्यकता के अनुसार बना लिया गया है। 15. पेड़ पौधों में स्थान की अवधारणा नहीं है। 16. जिस प्रकार की इंद्रियाँ होंगी उस प्रकार की परिकल्पना कर ली जाती है और वैसा ही दृश्य प्रकट होता है। 17. सभी स्थान चेतना में होते हैं और चेतना का कोई स्थान नहीं है। 18. स्मृति का कोई स्थान नहीं होता। 19. जो भौतिक ठोस वस्तु हैं, आखों से देखी जाती है उन्हीं का स्थान होता है, हमे जो अनुभव होता है उसका केवल लगभग १ प्रतिशत से भी कम है; शेष किसी चीज का स्थान नहीं होता जैसे आवाज, स्पर्श, गंध, दृष्टि, स्वाद, संस्कार आदि। 20. जिसने केवल ठोस वस्तु पर ही ध्यान दिया है, ठोस वस्तु को ही सत्य माना है वही सभी चीजों में स्थान की कल्पना करता है; स्थान ढूंढता है। 21. स्मृति एक है; जीव के द्वारा अपनी उत्तरजीविता के लिए काल्पनिक सीमाएँ बनाई गई है। 22. जहाँ अनुभवकर्ता है, वहीं अनुभव है; अनुभवकर्ता का कोई स्थान नहीं, वह अनंत है। 23. जहाँ है वहाँ है; सब कुछ यहाँ है। 24. स्थान चित्त निर्मित है, शेष सभी अनुभवों की तरह है। 25. सभी स्थान मुझ में हैं, मेरा कोई स्थान नहीं है; मैं देश काल से परे हूँ। ***** # 13. समय 1. चित्त सभी अनुभवों को आसानी से सुलभ अनुक्रम में रखने के लिए एक युक्ति के रूप में समय नामक अक्ष का उपयोग करता है और उस पर घटनाओं को अंकित करता है। 2. अनुभव होते हैं, वे अपने साथ समय की मोहर लगाकर नहीं आते, चित्त मोहर जोड़ता है; यह अनुभवों को अधिक व्यवस्थित बनाता है एवं उन्हें स्मरण करना आसान बनाता है। 3. बुद्धि समय आधारित है तथा समय बुद्धि आधारित है। 4. घटनाएँ बस घटित होती हैं, उन्हें किसी निश्चित समय पर घटित होने की आवश्यकता नहीं होती; समय एक विशिष्ट घटना पर घटित होता है। 5. समय का अनुभव नहीं किया जा सकता; समय एक अवधारणा मात्र है। 6. परिवर्तन से समय की परिकल्पना आयी है, परिवर्तन तथा समय दोनों ही माया है; समय में चित्त नहीं है, चित्त में समय है। 7. घटनाएँ स्मृति में होती हैं, उसके बाद समय और परिवर्तन का भ्रम उत्पन्न होता है। 8. समय का खेल समयहीनता की पृष्ठभूमि में ही हो रहा है। 9. अस्तित्व अनंतकाल से चल रहा है और अनंतकाल तक चलेगा; इसमें समय का कोई अर्थ नहीं रहता, समयहीनता में यह सब हो रहा है, समय इसमें दिखाई पड़ता है। 10. जब जीव इतना जटिल हो जाता है कि समय का अर्थ जान पाए तब वहाँ समय प्रकट हो जाता है, तब वह घटना और समय की कहानी गढ़ लेता है, जो सब मिथ्या है। 11. माया में जब नियम दिखाईं पड़ता है तब कुछ होता हुआ या विकासक्रम चलता हुआ अनुमान लगाया जाता है। 12. जो पहले से समयहीन है उसको फिर से समयहीन नहीं किया जा सकता। 13. जो समय में हो रहा है उसको समय में ही चलने देना चाहिए, यदि जीवन की प्रक्रिया को समय से पहले काट दिया जाए तो पुन: दोहराता है, इसलिए बदलने का प्रयास उचित नहीं है; प्राकृतिक रुपसे होना सबसे अच्छा है। 14. अस्तित्व का विकासक्रम देखें तो उत्तरजीवीता के लिए ही विकसित हुआ है, इसलिए अहम् वृत्ति का महत्व है। 15. सभी घटनाएँ चक्र में चलती है, समय का चक्र दोहराता है, चक्र के अंदर चक्र होते हैं। 16. युग बडा चक्र है, वर्ष छोटा चक्र है,और दिन उस से भी छोटा चक्र है। 17. एक दिन (२४ घंटे) में वर्ष के चारों ऋतु आ कर चले जाते हैं; प्रभात में ठंडी, मध्यान्न में गर्मी, संध्या में शरद, रात्रि में वर्षा आदि होता है। 18. सृष्टि में चक्र जो है- होते हुए भी नहीं है। 19. समय और स्थान के परे बुद्धि नहीं जा सकती, जीव, बुद्धि आदि समय में चलते हैं; अनुभवकर्ता समय से परे है। 20. काल अस्तित्व में नहीं है, स्मृति काल की रचना करती है; स्मृति नहीं तो काल भी नहीं है। 21. समय में घटना नहीं घटती; घटनाओं के आधार पर समय की रचना होती है। 22. अनुभव समय में नहीं होते, एक के बाद एक नहीं होते; समय स्वयं एक अनुभव है। 23. जो घट चुका है वह स्मरण मात्र है जो संस्कार एवं छाप के रुप में है; भविष्य कल्पना एवं आशा के रुप में है; भूत और भविष्य दोनों अवधारणाओं की प्रक्रिया वर्तमान में ही चलती है; बाद में स्मृति के कारण समय का नाम दिया जाता है। 24. भूतकाल स्मृति का अनुभव है, भविष्य कल्पना है, वर्तमान समयाभाव है। 25. सारे अनुभव वर्तमान में समाए हुए हैं। 26. अनुभवकर्ता सदा वर्तमान में है; जो भी चित्त में चल रहा है और जो भी अवस्था है उसको प्रकाशित करता है। 27. समय मिथ्या है, इसलिए समय में घटी घटनाओं के बारे में कुछ भी स्मृतिभ्रम होना सामान्य है। 28. समस्त घटनाएँ समय में नहीं हो रही हैं, किंतु अनुभव और बुद्धि समय आधारित है। 29. जन्म सपने का बदलना है; उसी स्मृति से दूसरा स्वप्न गढ़ दिया जाता है; मृत्यु स्वप्न का अंत है; दूसरा स्वप्न प्रारंभ हो जाता है। 30. पूर्वनिर्धारण मिथ्या का सत्य है। 31. जो अनुभव प्रतीत होता है वह सब पूर्व निर्धारित है, इसलिए घटनाएँ समय में होती हुई प्रतीत होती हैं। 32. पूर्वाभास होना पूर्वनिर्धारण का उदाहरण है। 33. पूर्वनिर्धारण किसी एक घटना में नहीं, बल्कि समग्र सृष्टिचक्र और कर्मचक्र में है। 34. जो पूर्वनिर्धारित है वह पूर्वनिर्धारित ही है, नहीं बदलता; जो बदलता हुआ प्रतीत होता है वह माया के स्तर पर है। 35. हमेशा वर्तमान ही है; जो वर्तमान से संतुष्ट नहीं वह अतीत और भविष्य के विचार कर सकते हैं जो भी वर्तमान में ही होता है। 36. रचना के लिए समय आवश्यक है, किंतु अस्तित्व समयहीन है। 37. अव्यक्त से सब रचनाएँ समयहीनता में हो रही हैं, सब एक साथ हो रहा है। **** # 14. परिवर्तन 1. परिवर्तन ही अस्तित्व का नियम है। 2. सारा अनुभव परिवर्तन का है जो सदा वर्तमान में होता है। 3. जो परिवर्तनशील नहीं है, जो शून्य है उसी में सारे परिवर्तन प्रतीत होते हैं। 4. परिवर्तन हो नहीं रहा है, इसलिए मिथ्या कहा जाता है, जब परिवर्तन होता है, रचनाएँ बनने लगती हैं तब ही बुद्धि का उपयोग है। 5. परिवर्तन के कारण समय प्रतीत होता है, किंतु परिवर्तन समय शून्यता में होता है। 6. जब भी कोई परिवर्तन होता है, तो एक अनुभव होता है, अथवा हम एक अनुभव को परिवर्तन के रूप में परिभाषित कर सकते हैं। 7. वास्तव में परिवर्तन भी नहीं है, परिवर्तन प्रतीत होता है, क्योंकि परिवर्तन स्मृति का भ्रम मात्र है; स्मृति भी मिथ्या है। 8. परिवर्तन हर प्रकार के भ्रम का जन्मदाता है, परिवर्तन ही पहली ऊर्जा है, शक्ति है। 9. अस्तित्व का तत्व शून्य है, शून्य में कोई परिवर्तन नहीं होता, परिवर्तन प्रतीत होता है। 10. जब स्मृति में एक अनुभव की दूसरे अनुभव से तुलना की जाती है तो परिवर्तन का ज्ञान होता है। 11. स्मृति में होने वाली प्रक्रिया चित्तवृत्ति है; उनमें से एक प्रक्रिया परिवर्तन दर्शाता है जो है- स्मृति की तुलना की प्रक्रिया। 12. घटनाओं की तुलना भूतकाल और वर्तमान के बीच की तुलना नहीं है; ये तुलना वर्तमान स्मृति और वर्तमान अनुभव के बीच में है, यही परिवर्तन का अनुभव है जो वर्तमान में ही होता है। 13. परिवर्तन से गति की गणना चित्त कर लेता है, गति है तो स्थान का अनुमान लगाया जा सकता है; वस्तुओं को स्थान में प्रक्षेपित किया जा सकता है। 14. स्मृति नहीं तो परिवर्तन नहीं, गति नहीं, स्थान नहीं, समय नहीं, वस्तुएं भी नहीं दिखाई देंगी। 15. गति परिवर्तन है; परिवर्तन का कारण स्मृति है, कोई परिवर्तन न हो तो कोई अनुभव भी नहीं होता। 16. जिसको हम चलना कहते हैं वह चलना नहीं है; परिवर्तन मात्र है, तन्मात्रा परिवर्तित होते हुए दिखती है, बाद में समय और स्थान की मान्यता आरोपित कर दी जाती है। 17. जब स्थूल परतों में इतना परिवर्तन हो जाए कि उसकी पहचान भी असंभव हो जाए तो उसे मृत्यु या नष्ट होना कहते हैं, सूक्ष्म परत अधिक स्थायी होती है। 18. वस्तुओं का निर्माण, संयोजन और विघटन होता रहता है; कुछ शेष नहीं रहता। 19. जो कुछ भी पैदा होता है उसकी मृत्यु तय है; मृत्यु भी एक रूप से दूसरे रूप में परिवर्तन मात्र है। 20. जो परिवर्तन होता है इन्द्रियां उसको बढ़ा चढ़ाकर बताने लगती है, यदि परिवर्तन नहीं हुआ तो जानकारी देने की कोई आवश्यकता नहीं होती। 21. जिसका अनुभव भी नहीं होता, केवल मान्यता है उसमें परिवर्तन नहीं दिखता। 22. सभी अनुभव मिथ्या है तो न किसी अनुभव का लाभ है न हानि; सांसारिकता में उपयोगिता के आधार पर लाभ-हानि की सारी मान्यताएँ आरोपित हैं। 23. एक अनुभव जाकर दूसरा आता है, इसलिए परिवर्तन है, किंतु शून्य में परिवर्तन नहीं हो सकता, परिवर्तन भी सत्य नहीं है, इसलिए अस्तित्व में कुछ भी होने का संभावना मात्र है। **** # 15. साक्षीभाव और साधना 1. आत्मज्ञान के बाद अपने स्वरुप में स्थित होना ही साक्षीभाव है; यही "स्वस्थ" होना है। 2. साक्षीभाव कोई विचार या भावना नहीं, ज्ञान का परिणाम है। 3. जब संपूर्ण चित्त ज्ञान से प्रकाशित होता है, वह साक्षीभाव है। 4. साक्षीभाव अनुभवकर्ता नहीं है; उसका प्रतिबिंब है। 5. साक्षीभाव वृत्तियों का द्रष्टा बनना है, वृत्तियोंको बंद करना नहीं है। 6. दृष्टिकोण अनुभव से बदलकर अनुभवकर्ता का हो जाए तो वह साक्षीभाव है। 7. साक्षीभाव भी चित्तवृत्ति ही है, किंतु वह चित्तवृत्ति है जो अन्य सभी चित्तवृत्तियों का नियंत्रण करती है। 8. साक्षीभाव चित्तवृत्ति है, इसलिए अनुभव मान सकतें हैं, किंतु कोई विशेष अनुभव नहीं है। 9. साक्षीभाव भी मिथ्या है, किंतु माया के स्तर पर यही महत्वपूर्ण है। 10. जो अभी का अनुभव है उसको ज्ञान से प्रकाशित करें तो वही साक्षीभाव है। 11. साक्षीभाव कोई जादू नहीं, प्राकृतिक घटना है। 12. जहाँ स्वयं होने में शंका है वहाँ ज्ञान भी नहीं, साक्षीभाव भी नहीं है। 13. कुछ न करना साक्षीभाव नहीं है, साक्षीभाव में कर्म अधिक कुशलता से होगें। 14. साक्षीभाव में कर्म प्रकाशित करने का अर्थ अज्ञान का अंधकार हटाकर ज्ञान स्मरण के साथ कर्म करना है। 15. साक्षीभाव और ध्यान दोनों चित्त की स्थिति है; साक्षीभाव में अनुभवकर्ता और अनुभव का ज्ञान रहता है, ध्यान बिना साक्षीभाव के भी हो सकता है। 16. अनुभवकर्ता युक्त ध्यान साक्षीभाव है। 17. ध्यान में जहाँ ध्यान होता है उसी बात, यानी कि वस्तु पर ध्यान रहता है और उसी का अनुभव होता है; जब यह अनुभव अनुभवकर्ता के साथ मिलाया जाता है तो वह साक्षीभाव हो जाता है। 18. ध्यान साक्षीभाव तक पहुँचने की सीढ़ी है; साक्षीभाव ध्यान से ऊपर की अवस्था है। 19. ध्यान एक क्रिया है, साक्षीभाव स्वयं को जानना है। 20. जिनका ध्यान अच्छा नहीं है वे, और जो ध्यान में ही अटक गए हैं, वे भी साक्षीभाव तक नहीं पहुँच पाएँगे। 21. साक्षी के ऊपर ध्यान जा ही नहीं सकता; ध्यान देने के लिए कोई वस्तु चाहिए, अनुभव चाहिए; साक्षी का ज्ञान अवश्य होगा और वह ज्ञान विचार के रूप में आएगा। 22. अनुभवकर्ता ध्यान का विषय या वस्तु नहीं है। 23. किसी चित्तवृत्ति, बौद्धिक वृत्ति या स्मृति को साक्षीभाव समझना अज्ञान है। 24. सभी अनुभव जिस प्रकाश में प्रकाशित हो रहे हैं यही साक्षीभाव है, जो इसी क्षण प्रत्यक्ष है। 25. यदि अनन्य ध्यान में चेतना है तो वह साक्षीभाव है; और यदि समावेशी ध्यान में चेतना है तो वह अनुभवक्रिया है। 26. यदि “मैं” की अवस्था चित्तवृत्ति पर है तो वह वृत्ति न अनुभव को पकड़ पाती है न अनुभवकर्ता को। 27. कोई भी वृत्ति "मैं" नहीं हूँ; वृत्ति से ऊपर उठकर "मैं" कि स्थिति अनुभवकर्ता पर लाना साक्षीभाव है। 28. आलस्य कुछ ना जानने की वृत्ति है; "कुछ नहीं जाना जा सकता, प्रयत्न से प्रगति नहीं होती"; यह समर्पण है। 29. रोग ठीक होने के बाद औषधी आवश्यक नहीं है। 30. अनुभवकर्ता का ज्ञान होने वाला ज्ञान है, रटने या दिखने वाला ज्ञान नहीं। 31. वाद-विवाद और तर्क-वितर्क बुद्धि के स्तर तक सीमित है; साक्षीभाव के स्तर पर मौन है। 32. पशु-पक्षियों में प्राकृतिक चेतना होती है, इसलिए आने वाली विपदा को पहले ही जान लेते हैं, संकेत देते हैं और सुरक्षित रहते हैं, मनुष्य में अहम् के कारण प्रकृति से सम्पर्क ही टूट गया है। 33. अनुभव और अनुभवकर्ता का विलय योग है; चित्तवृत्ति रुकना योग नहीं; योग चित्त की अवस्था नहीं है। 34. चित्तवृत्ति को रोकना असंभव है, शुद्ध किया जा सकता है, उसके पश्चात चित्तवृत्ति माया जान पड़ती है; तब योग प्रकट होता है। 35. साक्षीभाव में इच्छा, विचार आदि आना अज्ञान नहीं है, उस पर कोई मान्यता या कल्पना आना अज्ञान है। 36. साक्षीभाव के लिए ज्ञान के विचार आ सकते हैं, किंतु विचार को सत्य मानना अज्ञान है। 37. विचार ज्ञान के हो या अज्ञान के, वो साक्षीभाव नहीं है। 38. साक्षीभाव चित्त पर आधारित है; यदि चित्त शुद्ध है तो साक्षीभाव रहता है, अशुद्ध है तो नहीं रहता। 39. साक्षीभाव में वृत्तियाँ बंद नहीं होंगी, दुगुनी भी हो सकती हैं, किंतु ज्ञान के प्रकाश में दिखेंगी; द्रष्टा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। 40. साक्षीभाव में जो आवश्यक नहीं वह अपने आप रुकेगा, जो आवश्यक है वह चलेगा॥ 41. शक्ति में संवेदना, बुद्धि, चेतना आदि है, किंतु ब्रम्ह प्रकाश द्वारा प्रकाशित है। 42. साक्षीभाव स्मृति में नहीं है, वर्तमान में "स्व" में स्थित होना है। 43. केवल याद करने से साक्षीभाव नहीं मिलेगा, विचार मिलेगा, जो स्मृति से प्रकट हुआ है; साक्षीभाव में होना होता है। 44. अनुभव का कोई स्थान नहीं है; स्थान अनुभव है, सारे अनुभवों का स्थान चेतना है, चेतना का कोई स्थान नहीं। 45. ज्ञान और साक्षीभाव का प्रभाव तथा आध्यात्मिक परिवर्तन बाह्य नहीं आंतरिक रूप से होता है। 46. साक्षीभाव प्राकृतिक रूप से आएगा, प्रगति अपने आप होगी। 47. "मैं" और "मेरा" भाव ही अहम् वृत्ति है, यह जीवन के लिए आवश्यक है; अहम् वृत्ति नाश हुआ तो जीव भी नाश हो जाएगा। 48. सरलता में जो शक्ति है वह किसी में नहीं, क्योंकि अस्तित्व सरल है। 49. समाधि में आना अपने घर आना है और अन्य अवस्था में रहना यात्रा पर जाना है। 50. अस्तित्व की अवस्था समाधि की है; हर क्षण समाधि है। 51. जिस बर्तन के नीचे आग जल रही है वह गर्म हो ही जाता है। 52. चेतना वह है जब ध्यान में अनुभवकर्ता समावेश (सम्मिलित) रहता है। 53. साक्षीभाव के साथ शक्ति शिव में मिल जाती है, इसलिए आत्मज्ञान सृष्टि की सबसे बड़ी घटना है। 54. जहाँ ज्ञान है वहाँ साक्षीभाव अपने आप आ जाएगा। 55. साक्षीभाव को कर्म के रूप में देखना, कर्ताभाव होना और प्रयास से साक्षीभाव आ जाएगा ये समझना अज्ञान है। 56. अचेतन में कर्म अंधकार में होते हैं और चेतना में वही कर्म प्रकाश में होते हैं। 57. ज्ञान और साक्षीभाव से संसार ठीक नहीं हो जाएगा, जैसा है वैसा चलेगा; जो होगा आपके अंदर होगा। 58. चेतना पहरेदार का कार्य करती है। 59. साधक में भी सभी वृत्तियाँ होती है, किंतु वह शांत दिखाई देता है, क्योंकि वह साक्षीभाव के प्रकाश में है, मुक्त है। 60. साक्षीभाव प्राकृतिक घटना है, ज्ञान का परिणाम है। **साधना** 1. ज्ञान के बाद सरल, सात्विक जीवन जीना चाहिए। 2. मनन का अर्थ कल्पना करना नहीं है; शब्दों का अर्थ विकृत करना नहीं है। 3. चेतना अकेली नहीं चलती, अन्य वृत्तियों के साथ जुड़ जाती है; सभी परतें समानांतर रूप में कार्य करती हैं। 4. चित्त में कोई भी वृत्ति बेकार नहीं है; हर वृत्ति का अपना महत्व और कार्य है; बस संतुलन और साक्षीभाव में चलना चाहिए। 5. साधना को जीवनशैली बनाना और अपनी इच्छा से कभी भी किसी भी अवस्था/लोक में जा पाना साधक का लक्ष्य होना चाहिए। 6. साक्षीभाव जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य होना चाहिए, साक्षी से प्रेम होना चाहिए; तब साक्षीभाव विस्मरण असंभव होगा। 7. साक्षीभाव का जाना-आना प्राकृतिक है। 8. साक्षीभाव स्वाँस लेने से भी सरल है, प्रयासहीन प्रयास है। 9. जो व्यक्ति दो नाव पर सवार है वह तो डूब जाएगा 10. अज्ञान के लिए बहुत प्रयास लगता है, ज्ञान के लिए नहीं; ज्ञान होते ही साक्षीभाव प्रकट होना चाहिए। 11. ज्ञानप्रसार साक्षीभाव लाने का उपाय है। 12. जिसका सही मार्ग है उसमें ज्ञान बीज कहीं नहीं जाएगा; यदा-कदा विस्मरण से घबराना नहीं चाहिए। 13. प्रतिकूल परिस्थिति में साक्षीभाव को माया की बाढ़ बहा ले जाती है; अधिक तेज़ करने का संकल्प लेना चाहिए। 14. साधक जितनी प्रगति करता है उतनी बड़ी परीक्षाएँ होती है। 15. कठिन परिस्थिति और परीक्षा के समय में उस परिस्थिति से बाहर आने की शक्ति भी साथ में मिल जाती है। 16. जो भी करते हैं साक्षीभाव में करें; बदलाव अपने आप आएगा। 17. अधिक नियंत्रण का प्रयास प्राकृतिक नहीं है; साक्षीभाव में जहाँ पर आवश्यक है कर्म अपने आप होगा; जहाँ नहीं वहाँ अपने आप रुकेगा। 18. जो जागृति में जगा नहीं है उसका जीवन सोया हुआ है, जो जागृति में जगा है उसका साक्षीभाव प्रकाशित है; उसको सब दिखाई देगा। 19. चेतना का विस्तार अधिक ज्ञान से नहीं मिलता; चेतना का विस्तार उसका प्रयोग में है। 20. साक्षीभाव के प्रकाश में व्यक्ति जो चाहेगा वह करेगा; जो करेगा वह शुद्ध होगा। 21. ज्ञानी में जिस समय जो आवश्यक है वही वृत्ति सक्रिय होती है। 22. ज्ञान के लिए प्रयास लगता है, साक्षीभाव के लिए नहीं। 23. ज्ञान होने पर साक्षीभाव स्वयं प्रज्वलित होगा। 24. जो अभी की सामान्य अवस्था है वही सहज समाधि है जो नित्य है। 25. सहज समाधि को जानने के लिए सभी वृत्तियों के साथ साक्षीभाव युक्त अवस्था होनी चाहिए। 26. जब साक्षीभाव सभी अवस्था में स्थिर हो जाता है वही तुर्या है। 27. साधना में कुछ जोड़ना नहीं, घटाना आवश्यक है, जो बाधा है वह तो बिलकुल जोड़ना नहीं; साधना सरलीकरण है। 28. आम लोगों में यह धारणा है कि आध्यात्मिक या साक्षीभाव की साधना बहुत कठिन है, बल्कि यह साधना सबसे आसान और शक्तिशाली है; साक्षीभाव इस सृष्टि में सबसे प्रभावकारी साधना है। 29. साधना अपने आप में मिथ्या है, माया का भाग है। 30. एकता का ज्ञान होने के बाद साधना बेकार है; फिर भी जब तक मन अंधकार में जाता रहेगा तब तक साक्षीभाव के साधना आवश्यक है। 31. तंत्र साधना कई जन्मों का कार्य है; साधना में सतत प्रयास ही सफलता दिलाता है। 32. सूक्ष्म प्रयोग में सफल होने के लिए ध्यान इंद्रियों से हटाना आना चाहिए। 33. अज्ञान नाश होने के बाद न साधक बचता है न साधना; न कर्ता बचता है न कर्म। 34. जिस साधना में गुरु के बिना सफलता मिली है तो वह पूर्व जन्म की साधना का परिणाम हो सकता है। 35. ज्ञानार्जन किसी भी साधना के बीच में नहीं आता; ज्ञान के प्रभाव से साधना अपने आप छूट जाती है। 36. शब्द और साधना वह नाव है जो अज्ञान का नदी पार करने में सहायक है; नदी पार करने के बाद नाव को वहीं छोड़ना चाहिए। 37. साक्षीभाव की साधना जीवन को प्राकृतिक बनाती है, अनेक उलझने जोड़कर जटिल बनाना विफलता है। 38. साक्षीभाव साधनाहीन साधना है; कर्महीन कर्म है। 39. साधना और ज्ञानार्जन के लिए आलस्य और समर्पण दोनों अवस्था में प्रयत्न नहीं लगता। 40. जहाँ जीवन का प्रश्न है वहाँ मनुष्य बनकर जीना है, जहाँ अध्यात्म का प्रश्न है वहाँ ब्रम्ह। **** # 16. गुरु और शिष्य **गुरु** 1. जो आत्मज्ञान देता है वही सत्गुरु है, वही अंतिम गुरु है। 2. गुरु वही है जो शिष्य के भीतर छिपी दिव्यता को पहचान कर उसे प्रकट करे। 3. माता-पिता शरीर को जन्म देते हैं और गुरु आत्मन को जन्म देता है। 4. जीव के कल्याण के लिए मौन ही मौन तोड़ता है और गुरु रुप में प्रकट होता है; नहीं तो जीव मौन तक नहीं पहुँच पाएगा। 5. आत्मज्ञान के बाद गुरु-शिष्य में भेद नहीं रहेगा; एक हो जाएँगें। 6. गुरु और शास्त्र/शब्द ज्ञान की ओर संकेत करते हैं, मार्ग दिखाते हैं; उस मार्ग पर साधक को स्वयं चलना है। 7. ज्ञानी/दार्शनिक अपना शब्द स्वयं चुनता है, अपना शब्दकोश स्वयं बनाता है। 8. ज्ञानी पुस्तक पढ़ता नहीं, पुस्तक लिखता है। 9. जिसका शब्द है वही उसको परिभाषित कर पाएगा। 10. सभी मार्गों में गुरु का महत्व है, क्योंकि गोविंद तक गुरु ही पहुँचा सकता है। 11. जब गुरु के सामने समर्पण शुरु होता है, तब प्रगति शुरु होती है। 12. पूज्य वह होता है जिसके जैसा हम बनना चाहते हैं। 13. जो भी मुझे कुछ सिखा दे वह मेरा गुरु है। 14. गुरु जो बोलते हैं वह संकेत मात्र है; संकेत कहाँ से आ रहा है यह जानना असंभव है। 15. गुरु शिष्य के अज्ञान के अनुसार मिलता है, ज्ञान के अनुसार नहीं; जब ज्ञान बढ़ता जाएगा गुरु बदलता जाएगा। 16. गुरु में देने की वृत्ति है; लेने की नहीं। 17. सबसे बड़ा दान ज्ञानदान है। 18. ज्ञान ही वह धन है जो वितरण करने से बढ़ता है। 19. आध्यात्मिक मार्गपर चलने के लिए गुरु धुरी है जिसके आसपास सारा अध्यात्म घूमता है। 20. किसी को ज्ञान नहीं दिया जा सकता, गुरु भी संकेत और कृपा ही कर सकता है; ज्ञान स्वयं लेना पड़ता है। 21. मनुष्य गुरु नहीं हो सकता; मनुष्य के द्वारा गुरु की शक्ति प्रकट होती है। 22. कृपा भेदभाव नहीं करती; सब में समान रुप से बरसती है, कितना संकलित हो सकेगा यह पात्र पर निर्भर है। 23. जिसने अंतिम जड़ तक जा कर अनुसंधान किया वही कह सकता है कि- “सब अज्ञेय है”। 24. ज्ञानी को शब्द समझ में आता है, दूसरों के दिल के बात नहीं, इसलिए सही शब्द चयन आवश्यक है। 25. जिस स्तर की समस्या है उस स्तर पर नहीं सुलझती, उसका समाधान के लिए एक स्तर ऊपर जाना पड़ता है, इसलिए गुरु आवश्यक है। 26. यदि शिष्य गुरु के लिए कुछ करना चाहता है तो वह ज्ञानप्रसार के कार्य कर सकता है; आर्थिक सहायता नहीं। 27. ज्ञानप्रसार के लिए स्वेच्छा और प्रयास आवश्यक है; स्वेच्छा का भाव प्रेम और करुणा से आता है। 28. जो गुरु से विवाद करके जीत जाता है वह सदा के लिए हार जाता है। 29. गुरु दीया, बाती और तेल देते हैं; ज्ञान की ज्योति स्वयं प्रज्वलित करनी पड़ती है। 30. गुरु मौन तोड़ता है, ताकि शिष्य मौन हो जाए। 31. गुरु ही अज्ञानी कहलाने का संकट मोल ले सकता है, ताकि दूसरों का अज्ञान साफ़ हो सके। 32. गुरु में बोधिसत्व वृत्ति है, इसलिए वह जानबूझकर अज्ञानी होने का नाटक कर सकता है। 33. जीवन ही जीव का गुरु है। 34. माया बुद्धि को उल्टा कर देती है; गुरु आकर सीधा कर देता है। 35. हीरा कोयले में मिलता है; गुरु उसको तराश कर शुद्ध बनाना जानता है; कोयले को हीरा कोई और नहीं बना सकता। 36. गुरु क्या बोलते हैं यह जानना आवश्यक नहीं है; गुरु जो बताते हैं वह अपने अनुभव में सत्यापित होता या नहीं यह जानना आवश्यक है। 37. गुरु झूठ से प्रारंभ करता है और सत्य पर अंत करता है। 38. गुरुक्षेत्र भी मिथ्या है, किंतु यही सत्य तक ले जाता है; मिथ्या ही सत्य का द्वार है। 39. गुरु से ज्ञान के अतिरिक्त अन्य कोई अपेक्षा या प्रपंच करना उचित नहीं है; गुरु को ज्ञान के लिए उपयोग करना चाहिए। 40. गुरु का गुण है कि शिष्य को आत्मनिर्भर बना सके; आत्मनिर्भर बनाने का गुण नहीं है तो वह गुरु नहीं बन सकता। 41. गुरु वह करता है जिससे आपकी मान्यताएं टूट जाएँ। 42. गुरु कुछ बनाता नहीं; तोड़ना गुरु का कार्य है। 43. गुरु ज्ञान के लिए जो प्रपंच करता है वह कोई नहीं जानता। 44. जो भी गुरु के संपर्क में आता है वह जाग जाता है; इतना ही काम है गुरु का। 45. ढूँढने से गुरु नहीं मिलता, जब साधक में गुण प्रकट होने लगते हैं तब गुरु शिष्य को स्वीकार करता है। 46. मार्ग पर ध्यान देना आवश्यक है, गुरु पर नहीं। 47. गुरु के लिए सब शिष्य बराबर हैं। 48. बोधिसत्व में पूर्ण ज्ञान है, परंतु करुणा के कारण जानबूझकर अज्ञान अपना लेता है; दूसरों के उद्धार के लिए नाम-रूप में आता रहता है। 49. गुरु जो चाहे वह कर सकता है; गुरु की तुलना आम जनता से नहीं हो सकती। 50. जैसे रात भर का अंधेरा एक दीया जलाने से क्षण भर में नष्ट हो जाता है वैसे ही गुरु के एक वाक्य से जन्मों का अज्ञान नष्ट हो जाता है। 51. गुरु शिष्य को ऊपर उठाने के लिए अज्ञान का नाश कर देता है, वासना पूर्ति नहीं करता, इसलिए लोग गुरु के पास जाने से डरते हैं, किंतु जो सबसे बड़ा है वही सबसे सरल है। 52. सभी के मन के बात जानना कोई बड़ी बात नहीं है; सबके अनुभव जान लेने के बाद भी मूलज्ञान वही है। 53. गुरु ही शब्द देता है, ज्ञान की ओर संकेत करता है, नाव देता है, नदी पार करवाता है और पार होने के बाद गुरु ही उसको छुड़वाता है। 54. संसार रुपी नदी से पार ले जाने वाला नाविक गुरु है। 55. जो शिष्य जिस स्तर पर है गुरु उसी स्तर पर जाकर उत्तर देता है, इसलिए एक ही प्रश्न पर हरेक शिष्य के लिए अलग-अलग उत्तर होते हैं। 56. सही पालन-पोषण और सही संस्कार देना माता-पिता का कार्य है; ज्ञान देना गुरु का कार्य है। 57. जिसको ज्ञान हुआ है वह किसी भी पुस्तक की व्याख्या कर सकता है। 58. गलतियां दिखाना भी कृपा है जो गलतियां न दिखाए वह गुरु नहीं है। 59. गुरु और शिष्य में तालमेल होना आवश्यक है। 60. साधक को गुण और गुरु का ही सहारा है। 61. योगी और संत की प्रार्थना सभी के लिए होती है। 62. जो फल पका है वही तोड़ने योग्य है, जो शिष्य तैयार है वही गुरु की झोली में गिरेगा। 63. ज्ञान देने के लिए गुरु शिष्य के स्तर तक आता है, शिष्य की मान्यता को ही उपाय बना लेता है; यह उसकी कला और करुणा है। 64. जहाँ प्रकाश है वहाँ आस-पास का वातावरण भी प्रकाशित होता है। 65. ज्ञान से बड़ी कोई सेवा नहीं है; एक व्यक्ति को आत्मज्ञान होता है तो सारे जगत का कल्याण होता है। 66. एक गुरु में सभी गुरु होते हैं; सभी गुरुओं में एक ही गुरु तत्व होता है। 67. जो कम से कम में काम चलाता है उसके पास अधिक से अधिक समय रहता है। 68. दूसरों की सेवा से जो प्रसाद मिलता है वही मेरा सुख है। 69. जब तक दूसरों की सेवा में न बिते उस जीवन का कोई उपयोग नहीं है। 70. जो देता है उसको बिना माँगे ही सब कुछ मिलता है; जो लेता है उसको केवल संघर्ष और निर्भरता मिलती है। 71. जो समृद्ध है वही कुछ दे सकता है; जो भिखारी है वह नहीं दे सकता। 72. यदि साधक में गुण की कमी है तो गुण का विकास करना ही उसका मार्ग है; गुरु गुणी शिष्य चाहता है। 73. महापुरुष वह नहीं है जो चमत्कार करता है; महापुरुष वह है जो जानता है कि कोई चमत्कार नहीं है। 74. गुरु माँगता है, ताकि आप छोड़ दें; गुरु छीनता है, ताकि आप ऊपर उड़ पाओ। 75. या तो कोई इच्छा मेरी नहीं है, या सभी इच्छा मेरी ही है, इसलिए गुरु सभी की इच्छा पूरी करता है। 76. शिष्य को समझाने के लिए गुरु हर युक्ति का प्रयोग करते हैं, इसलिए गुरु की हर बात को ज्ञान के स्तर और संदर्भों के अनुसार समझना चाहिए। 77. शास्त्रों/पुस्तकों में ज्ञान नहीं सूचना होती है, शास्त्र अनुभव दिलाते नहीं; आप को मान्यताओं से भर देते हैं। 78. ज्ञान शब्दों से परे है; शब्दों के परे जाना गुरु के माध्यम से ही संभव है। 79. सभी में ज्ञान का श्रोत एक ही है। 80. ज्ञान तो हर लोक में है, किंतु ज्ञानार्जन के लिए सबसे अच्छा लोक मृत्यु लोक है, क्योंकि यहाँ जन्म और मृत्यु है; मृत्यु से भय है, जिज्ञासा है, गुरु तथा शास्त्र भी यहीं है। 81. ज्ञान छोटा सा है, प्रश्न भी छोटे, उत्तर भी छोटे ही होते हैं, वह भी रिक्त करने के लिए; शेष सब चित्तवृत्ति है। 82. किसी एक व्यक्ति का ज्ञान, दूसरा व्यक्ति सिद्ध नहीं कर सकता; जहाँ से सुना है उसका उत्तर वहीं खोजना चाहिए। 83. साधक की दिनचर्या उस मार्ग के नियम एवं गुरु के निर्देशन पर निर्भर करता है; ज्ञानमार्गी अपनी दिनचर्या स्वयं तय करता है। 84. किसी को क्या निर्णय लेना होगा यह दूसरा नहीं बता सकता; गुरु भी सुझाव ही दे सकता है। 85. सच्ची शिक्षा बाह्य साधनों से भरी नहीं जा सकती, सच्ची शिक्षा तो वह है जो भीतर निहित अनंत ज्ञान भंडार को ऊपर ला सके। 86. ज्ञान सदा से है, इसकी रक्षा भी नहीं करनी पड़ती, स्वयं रक्षित है; अज्ञान आता जाता है। 87. ज्ञान शुद्ध, मुक्त और स्वछंद है; निशुल्क है, किसी की सम्पत्ति नहीं, इसलिए मूलज्ञान बेचना पाप है। 88. ज्ञान किसी का नहीं, अस्तित्व का वरदान है; सभी को इस पर अधिकार है। 89. ज्ञानी वह करता है जो उसका ज्ञान बताता है। 90. जो प्रकृति के नियम अनुकूल चलता है उसको देवी पकड़कर ले जाती है अध्यात्म में। **शिष्य/साधक** 1. अधिकाशं व्यक्ति मार्गहीन ही पैदा होते हैं, सही मार्ग उसी को मिलता है जिसका सही मार्गदर्शक है। 2. यदि ज्ञान बीज उर्वर भूमि पर पड़ा है तो अंकुरित होकर रहेगा; बंजर भूमि पर नहीं। 3. ज्ञानप्रसार में एक स्वार्थ है कि गुरुक्षेत्र से जुड़े रह सकते हैं। 4. गुरु के सामने सब कुछ प्रकट करना चाहिए; जो छुपाता है उसकी प्रगति नहीं होती। 5. जितना बड़ा पात्र है उतना पानी संकलित हो जाएगा। 6. अज्ञानी के लिए शास्त्र बेकार हैं, वह कुछ नहीं जान पाता; ज्ञानी के लिए शास्त्र बेकार हैं, वह सब कुछ पहले ही जानता है। 7. ज्ञानपिपासु को ही ज्ञानामृत पिलायें, सबको नहीं, भैंस को घास खिलाते हैं, वेद/पुराण नहीं। 8. जो माँगता नहीं है उसको भिक्षा नहीं देनी चाहिए। 9. ज्ञानी ज्ञान के पीछे है; शास्त्र के पीछे नहीं। 10. सारा संघर्ष गुरु तक पहुँचने का है; उसके बाद सभी संघर्ष समाप्त होते हैं। 11. जो जानने योग्य है अनुभव से जाना जाएगा; शब्दों से नहीं। 12. ज्ञान की इच्छा, कृपा से जागृत होती है। 13. साधक जानना चाहता है, किंतु यह नहीं जानता कि कैसे जानना है। 14. सूचना को ज्ञान में बदलने का काम साधक स्वयं का है। 15. संशय अज्ञान का लक्षण है; शंका का समाधान प्रमाण से होगा, किसी के कहने से या पुस्तक पढ़ने से नहीं। 16. ज्ञान खोने से मिलेगा, पाने से नहीं; ज्ञानी स्वयं को खोकर सब कुछ पा लेता है, खोना ही पाना है। 17. मतारोपित व्यक्ति मतों का दास होता है, मतों को ही ज्ञान मान लेता है। 18. ज्ञान कृपा से मिलता है, प्रयास से नहीं, किंतु प्याला रिक्त होना चाहिए; खाद-पानी देते रहना चाहिए। 19. काल्पनिक प्रश्न के उत्तर भी काल्पनिक होगें और उन से अज्ञान ही बढ़ेगा। 20. आत्मज्ञान के बाद साधक ही नहीं रहता। 21. उत्तरों को एकत्रित नहीं करना है, प्रश्नों का नाश करना है। 22. जो अपना अज्ञान देख पाता है वही हर प्रश्न के पीछे का अज्ञान देख पाएगा। 23. जिसको ज्ञान हुआ है वह पूछेगा नहीं; उसको स्पष्ट है। 24. आध्यात्मिक नाम धारण करना नया जन्म है, पुराना सब कुछ मिट जाना है; अज्ञान का नाश होते ही नाम का भी नाश होना चाहिए। 25. ज्ञान किस माध्यम से आया है यह जानना आवश्यक नहीं है; सही ज्ञान क्या है यह जानना आवश्यक है। 26. जब प्रश्न सही आने लगे तभी उत्तर सही आएगा। 27. साधक से गुरु के स्तर में पहुचने के लिए कई जन्म लगते है। 28. सीखने की इच्छा या मुमुक्षत्व शिष्य बनने के लिए पहला गुण है। 29. किसी को मार्ग पर लाना संभव नहीं है; जो तैयार है वह अपने आप आ जाएगा। 30. साधक सुपात्र के साथ साथ रिक्त पात्र होना भी आवश्यक है; जो रिक्त है उसी में कुछ भरा जा सकता है। 31. अज्ञान फैलाने वाले बहुत है, किंतु ज्ञान बताने वालों की कमी है। 32. मनुष्य योनी ही ऐसी है जहाँ ज्ञान संभव है; ज्ञान की संभावना सभी मनुष्यों में है। 33. मुझे ज्ञान हो गया कहने वाला कोई नहीं होता, क्योंकि ज्ञान होने के बाद व्यक्ति नहीं बचता। 34. जिन्हों ने अपरोक्ष अनुभव और तर्क को ज्ञान का साधन नहीं बनाया है वे शब्दों में, भाषाओं में व्याख्या में ही झगड़ते रहते हैं, उलझे रहते हैं। 35. ज्ञानप्रसार की कठिन परिस्थिति में प्रगति तेज़ हो जाती है। 36. जिसको ज्ञान हो गया उसकी हर चीज़ सुलझ जाती है। 37. जब तक शिष्य या साधक बचेगा तब तक अज्ञान भी बचेगा। 38. गुरु मिलना आसान है, किंतु योग्य शिष्य मिलना कठिन है। 39. ज्ञान का प्रभाव साधक के स्वभाव पर निर्भर होता है। 40. अहंकार से पतन होगा, समर्पण से प्रगति होगी। 41. अज्ञानी जो सोचता है वह कहता है, ज्ञानी जो देखता है वह कहता है। 42. किसी एक की प्रगति पूरी अस्तित्व की प्रगति है। 43. सीखते समय गलतियां होंगी, जितनी ग़लतियाँ होंगी उतना अज्ञान प्रकट होगा; बुद्धि में समस्या दिख पड़ेगी और अगली बार ग़लतियाँ नहीं होंगी। 44. शिष्य को ज्ञान हुआ है या नहीं, वह अज्ञेयता के स्थिति में पहुँचा है या नहीं यह उसके प्रश्नों से पता चलता है। 45. साधक में अति जिज्ञासा होनी चाहिए, ज्ञान ही जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य होना चाहिए; यही मुमुक्षत्व है। 46. शिष्य में एक गुण होता है कि वह जब तक वहाँ नहीं पहुँचता, तब तक गुरु को रोक लेता है, प्रश्न करता है। 47. ज्ञान होने के बाद व्यक्ति बड़ा नहीं छोटा हो जाता है, दंभ का नाश होकर विनयशीलता आती है। 48. अज्ञानी दंभी होता है; माया ने आवरण और विक्षेप डालकर बड़े को छोटा और छोटे को बड़ा कर देती है। 49. ज्ञानमार्गी आश्रम को घर नहीं बनाता है, घर को आश्रम बनाता है। 50. पुस्तक प्रश्नों का उत्तर नहीं दे सकती; विध्न या दोष दूर नहीं कर सकती। 51. समर्पण किया नहीं जाता; हो जाता है। 52. उलझन वाले प्रश्न से व्यक्ति का ज्ञान-अज्ञान क्या है वह बाहर निकल आता है। 53. ज्ञान सत्यापित होना आवश्यक है। 54. उन्नति का मार्ग संघर्ष से भरा है, उसमें एक ही प्रार्थना काम आएगी- वह है “धन्यभाव”; इससे श्रेष्ठ कोई प्रार्थना नहीं है। 55. संस्कृत श्लोक या बड़े शब्द सुन लेने से ज्ञान का भ्रम हो जाएगा, अहंकार और दंभ बढ़ेगा; गुरु के संकेत बिना ज्ञान नहीं होगा। 56. जहाँ अज्ञान है वहाँ मनन आवश्यक है, अपरोक्ष अनुभव और तर्क से उत्तर मिल जाता है; न मिले तो गुरु से पूछना चाहिए। 57. इंद्रियों के साथ बुद्धि भी बढ़नी चाहिए नहीं तो व्यक्ति झेल नहीं पाएगा; पागलपन आ सकता है, तरह-तरह के जो अनुभव होगें यह काया झेल नहीं पाएगी; जीवित रहने के लिए जो परतीय रचना बनी है उसमें बुरा प्रभाव पड़ जाएगा। 58. अज्ञानी झगड़ते हैं, अर्ध-ज्ञानी वाद-विवाद करते हैं, ज्ञानेच्छुक प्रश्नोत्तर करते हैं और ज्ञानी मौन रहतें हैं। **** # 17. कर्मचक्र - (इच्छा, कर्म, कर्ताभाव/कर्महीनता, कर्मफल, और संस्कार) **इच्छा** 1. वासना(इच्छा)>विचार>भावना>वाणी>कर्म>फल>संचय ये कर्म चक्र हैं। 2. इच्छाओं के कारण शक्ति जीव के माध्यम से प्रकट होना चाहती है। 3. जीवित रहने के लिए इच्छाएँ होना आवश्यक है। 4. प्रारब्ध में उतना ही मिलता है जितना हम पूरा कर पाए। 5. इच्छा मूल नाद है, शक्ति है। 6. इच्छा होने पर ही गति होती है तथा अस्तित्व में कुछ प्रकट होता है। 7. चित्त इच्छा को दिशा देता है; शक्ति को चित्त द्वारा सीमित कर दिया जाता है। 8. जो है उसमें कोई इच्छा नहीं; जो है ही नहीं, वह कभी जाता भी नहीं। 9. पहला कदम लेना आवश्यक है; अस्तित्व तभी कोई फल देता है जब कोई इच्छा, कर्म या सांकेतिक प्रयास होता है। 10. साधक की इच्छा प्रबल होती है, अच्छी इच्छा पूरी होगी, क्योंकि यह ब्रम्ह की इच्छा है, साधक इच्छा अभिव्यक्ति का माध्यम है। 11. अधिकांश इच्छाएं आरोपित होती हैं; ज्ञानप्रसार की इच्छा भी गुरु द्वारा आरोपित है। 12. इच्छा भौतिक शरीर द्वारा ही प्रकट होती है तथा कर्म द्वारा अभिव्यक्त होती है। 13. संकल्प में नाद को बदलने की शक्ति होती है; जो नाद को बदल सकता है, वह माया में जो चाहे प्रकट कर सकता है। 14. इच्छाएँ सत्य को विकृत कर देती हैं। 15. इच्छा निर्दोष है, शुद्ध-अशुद्ध नहीं होती; उसके पीछे क्या भावना और कर्म किया जा रहा है वह शुद्ध-अशुद्ध होता है। 16. कुविचार विष के समान होता है; एक बार मन में घुल जाए तो दिन बर्बाद करता है, सबसे पहले स्वयं को हानि पहुँचाता है। 17. प्रगति होगी या पतन, इच्छा निर्धारित करती है; आध्यात्मिक इच्छा प्रगति तथा सांसारिक इच्छा पतन की ओर ले जाती है। 18. सब की इच्छा पूर्ण होती है, किंतु तब, जब वह व्यक्ति/साधक तैयार हो जाता है। 19. इच्छाओं का नाश नहीं होता; साक्षीभाव में उनको नकारा जाता है। 20. अत्याधिक काल्पनिक जीवन अतृप्त इच्छाओं का संकेत है। 21. अधिक सोचना समस्या नहीं, विषय समस्या है; सोचने को क्या बाध्य कर रहा है उसका मूल तक जा कर समाधान करना चाहिए। 22. इच्छाओं का जितना दमन या विरोध होता है उतना व्याकुल करती हैं , अतः दमन नहीं, सांकेतिक पूर्ति करना उचित होता है। 23. इच्छा दु:ख का कारण नहीं है; इच्छा को मेरा मान लेना दु:ख का कारण है। 24. इच्छाओं को पूरा न करना भी कर्म है; यहाँ पर कर्म इच्छाओं का दमन है। 25. जीव को इच्छाओं से मुक्ति संभव नहीं है। 26. प्रार्थना एक प्रकार का संकल्प है, चित्त की तरंग है; जो इच्छा एवं संकल्प शक्ति के अनुसार विश्वस्मृति में प्रसारित एवं प्रभावित करता है। 27. जो इच्छा पूर्ण नहीं होती वह जीव स्मृति में वास करती है, अतः यह वासना कहलाती है। 28. शक्तिशाली इच्छा ही संकल्प है; इच्छा आ कर चली जाती है; संकल्प धारण करना पड़ता है। 29. जो इच्छा जीवन लक्ष्य हो जाए, जो प्रारब्ध है, उसमें संकल्प अपने आप शक्तिशाली होता है। 30. प्रारब्ध तो केवल वासनाओं का संग्रह है। 31. इच्छाशक्ति ही साधक को चलाती है और प्रारब्ध इच्छा को गति देता है। 32. अपनी प्रतिकृति बनाना नादरचनाओं का स्वभाव है; प्रतिकृति बनाने की इच्छा ही कामवासना के रुप में प्रकट है। 33. मनुष्य का जीवन इच्छाओं की शृंखला है, इनको बंद नहीं किया जा सकता, किंतु सही दिशा में मोड़ा जा सकता है। 34. जिसने इच्छा आरोपित किया है वह पूरा भी करेगा, इसलिए सभी इच्छाओं को ब्रम्ह-इच्छा समझकर सर्मपण करना चाहिए। 35. दमित इच्छा विकृत रुप में वापस आती है। 36. इच्छाएं कठपुतली के धागे की तरह है, जीव इच्छा का पुतला है; जैसे कठपुतली को धागे चलाते हैं, वैसे जीव को इच्छा चलाती है। 37. इच्छापूर्ति संपूर्ण चेतना में करना चाहिए। 38. इस सृष्टि में इच्छा से बड़ी कोई शक्ति नहीं है; इच्छा ही संभावना को स्वरुप में प्रकट कर सकती है। 39. कर्म के लिए इच्छा आवश्यक है; उसको कर्म में परिवर्तन करने के लिए जो माध्यम बना है उसको कर्ताभाव आरोपित कर दिया जाता है। 40. जब इच्छाओं की बाढ़ आती है तब जो होना है वह होकर रहता है, व्यक्ति केवल सीखता है और फल के अनुसार आगे का कर्म निर्धारित कर सकता है। 41. माया इच्छा का खेल है; यदि किसी विषय के प्रति किसी की इच्छा तथा प्रवृत्ति बहुत तीव्र हो तो कारण शरीर का प्रभाव तक बदला जा सकता है। 42. न इच्छा लाने वाला कोई है, न उस पर कर्म करनेवाला कोई है; सब अपने आप होता है। 43. इच्छा या कर्म से जो परिवर्तन होता है वह चारों दिशा में फैलता है, इस प्रकार एक कर्म सारे विश्वचित्त को प्रभावित करता है। 44. देवी ही इच्छा है; देवी एक मनोशरीर से इच्छापूर्ति की संभावना नहीं देखती तो दूसरे मनोशरीर के माध्यम से पूरा कर लेती है। **कर्म** 1. हर परत में कर्मों का अलग-अलग स्वरूप होता है। 2. डर के कारण कर्म विकृत हो जाता है। 3. कर्म को रोका नहीं जा सकता, यह चित्त का नियम है। 4. जब सही समय है सही कार्य करना चाहिए। 5. जो हो रहा है वह सही और सम्पूर्णता में हो रहा है- यह ज्ञान ही सही ज्ञान है। 6. चित्तवृत्ति रोकना संभव नहीं है; उसके पार जाना संभव है। 7. चित्तवृत्ति स्वभाविक है; इसमें हस्तक्षेप करेंगे तो जीवन अस्तव्यस्त बन सकता है। 8. कभी-कभी कुछ न करना ही सही कर्म हो जाता है। 9. हर मामले में अलग-अलग उपाय होता है। 10. मनुष्य रूप मिला है तो उसके साथ बहुत से कर्म भी मिले हैं। 11. शुद्ध हो या अशुद्ध, जो बार-बार आता रहता है वह प्रारब्ध है; वही करने के लिए जन्म होता है। 12. जीवंतता साक्षी के होने से है, कर्म या वृत्तिओं के कारण नहीं। 13. कर्म पराभौतिक-परामानसिक है, जहाँ प्रकट होता है सांकेतिक कर्म द्वारा वहीं नष्ट किया जा सकता है। 14. सबकुछ अर्थहीन होने का अर्थ यह नहीं है कि अब उसका कोई प्रयोग नहीं किया जा सकता। 15. देव-योनि भोग-योनि है, मनुष्य-योनि कर्म-योनि है। 16. अनुभवों तथा कार्यों के कारण चित्त पर बने प्रभाव कर्म हैं। 17. आवश्यक-अनावश्यक कर्म का मानदंड उसका परिणाम है। 18. जिसका परिणाम अच्छा आता है वह आवश्यक कर्म है; जिसका परिणाम बुरा आता है वह अनावश्यक कर्म है। 19. जिस कर्म को टाला नहीं जा सकता वह अनिवार्य है, वह होकर रहेगा। 20. इतिहास बनाया जाता है, लिखा नहीं जाता। 21. बैचेनी तथा प्रसन्नता की अवस्था में महत्वपूर्ण निर्णय नहीं लेना चाहिए। 22. सुझाव तथा परामर्श दूसरों से ले सकते हैं, किंतु निर्णय स्वयं लेना चाहिए। 23. अहम् वृत्ति कोई निर्णय नहीं लेती; निर्णय अपने आप होता है, तत्पश्चात अहम् वृत्ति, निर्णय पर अधिकार कर लेती है। 24. कारण-प्रभाव माया की घटनाएँ है; मनुष्य निर्मित धारणा है, दो घटनाओं को देखकर कारण-प्रभाव का संबंध बनाया जाता है। 25. कर्म न करना भी कर्म है। 26. विचार चित्तवृत्ति है; कर्म नियंत्रण हो सकता है, कर्म पर हमारा अधिकार है, विचारों पर नहीं, स्मृति पर नहीं। 27. लोग कर्म देखकर प्रभावित होते हैं। 28. संवेदनशील एवं भावुक होना अनुचित नहीं है, किंतु बिना सोचे समझे उस पर कर्म करना सही नहीं है; बुद्धि से निर्णय लेना चाहिए। 29. ज्ञानी की पहचान उसका नाम, बातें, शिक्षा, गुरु, पदवी आदि नहीं; उसका जीवन एवं कर्म है। 30. कर्म ही वासना बनकर पुनः प्रकट होता है। कर्ताभाव, निष्काम कर्म, अकर्ताभाव एवं कर्महीनता 1. कर्ता कोई नहीं, कर्म केवल होता है। 2. कर्ताभाव भी कर्म है जो कर्म के बाद विचार के रुप में आता है। 3. जो भोगेगा नहीं वह पाएगा भी नहीं। 4. मनुष्य बुद्धि प्रधान जीव है, अधिकतर कार्य बुद्धि से होना चाहिए; श्रम से नहीं। 5. योजना न बनाना भी योजना है। 6. अच्छा खिलाड़ी वह है जो खेल को जानते हुए भी गंभीरता से खेलता है। 7. जिसके जूते गेंद पर है वह फुटबॉल खिलाड़ी है। 8. सामाजिक व्यवस्था के लिए कर्ताभाव उपयोग किया जाता है। 9. साक्षीभाव कर्ताभाव के ऊपर है; साक्षीभाव में अनावश्यक कर्म अपने आप छूटता है। 10. “कोई करनेवाला नहीं” इस ज्ञान से कर्म शुद्ध होते हैं, अनावश्यक स्वत: बंद होते है; कर्म से मुक्ति होती है। 11. जो कर्ताभाव में हैं, उनको कर्म का फल भी मिलेगा। 12. जो संपूर्णता में होता है उसी को कर्म कह दिया जाता है; यहाँ कोई कर्ता नहीं है। 13. कर्म नहीं होता, केवल परिवर्तन प्रतीत होता है; परिवर्तन के लिए जो माध्यम दिख जाए बुद्धि उसमें कर्ता आरोपित कर देती है। 14. कर्म अपने आप होते हैं; बाद में अहंकार कर्ता की रचना करता है, कर्ताभाव देता है। 15. कर्ताभाव रहित होकर कर्म करना चाहिए। 16. अस्तित्व में जो भी हुआ है वह अपने आप हुआ है। 17. ब्रम्ह स्वयं को भूलने का खेल खेल रहा है तो हमें भी उसका आनंद लेना चाहिए। 18. कर्म साक्षीभाव में हो रहा है या नहीं यह शंका है या कर्म प्रकाशित नहीं है तो वहाँ पर साक्षीभाव नहीं है। 19. कर्ताभाव तथा साक्षीभाव दोनों एक साथ नहीं चलते; कर्ता जब साक्षीभाव के पृष्ठभूमि में चलेगा तो वह कर्ताभाव नहीं एक नाटक की तरह चलेगा। 20. एक ही विश्वचित्त है, किसी भी घटना का प्रभाव सभी में पड़ता है; कार्मिक संबंध एवं चित्त की क्षमता अनुसार प्रभाव कम या अधिक होता है। 21. सृष्टि में जो भी होता है प्रकृति के नियम अनुसार होता है; मनुष्य के उपयोग के अनुसार नहीं होता। 22. सारा जीवन एवं सृष्टि स्वचालित है, करने वाला कोई नहीं है; जो प्राकृतिक तथा आवश्यक है, वह अपने आप होता रहेगा। 23. जिसमें चेतना है वह वासना के स्तर पर ही कर्म को रोक देता है, कर्म के प्रति जो विचार आया है उसको देखकर परिणाम आँकलन कर पाता है। 24. बुद्धिमान व्यक्ति विचारों के स्तर पर कर्म रोक देता है। 25. अज्ञानी में वासना, निर्णय और कर्म करना एक साथ होता है, निर्णय पशुवत् होता है, वासना ही कर्म होती है; भावना तथा आवेग की गति तेज़ होती है। 26. सामान्य व्यक्ति कर्म को संसार में प्रकट कर के, भौतिक शरीर के माध्यम से कर्म कर के ही समाप्त कर सकते हैं। 27. व्यक्ति मिथ्या है; जो है नहीं, वह कुछ नहीं कर सकता। 28. कोई भी विचार या अनुभव हमारी अनुमति लेकर नहीं आते; पहले अनुभवकर्ता को अनुभव होता है, बाद में जीव अपना मान लेता है। 29. जब कुछ है ही नहीं तो क्रिया/प्रतिक्रिया भी नहीं। 30. जो करना जानते हैं वह पूछते नहीं; जो पूछते हैं वह करना नहीं जानते। 31. योजना बनाने वाला भी नहीं है और योजना को आवश्यक/अनावश्यक मानने वाला भी कोई नहीं है। 32. आत्मज्ञान के प्रभाव से सारे अनावश्यक छूट जाता है। 33. अज्ञान में सब कुछ संघर्ष होता है और ज्ञान में सब कुछ लीला होती है। 34. जिसको ज्ञान होता है वह लक्ष्यहीन हो जाता है। 35. चिंता करना कोई उपाय नहीं है। 36. संसार जैसे चल रहा है वैसे चलने देना है और यहाँ से निकल जाना है। 37. भ्रम से बाहर रहने का सोच, भी भ्रम ही है। 38. श्रेष्ठ कर्म कोई नहीं है, जो आवश्यक है वह अपने आप होगा; जो पसंद हो, वही अच्छा है। 39. अच्छा कर्म किया नहीं जा सकता, क्योंकि अच्छा कर्म क्या है यह पता नहीं; केवल बुरा कर्म रोका जा सकता है। 40. जो कर्म हमारी प्राकृतिक बुद्धि के अनुसार ठीक नहीं है, बुरा है, उसे रोक देना ही नियंत्रण है। 41. "अस्तित्व में पूर्णता है, कुछ आवश्यक/अनावश्यक नहीं"- यह ऊपरी ज्ञान है; व्यवहारिक स्तर में आवश्यक/अनावश्यक भेद आवश्यक है। 42. विश्वचित्त में चल रही हर प्रक्रिया कर्म है, प्रक्रिया नाद में चलती है और नाद ही प्रकट अस्तित्व का मूल है तो कर्म ही रक्षा कवच है। यदि भावना, संकल्प और कर्म अच्छा नहीं है तो कोई भी विधि, शक्ति या गुरु रक्षा नहीं कर सकता। 43. ज्ञानी कर्म योगी भी है। 44. कर्म भी होगा, फल भी आएगा, किंतु न उसका कर्ता है न भोक्ता है; यही अकर्म है। 45. अकर्म में कर्ताभाव चला जाता है। 46. जिस कर्म में करने वाले का अपना स्वार्थ नहीं होता, निःस्वार्थ होता है वह निष्काम कर्म है। 47. निष्काम कर्म संभव नहीं है, क्योंकि बिना कामना कर्म ही नहीं होता, कर्म का बीज ही कामना है; निःस्वार्थ कर्म संभव है। 48. प्रयास से नियंत्रण नहीं आता; प्रयास कर्महीनता में है, अकर्ता होने में है, न कि किसी कर्म में। 49. कर्महीनता से नियंत्रण अपने आप हो जाता है। 50. मुक्ति भी खेल है और बंधन भी खेल है, ज्ञानमार्ग में कर्महीनता लक्ष्य है। 51. कर्महीनता का अर्थ यह जानना है कि कर्ता कोई नहीं है। 52. ज्ञान होने पर कर्ता चला जाता है और कर्म रह जाता है। 53. सेवा का बदला सेवा से चुकाया जा सकता है। 54. जैसे पानी में लकीरें नहीं खींचीं जाती वैसे ज्ञानी के कर्म का कर्मबंधन नहीं बनता; क्योंकि उसके सभी कर्म साक्षीभाव में होते हैं। 55. कर्म मिथ्या है, क्योंकि करने वाला कोई नहीं है। 56. साधक कर्म का नियम तोड़ता नहीं है, उससे ऊपर उठ जाता है। 57. निर्णय लेने वाला कोई नहीं है, अपने आप हो जाता है, बाद में बुद्धि, विवेक उस निर्णय पर कुछ रंग भर देते है। 58. सृष्टि का स्वभाव विश्राम करना है; जो भी आवश्यक है, वह प्राकृतिक रूप से अपने आप होता है। 59. न कोई करने वाला है न रोकने वाला; जो आवश्यक है वह अपने आप होकर रहेगा। 60. मनुष्य का कोई कर्म नहीं है, अनुभवकर्ता तो वैसे ही निष्काम है; तो कर्म किसी का नहीं। 61. जो कर्म अकर्ताभाव से होता है उसका संस्कार नहीं बनता, कर्मबंधन नहीं बनता। 62. कर्म का त्याग कर्महीनता नहीं है; "मैं कर्ता नहीं हूँ" ये कर्महीनता है। 63. चेतना का अर्थ कर्महीनता नहीं प्रकाशित कर्म है, प्रकाशित होने के कारण अशुद्धियाँ दिख जाएँगी और कर्मशुद्धि होती है। 64. प्रयास से या किसी भी कर्म से चेतना नहीं आती; कर्महीनता तथा प्रयासहीनता से चेतना आती है। 65. ज्ञान के प्रकाश में अकर्ताभाव में सही कर्म होता है, इसलिए उसका प्रभाव जली हुई रस्सी की तरह होता है। 66. अहम् को समझते ही कर्म समाप्त होते हैं। 67. कोई कर्ता ही नहीं है तो कर्ता और कर्म से संबंधित सारे प्रश्न और उत्तर भी निरर्थक हैं। 68. जो परिवर्तित होता है उस का स्वतंत्र अस्तित्व नहीं हो सकता और साक्षी को बाध्य करने वाली कोई वस्तु नहीं होती। 69. सब वस्तुएं यहीं है, जो आवश्यक है वह लेना है और जो अनावश्यक है वह छोड़कर मुक्त होना है। 70. जैसे नाव लहर को रोक नहीं सकती; उसके ऊपर तैर सकती है उसी तरह जीव भी नाद के नियमों को तोड़ नहीं सकता, किंतु इसी का उपयोग करके ऊपर जा सकता है, मुक्त हो सकता है। 71. कर्महीन होते हुए भी व्यावहारिकता में कर्म करना है। 72. साधक वह है जो यह जान गया है कि अब वह कर्म, कर्मफल और प्रारब्ध के परे चला गया। 73. कर्म की प्रक्रिया हटाते हटाते कर्म, कर्मफल और शुद्ध चित्तवृत्ति बचती है; यहाँ कर्म त्याग है, जीव विलीन होता है। 74. संसार में रहकर भी संसारी न होना ज्ञानमार्गी की विशेषता है। 75. अनुभवकर्ता बन के देखना है; जीव बन के जीना है। **कर्मफल** 1. ज्ञान के प्रकाश में सही कर्म होता है और वह मेरा नहीं ये जानकर होता है, इसलिए इसका फल आकर भी न आने के समान है। 2. कर्म होगें तो फल अवश्य होगा, किंतु वह फल कैसा भी हो सकता है। 3. न कर्म महत्वपूर्ण है न फल महत्वपूर्ण है; कर्मफल से सीखना और प्रगति करना महत्वपूर्ण है। 4. समान उद्देश्य और लक्ष्य हो तो कर्मफल वितरण किया जा सकता है। 5. सामान्य सांसारिक कार्य सीखने के लिए तो वर्षों लग जाता है; जन्मों लगने वाली आध्यात्मिक साधना का फल तुरंत चाहते हैं! यह संभव नहीं। 6. कर्म का फल चित्त के नियम के अनुसार मिलता है; नियम ऐसे जटिल हैं कि सदा कर्म अनुसार ही फल आना निश्चित नहीं है, कुछ भी फल आ सकता है। 7. जब सारे कर्म और फल प्रकट हो जाते हैं, तब कारण शरीर विलीन हो जाता है। 8. कर्म करना जीव का कर्तव्य है; फल पर अधिकार किसी का नहीं है। 9. प्रभाव में कारण, बीज में फल, फल में बीज पहले से ही अंतर्निहित है; यह क्रम-चक्र में चलता है। 10. अंधकार में किए गए कर्म का फल उल्टा-सीधा ही आता है, ज्ञान के प्रकाश में किए गए कर्मों का फल अच्छा होता है। 11. कर्म पर भावना का प्रभाव अधिक पड़ता है; किस भाव से कर्म किया जा रहा है उसके अनुसार कर्मफल आता है। 12. यांत्रिक कर्म तथा निःस्वार्थ कर्म का फल नहीं मिलता; जिस कर्म में स्वार्थ और भावना होती है उसका फल आता है। 13. फल तो फल होता है, अच्छा-बुरा नहीं होता; जैसा बोया है, वैसा मिलता है। **संस्कार** 1. नया जन्म बुद्धि के कारण नहीं मिलता; संस्कार के कारण मिलता है। 2. जब तक बुद्धि चल रही है बुरे संस्कार को परिवर्तित कर अच्छे संस्कार जमा करने में बुद्धि को लगाना चाहिए। 3. कर्म के मार्ग में सही और पुण्य कर्मद्वारा आध्यात्मिक उद्देश्य प्राप्त करना और संस्कारों में परिवर्तन लाना लक्ष्य है। 4. कर्म का अर्थ होता है परिवर्तन लाना; जब चित्त में परिवर्तन आता है और वह चित्त पर छपता है तो उसको संस्कार कहते हैं। 5. कर्म संकारों से उपजते हैं और मशीन की तरह कर्म होते हैं। 6. जैसे संगत वैसे विचार, जैसे विचार वैसे कर्म, जैसा कर्म वैसा संस्कार, जैसा संस्कार वैसा जन्म होगा। 7. नाद जहाँ से प्रारम्भ होता है वहीँ वापस आता है; यही कर्म का नियम है। 8. कर्मों का संग्रह जहाँ होता है वही कारण शरीर है; इसी को संस्कार भी कहते हैं, जीव उसी की अभिव्यक्ति है। 9. मन संस्कारों से बंधा है; वह वासना नहीं आएगी जो मन ने पहले अनुभव न किया हो। 10. सभी अनुभव कोई न कोई संस्कार बनाते हैं और असत्य होते हैं; जीव उसमें फँसता जाता है। 11. जीव संस्कारों का परिणाम है। 12. संसार रंगमंच की तरह है; शरीर, जीव कठपुतली के तरह है; संस्कार और चित्तवृत्ति उनको चला रहे हैं। 13. चित्त पराभौतिक परामानसिक रचना है जो कर्म का संस्कार भी है। 14. स्मृति में जो संस्कार छपे हैं, जीव इसी के अनुसार चलता है। 15. अध्यात्मिक प्रगति न कर्म से, न फल से, न बुद्धि से, न घटनाओं से होगी ; केवल संस्कारों से होती है। 16. शुद्ध संगत में अच्छे संस्कार अपने आप विकसित होते है। **** # 18. बंधन, संबंध और समाज **बंधन** 1. अज्ञान का बंधन ही बंधन है। 2. संसारी लोग अधिक संग्रह करने में तथा "सफल" होने में व्यस्त रहते हैं; उनको जब बोध होता है, तब तक कर्मबंधन संग्रहित हो चुका होता है। 3. जब तक कर्मबंधन और कर्मफल का नियम है तब तक व्यक्ति कुछ नहीं कर सकता। 4. बंधन का कारण अज्ञान है; व्यक्ति स्वयं है; जब तक अज्ञान है तभी तक बंधन है, साधक का कोई बंधन नहीं है। 5. परंपरा भी बंधन है। 6. जब तक नाम-रूप है तब तक किसी न किसी प्रकार के बंधन में रहेगा, सीमा या बंधन हटा दिया जाए तो वह नाम-रूप ही नहीं रहेगा। 7. जब भी किसी से कोई अपेक्षा रहती वहाँ कर्मबंधन बनता है। 8. जहाँ लेन-देन हो रहा है वह सबसे बुरा बंधन होता है। 9. अपना अज्ञान या मतारोपण बच्चों पर नहीं थोपना चाहिए; मतारोपण बंधन में डालना है। 10. यदि सांसारिक बंधन में बंध चुके हैं तो सांसारिक जीवन को ही आध्यात्मिक जीवन में परिवर्तन करना पड़ेगा। 11. जहाँ पर बंधन मिलता है वहाँ से चले जाना ही ज्ञानमार्गी का उत्तरदायित्व है। 12. शरीर को मैं मानना तथा इच्छाओं की अधिकता होना बंधन है। 13. न कर्म है, न बंधन है, सब मनगढंत है, जो काम की चीज है उसका उपयोग कर लिया जाता है। 14. जो नियम के बंधन में हैं उनको नियमित दिखाई पड़ता है, माया वह दिखा देती है जो वह चाहती है, जो जीव चाहता है। 15. चित्त का नियम ही बंधन है, यही कारण माया उपयोगी है; यदि वह अनियमित होता और अपने हिसाब से चलता तो न सृष्टि होती, न जीवन होता, न बंधन। 16. जब तक जीवन है तब तक बंधन अटल है। 17. साधक को समाज में एक पैर रखना है और यथाशीघ्र कर्मबंधन पूरा करके वहाँ से चले जाना है। 18. बंधन मानसिक है, इसलिए घटनाओं को बदलकर नहीं, आसपास के वातावरण को बदलकर नहीं, स्वयं को बदलकर मुक्त होना है। **संबंध** 1. संबंध हमें सुख देने के लिए नहीं; न भोग के लिए है, न ज़िम्मेदारी है, ये सीखने के अवसर है। 2. संबंध जो सुखपूर्वक हैं वे निचली वृत्तियों के कारण से हैं; जैसे ऊपरी वृत्तियाँ शक्तिशाली होती है वैसे संबंध टूटने लगता है। 3. संबंधों में दाँतों और जिह्वा की तरह रहना है। 4. सब कुछ मैं हूँ, किंतु सभी अंग अपने-अपने स्थान पर रहना चाहिए। 5. संबंध निर्भरता के लिए है, निर्भरता बंधन है। 6. जब तक जीवन की इच्छा है कोई न कोई बंधन रहेगा। 7. संबंध बनाना ग़लत नहीं है, किंतु स्वार्थ का संबंध ग़लत है; संबंध हो तो सेवा के लिए होनी चाहिए। 8. परिवार स्वार्थ पूर्ति का गठजोड़ है। 9. घर में कौन सुखी है कौन दु:खी है, घर के सदस्यों को ही पता नहीं चलता तो परिवार या संबंध कहना ठीक नहीं है। 10. लेनदेन में भावना का महत्व है कि किस भाव से लिया है; बाध्यता बश लेना भी पड़े तो मन में उसको लेकर घर न बनने दें कि मैंने किसी से कुछ लिया; दुगुना चुका दें। 11. सबसे ज्यादा ऊर्जा का क्षय खराब संबंध के कारण होता है; लोग ऊर्जा क्षीण बना देते हैं। 12. निःस्वार्थ प्रेम होता है, संबंध नहीं; संबंध स्वार्थ के लिए ही होता है। 13. संबंध का अर्थ है कि कुछ महत्वपूर्ण तथा कुछ बेकार माना है; नहीं तो सब एक है, प्रेम है। 14. कोई मुझे परेशान कर पा रहा है तो मेरी ही ग़लती है, क्योंकि काँटे का स्वभाव है चुभना, सांप का स्वभाव है काटना। 15. ज्ञानमार्गी को किसी के प्रति कोई उत्तरदायित्व नहीं है; उत्तरदायित्व थोपना ज्ञानमार्ग में मना है। 16. जहाँ परस्पर निर्भरता है उस स्थिति को सुधार कर सभी को स्वतंत्रता देना चाहिए। 17. ज्ञान का प्रयोग तभी तक संभव है जब तक वह उत्तरजीविता में बाधा नहीं बनता। 18. जो आवश्यक है वह व्यवहारिक रूप से पूर्ण करना चाहिए, वहाँ ज्ञान काम नहीं आएगा, ज्ञान संसार से छूटने के लिए है। 19. जहाँ विश्वास और भरोसा नहीं वहाँ जाना भी नहीं चाहिए और कुछ लेना भी नहीं चाहिए। 20. सहनशीलता मानसिक योग्यता पर निर्भर होती है; स्वीकारभाव में ज्ञान होता है, दोष अपने ऊपर लिया जाता है; यही भिन्नता है सहनशीलता और स्वीकारभाव में। 21. संबंध होने के लिए कम से कम दो होना चाहिए; जो एक ही है उसमें केवल प्रेम है, वही प्रेम विभिन्न परतों में विभिन्न स्वरूप में फूट पड़ता है। 22. संबंध विलीन होने के पश्चात ही सच्चा संबंध बनता है और वह मेरे ही रूपों का एकीकरण है, यह संबंध संपूर्णता के साथ होता है। 23. सब मैं ही हूँ तो मेरा किसी से कोई संबंध नहीं हो सकता। 24. हर अनुभव से अनुभवकर्ता का एक ही संबंध है। **समाज** 1. अज्ञान की शुरुआत समाज से होता है, ज्ञानमार्ग का अंत अज्ञेयता में होता है। 2. जब तक समाज में रहेगें, कर्म तो अपरिहार्य है। 3. जीवन के लिए अहम् भाव और कर्ताभाव आवश्यक है; सारा समाज कर्ताभाव पर ही टिका है। 4. हम समाज को सुधारने नहीं आए हैं; छोड़ने आए हैं। 5. उपरति और अहिंसा ज्ञानमार्गी का गुण है, परिवार, समाज और देश के प्रति उदासीन रहना, सभी के प्रति समान और अहिंसा का भाव होना चाहिए। 6. दूसरों को नहीं बदला जा सकता; ज्ञानी को स्वयं बदलना होगा। 7. समाज पर दया, करुणा रखने का अर्थ वहाँ पड़े रहना नहीं है। 8. ज्ञानमार्गी के दृष्टिकोण से समाज में जो भी अमानवीय व्यवहार होते हैं वह अज्ञान के कारण होते हैं। 9. तथाकथित सफल व्यक्ति दूसरों का उपयोग कर सकते हैं, वे उन्हें वस्तुओं की तरह पा नहीं सकते। 10. अच्छे अवसरवादी लोग दूसरों का लाभ लेने में प्रवीण होते हैं। 11. समाज में ज्ञान नहीं चलता; ज्ञान संसार के ऊपर है। 12. समाज से दूर रहेंगे तो अनुशासन और सुरक्षा की कला अपने आप आएगी। 13. क्षमाभाव और क्षमादान में भिन्नता है; मात्र क्षमादान ही करने से स्वयं में सुधार नहीं होता। 14. अच्छा या बुरा जो भी होता है वह मेरे ही कर्म का फल है, यह सोचकर स्वयं को सुधारना क्षमाभाव है। 15. स्थितियों को बदलने से अच्छा है स्वयं को बदलना; स्वयं को बदलना प्रगति है; दूसरों को बदलने का प्रयास करना दुर्गति है। 16. समाज भी आध्यात्मिकता का दर्पण है। **** # 19. दु:ख और सुख 1. दुःख, दर्द, पीड़ा, विचार, भावना आदि शरीर की प्रतिक्रिया ही कष्ट है; शरीर या चित्त जो चाहता है या नहीं चाहता वह उसकी प्रतिक्रिया के रूप में व्यक्त होता है, स्वीकार या अस्वीकार भाव है। 2. सुख और दुःख चित्तनिर्मित धारणाएँ है; किसी भी कर्म में सुख न मिले तो कर्म नहीं करेगा, हर कर्म में दुःख मिले तो भी कोई कर्म नहीं करेगा, अत: दोनों आवश्यक है। 3. पीड़ा नैसर्गिक है, इसका संकेत स्नायुतंत्र में चलता है और जीव को उचित कर्म करने के लिए प्रेरित करता है। 4. जो घटना इच्छा से होती है बुद्धि उसको सुख और जो इच्छा से नहीं होती उसको दुःख कहती है। 5. जब अनुभव इच्छा के विपरीत होता है तो चित्त नकारात्मक विचार, भावनाएँ, वाणी, कर्म आदि निर्मित करता है; यही दुःख की अवस्था है। 6. अधिकांश संसारी व्यक्ति नीरसता, हताशा, दुःख और पीड़ा भरा जीवन व्यतीत करते हैं। 7. परतंत्रता की निसानी दुःख, कष्ट, बंधन तथा पतन है। 8. बंधन तथा दुःख स्वयं का है। 9. सभी दुःखों का कारण अज्ञान है; ज्ञान ही मुक्ति दिलाता है। 10. इच्छाओं को मेरा मान लेना ही बंधन है, इच्छाओं के पीछे भाग जाना दुःख का कारण है। 11. सुख मिला तो वहीं पड़े रहेंगे, दुःख मिला तो मुक्ति मिलेगी। 12. कर्म में फल पहले से विद्यमान रहता है; जो कर्म दुःख की ओर ले जाता है वह करने से पहले दुःख का भाव उत्पन्न होता है। 13. चित्त के बिना चेतना या ज्ञान नहीं हो सकता; चित्त ही अज्ञान तथा ज्ञान का कारण है, वही चित्त अज्ञान एवं दुःख देता है, वही चित्त मुक्ति तथा ज्ञान भी देता है; दृष्टि किस ओर है उस पर निर्भर करता है। 14. माया में बुद्धि बहुत काम आती है; बुद्धि सुख-दुःख, विकास-पतन में भेद कर पाती है; सात्विक बुद्धि सुख और विकास ही चयन करती है। 15. जीवन यात्रा है, हम यहाँ सीखने के लिए आए हैं; सुख-दुःख भोगने के लिए नहीं। 16. स्वर्ग भी यहीं है नर्क भी यहीं है; जब मानसिक स्थिति सुखदायी हो स्वर्ग है, जब दुःखदायी हो नर्क है, जब उत्थान हो स्वर्ग है, जब पतन हो नर्क है। 17. स्वर्ग-नर्क स्वयं का बनाया हुआ है; स्वयं की मानसिक अवस्था है। 18. मनुष्य का लक्ष्य सुख भोगना नहीं, अनुभव से सीखना है; संसार सीखने एवं मुक्त होने के लिए है। 19. जहाँ दुःख मिले वह कर्म नहीं करना चाहिए। 20. दुःख का कारण अज्ञान है; मृत्यु दुःख का अंत है। 21. दु:ख तब होता है जब जीवन को सत्य मान लिया जाता है। 22. ज्ञान के बाद भी बंधन में बंधे रहना तथा बंधनों में सुख खोजना पतन है। 23. जब तक दु:ख है तभी सुख का अनुभव होगा। 24. सुख मिलते ही दुःख प्रारम्भ होता है। 25. दुःख का अभाव ही सुख है। 26. सुख जीवन के लिए एक उपयोगी यंत्र मात्र है 27. अज्ञानी को माया ने बांधा है वह दुःखी है, अर्धज्ञानी माया को बांधना चाहता है वह दुःखी है; ज्ञानी जानता है कि मैं ही माया हूँ, इसलिए वह सुखी है। **** # 20. आसक्ति और विरक्ति **आसक्ति** 1. आसक्ति वह है जिसमें ऐसा प्रतीत होता है कि कोई व्यक्ति या वस्तु सुख दे रहे हैं; मन सुख की लालसा में उस पर निर्भर हो जाता है, जब उसमें बाधा पड़ती है तो वह घृणा करने लगता है; बलपूर्वक सुख निचोड़ना चाहता है और दुःख का कारण बनता है। 2. मन की विशेषता है कि वह आसक्ति छोड़ नहीं सकता; जहाँ उसको सुख मिलता है वहाँ आकर्षित हो जाता है। 3. आसक्ति मुक्ति का उल्टा है; मुक्त व्यक्ति किसी पर आसक्त और निर्भर नहीं होता। 4. बंधन होने के लिए दोनों ओर से इच्छा होनी चाहिए; गुरु के मन में न आसक्ति है, न बंधन है, मात्र करुणा है। 5. प्रेम देना मात्र चाहता है और आसक्ति पाना चाहता है। 6. प्रेम भी ज्ञान के कारण ही आ सकता है, जहाँ अज्ञान है वहाँ आसक्ति है; प्रेम नहीं। 7. शरीर को स्वस्थ रखना आवश्यक है, किंतु उससे आसक्ति दुःख का कारण है। 8. शरीर ने मुझे नहीं पकड़ा है, मैंने शरीर को पकड़ा है-यही आसक्ति बंधन का कारण है, शरीर तो एक यंत्र मात्र है; शरीर ही हमें प्रतिपल छोड़ रहा है। 9. नियंत्रण करते-करते ही आसक्ति आ जाती है तो वह नियंत्रण नहीं है; वहाँ अनियंत्रित ही चल रहा है। 10. यदि साधक सांसारिक लोगों के बातों से प्रभावित होता है तो उसमें अभी भी आसक्ति बची है। 11. गुरु गुरुदक्षिणा इसलिए लेता है, क्योंकि वह आप को आसक्ति से मुक्त करना चाहता है; गुरु आप के सारे संघर्ष का बोझा उतार देता है। 12. गुरुका कार्य जो भी आसक्ति है, जो भी अशुद्धियाँ हैं वह दिखाना है। 13. आसक्ति में दुःख है, बंधन है; त्याग में सुख और मुक्ति है। 14. ज्ञान होने के पश्चात आसक्तिभाव मैत्री और प्रेमभाव में बदल जाएगा। **विरक्ति** 1. संसार से पलायन वैराग्य नहीं, संसार की मिथ्या को जानते हुए, संसार से अप्रभावित रहना वैराग्य है। 2. जिसमें निवेश था वह असत्य निकला, बंधन निकला, नीरस निकला, इसी का नाम विरक्ति है; यह प्रगति का चिन्ह है, ज्ञान के पश्चात अपने आप होता है। 3. विरक्ति का अर्थ व्यक्ति या वस्तु से दूर भागना नहीं है; जो जैसा है वैसा स्वीकार करना है। 4. ज्ञान के पश्चात यदि विरक्ति तथा निष्क्रियता आती है तो वह विरक्ति आनंद है और वह निष्क्रियता शांति है। 5. विरक्ति या निष्क्रियता इसलिए होती है कि जो इच्छाएँ सक्रियता दिलाती थीं वह बेकार सिद्ध हुईं। 6. साक्षीभाव में आते ही विरक्ति होती है, उससे जो अनावश्यक है वह अपने आप बंद होता है; आवश्यक वृत्तियाँ होनी चाहिए; उनको नियंत्रण नहीं करना है। 7. विरक्ति में भी जो आवश्यक है वह तो होता ही है, इसलिए इसको नीरसता नहीं शांति कहना उचित होगा। 8. शरीर की नश्वरता को देखकर विरक्ति आ जाती है तो वह शरीर से तादात्म्य छुटाने मे सहायक होगी। 9. जहाँ पर ज्ञान का अभाव है वहाँ अहिंसा भी हिंसा ही है। 10. ज्ञानी में जिस समय में जो आवश्यक है वही वृत्ति सक्रिय होती है। 11. अहम् वृत्ति का नाश नहीं होता; यदि कोई ऐसा प्रयास करता है तो वह स्वयं का नाश होता है। 12. दूसरों का व्यवहार मेरे नियंत्रण में नहीं, मैं अपना अच्छा व्यवहार चाहता हूँ। 13. संबंध, समाज, जगत का आधार सहमति है, सहमति नहीं है तो विरक्ति आ जाएगी और सब छूट जाएगा। **** # 21. प्रेम 1. एक हो जाना प्रेम है; मैं स्वयं प्रेम हूँ। 2. प्रेम वह भावना है जहाँ हमें पता चलता है कि सब कुछ एक ही है, अद्वैत है, वहाँ केवल दिया जाता है, लिया नहीं जाता; समर्पण किया जाता है। 3. फूल की जगह पौधे पर है; वह पौधे पर ही सुंदर लगता है। 4. देवी प्रेम से प्रसन्न होती है। 5. गुरु बंधन ही वह बंधन है जो कर्मबंधन नहीं होता, वह प्रेम संबंध है। 6. गुरु और शिष्य का चित्त तो मिल चुके हैं। 7. गुरु बंधन तोड़ता है और स्वयं से मिलाता है; एक में बंधन नहीं होता। 8. जिसको ज्ञान हुआ है उसको गुरु ब्रम्ह दिखेगा; जो अज्ञानी है उसको गुरु व्यक्ति दिखेगा। 9. जिसको गुरु से प्रेम है उसको ज्ञान से भी प्रेम हो जाएगा। 10. इस जगत में केवल गुरु को ही उपयोग किया जा सकता है; शेष सब आपका उपयोग करेगें। 11. स्वयंका अज्ञान प्रकट करने का साहस होना आवश्यक है; स्वयं का कमियाँ उसी के साथ प्रकट करेंगे जहाँ विश्वास है, प्रेम है। 12. जिस को सत्य से प्रेम है उन की इच्छा शीघ्र पूरी होती है; क्योंकि गुरुक्षेत्र की वृत्ति सत्य की ओर है। 13. प्रेम नश्वर नहीं अटल है, शाश्वत है, सभी में एक ही संबंध है प्रेम का; अन्य कोई संबंध नहीं है। 14. मोह से दुःख होता है; प्रेम से ख़ुशी। 15. मोह लेने की चीज़ है; प्रेम देने की। 16. लेने वाला देने वाले का दास हो जाता है। 17. सब कुछ प्रकट करना ही शुद्धिकरण है; गुरु अंदर का मैल दिखा दिखा के प्रकट करवाता है; यही गुरु का प्रेम है। 18. निर्दयी होना भी कृपा है। 19. प्रेम, अनासक्ति, मित्रता और भाईचारा के संबंध ही अच्छे अनुभव देंगे। 20. प्रेम के लिए आकर्षण आवश्यक है, उसी अनुसार चित्त की सभी परतें कार्य करती हैं; यही संपूर्णता है। 21. एकता की स्थिति दिव्य प्रेम की स्थिति है। **** # 22. सुंदरता और नैतिकता 1. सुंदरता वह अनुभव है जो आकर्षित करता है; नैतिकता वह कर्म है जो उचित लगता है; मनुष्य सुंदरता चयन करता है। 2. अस्तित्व न सुंदर है, न कुरूप है; न नैतिक है, न अनैतिक है; न कुछ सही है न ग़लत; इन गुणों को मनुष्य ने आरोपित किया है। 3. अस्तित्व जो है पूर्ण और सुंदर है; व्यक्ति का सोच तथा दृष्टिकोण ग़लत है। 4. मनुष्य अपनी आवश्यकता या उपयोगिता के अनुसार सत्य-असत्य, विकास-सुधार-विनाश, सही-ग़लत, नैतिक-अनैतिक आदि का मोहर लगा देता है। 5. ज्ञान तथा आध्यात्मिक प्रगति के लिए सभी आवरणों को हटाकर देखना चाहिए। 6. सुंदरता-कुरूपता चित्तनिर्मित धारणाएँ है, इसलिए चित्त के कर्म उनसे प्रभावित होते हैं। 7. अपने-अपने ज्ञान, सत्य और सुंदरता के आधार पर व्यक्ति को अपनी नैतिकता स्वयं तय करनी चाहिए। 8. नैतिक-अनैतिक व्यक्तिनिष्ठ है, व्यवहारिकता में जीवन नैतिकता-अनैतिकता पर आधारित है; अद्वैत के स्तर पर नहीं। 9. किसी व्यक्ति के जिस तरह के विचार हैं उसी तरह के व्यक्ति आकर्षित होते हैं। 10. जो विकास के पथ में है वह अहिंसा तथा नैतिकता चयन करता है और ऊँची योनियों में प्रगति कर जाता है। 11. "श्रेष्ठता" या "योग्यता" के वेष में जो है उनकी नैतिकता, सही-ग़लत की समझ और उत्कृष्टता आदि संबंधी मान्यताएं दूसरों से उधार में मिली होती है। 12. ज्ञानी अपनी नैतिकता स्वयं निर्धारण करता है। 13. कर्म नैतिक-अनैतिक नहीं होते, बस होते हैं; उत्तरजीविता के लिए नैतिक-अनैतिक का रंग मनुष्य द्वारा लगाया जाता है। 14. एक प्रसिद्ध व्यक्ति को प्रसिद्धि जीवित रखने के लिए दूसरों की आवश्यकता होती है। 15. सुंदरता-कुरूपता चित्तनिर्मित धारणाएँ है, अत: चित्त के कर्म उनसे प्रभावित होते हैं। 16. चित्तवृत्ति के अभाव में अस्तित्व संपूर्ण और पवित्र है। 17. सांसारिक व्यक्ति को सफलता के पश्चात विशाल रिक्तता तथा अर्थहीनता मिलती है। 18. सम्पन्न, आकर्षक, व शक्तिशाली लोग असाधारण जीवन जीते हैं, ज्ञानाभाव में वस्तुओं, संबंधों और सांसारिक गतिविधियों के माध्यम से अपने आंतरिक शून्यता को भरने का प्रयास करते हैं। 19. आंतरिक शून्यता बाहरी साधनों से नहीं भरा जा सकता। 20. शक्तिहीन लोग अधिक हानि या अच्छा नहीं करते, क्योंकि वे बाहरी परिस्थितियों की दया पर निर्भर होते हैं। 21. एक धनी मरुस्थल में धनी नहीं रहेगा, धनी कहलाने के लिए उसके आसपास निर्धनों की आवश्यकता होती है। 22. एक राजा जंगल में राजा नहीं हो सकता, उसको दूसरों पर शासन करने के लिए लोग भी चाहिए। 23. आंतरिक सुंदरता बाहर प्रकट होनी चाहिए। 24. मूर्ख व्यक्ति छोटी-छोटी हानि पहुँचा सकता है, किंतु दम्भी बुद्धिमान व्यक्ति बुद्धि का दुरुपयोग करके बड़ी हानि पहुँचा सकता है। 25. दम्भ का कारण अर्धज्ञान है, ऐसा व्यक्ति कुछ जाने बिना ही दम्भी हो जाता है, दम्भी नीचता को उच्चता, कुरूपता को सुंदरता मानता है; क्योंकि तथाकथित ज्ञानी का दम्भ इस गंदगी को मिथ्या ज्ञान के चमक-दमक में छुपा है। 26. जीवन अहिंसा से ही अच्छी चलती है। 27. शरीर अपने आप में सुंदर है, सुंदरता के लिए कोई वस्त्र, आभूषण की आवश्यकता नहीं है। 28. ज्ञानी सुंदरता और नैतिकता के चक्कर में नहीं है; वह संपूर्णता को जानता है और इसमें कोई परिवर्नतन नहीं चाहता। **** # 23. अशांति, शांति और आनंद 1. योग्यता से अधिक पाने की इच्छा ही अशांति का कारण है; ज़रूरत में जीना चाहिए। 2. प्रश्न और अशांति अज्ञान के कारण आते हैं। 3. संतुष्टि से ही शांति मिलेगी; असंतुष्ट व्यक्ति शांत नहीं रह सकता। 4. साधक को जब तक संतुष्टि न मिले तब तक खोज जारी रखनी चाहिए। 5. अज्ञान नष्ट हो गया तो इसके कारण होने वाली वृत्तियाँ समाप्त हो जाती हैं, इसलिए ज्ञान होने के पश्चात शांति तथा प्रश्नहीनता आती है। 6. इच्छाओं की शृखला अनंत है; कोई भी इच्छा मेरी नहीं है- यह जानने से शांति मिलती है। 7. बुद्धि की अशांति अज्ञान दिखाती है। 8. जब सारे प्रश्नों के उत्तर आ जाते हैं तब बुद्धि शांत होती है। 9. जैसे ही इंद्रियाँ प्रकट होने लगती हैं, तब शांति भंग होने लगती है। 10. समर्पण और शांति तब आती है जब सारे अज्ञान नाश होकर जानने का कुछ नहीं बचता। 11. संतुष्टि का अर्थ यह नहीं है कि वह बात सत्य सिद्ध होनी चाहिए; यदि सत्य सिद्ध नहीं हुई तो मिथ्या सिद्ध होगी तब संतुष्टि मिलेगी। 12. जिन में आंतरिक शांति होती है उनका कर्म तूफ़ान की तरह होतें हैं, जो भी करते हैं सफल होता है, तूफ़ान के बीच में शांति है। 13. जो अशांत है वह कुछ कर नहीं पाता, सदैव अंधकार में, उलझन में, रहता है। 14. जीवन सुख प्राप्त करने और शांत बैठने के लिए नहीं मिला है। 15. सही मौन अंदर से आएगा; यदि मन शांत है तो वचन शांत रहेगा और शरीर भी आराम से रहेगा। 16. जो अधिक अशांत हैं और यदि वे मन को शांत करना चाहते हैं तो सभी कार्य धीरे-धीरे करने से अनावश्यक अपने आप छूटेगा; नियंत्रण आने लगेगा। 17. मौन का अर्थ मात्र वाणी पर नियंत्रण नहीं है; सारे कर्म एवं गतिविधियाँ शांत एवं नियंत्रित होना है। 18. यदि चित्त प्रसन्न है तो मौन अपने आप आएगा; यदि चित्त दु:खी तथा क्रोधित है तो अपने आप अशांति आएगी। 19. सुख और दुःख दोनों ही अशांति है; सुख सकारात्मक अशांति है, दुःख नकारात्मक अशांति है; आनंद सुख दुःख से परे है। 20. सुख और दुःख द्वैत में हैं, मिथ्या है, सुख-दुःख रहित अवस्था आनंद है; आनंद अद्वैत है, यही सत्य है। 21. जीव का स्वभाव ही सुख है, आनंद है, क्योंकि उसकी पृष्ठभूमि शांत है, आनंदित है। 22. जो सुख मुक्ति से आता है वह क्षणिक आवेग का सुख नहीं है; सर्वोत्तम सुख है, शांति तथा आनंद है। 23. सुख-दुःख, पीड़ा, भोग आदि वस्तुओं पर निर्भर है, किंतु आनंद किसी पर निर्भर नहीं है। 24. आनंद कर्म से नहीं मिलता; कर्म से छुप जाता है। 25. सारी वृत्तियाँ नियंत्रित करके जो चलता है वह सर्वोच्च अवस्था आनंद है। 26. चित्त नाद है, वह आनंद में आता नहीं; अनुभवकर्ता आनंद स्वयं है, उसका आनंद कहीं जाता नहीं। 27. आनंद चित्तनिर्मित नहीं है, कोई वृत्ति नहीं है, स्थाई है। 28. आनंद और शांति कुछ पाने से नहीं; खोने से मिलती है। 29. जब अनुभव में शुद्धता आती है तो वह आनंद है। 30. आनंद का कोई विपरीत शब्द नहीं है। 31. जब स्वयं को जाना जाए तो आनंद ही आनंद है। 32. आत्मज्ञान में आनंद है और ब्रह्मज्ञान में आनंद है या नहीं इस का भी चिंता करने वाला कोई नहीं होता। 33. आनंद सभी को मिलता है, क्योंकि मूल स्वभाव ही आनंद है, किंतु अज्ञानी पहचान नहीं पाता। 34. आनंद स्वतंत्र है, किसी पर निर्भर नहीं है। 35. जो आकर चला जाता है वह आनंद नहीं है, वह तो क्षणिक सुख हो सकता है। 36. ज्ञान के पश्चात भी जो प्रयास कर रहा है वह मार्गहीन है; जो आराम से शांति तथा आनंद में है वही सही मार्ग पर है। 37. जहाँ ज्ञान है वहाँ चित्तवृत्ति होते हुए भी शून्यता है; यदि यह आनंद प्रकट रुप में आता है तो यही समाधि है। 38. मौन अंतिम ज्ञान है, मौन ही आनंद है। 39. ज्ञानी के पास कुछ नहीं होता, इसलिए वह शांति तथा आनंद में है। 40. एक बार अज्ञेयता निश्चित हो जाने के पश्तात अन्य कुछ होना ही नहीं चाहिए; वहाँ केवल शांति, आनंद तथा मौन रहता है। 41. स्वप्न से जागना चेतना है; चेतना में जो भी होता है खेल की तरह होता है, उसमें आनंद होता है। 42. कर्म करके तो सभी संतुष्ट-असंतुष्ट हैं; जो न करके संतुष्ट है वह आनंद में है, मुक्त है। 43. इच्छापूर्ति से आनंद नहीं मिलता; जिसके कारण बेचैनी हुई थी वह पूरा होने से जो रिक्तता होती है आनंद वही अवस्था है। 44. आनंद कोई वृत्ति नहीं जो आ जा सके; यह मेरा स्वभाव है जो सदैव रहता है। 45. अनुभव में आनंद नहीं मिलता; आनंद मैं स्वयं हूँ। 46. अध्यात्म में कुछ नहीं मिलेगा; न ज्ञान न अज्ञान, यही आनंद है। 47. मौन, आनंद, शांति मेरा स्वभाव है; हर साधक का लक्ष्य यहाँ तक पहुँचना है जो विनाशकारी प्रक्रिया है। 48. सुख दु:ख की यांत्रिक वृत्ति के परे जो आनंद है मैं वह चैतन्य हूँ। **** # 24. अशुद्धि और शुद्धिकरण **अशुद्धि** 1. जो कष्ट दे, जीवन को नरक बना दे तथा जो ज्ञान को भुला दे वह अशुद्धि है। 2. अशुद्धियाँ दुःख का कारण बन जाती है; अशुद्धि हटाना भी काँटा निकालने जैसा है। 3. दूसरों की गलतीयां ढूँढना और सुधार का प्रयास करना साधक का कार्य नहीं है; हर अशुद्धियों के कारण स्वयं में होते हैं। 4. अज्ञानी व्यक्ति अशुद्धि को भी गुण के तरह देखता है। 5. अशुद्धि के कारण गुणों के विकास में समय लग जाता है। 6. अशुद्धि कष्ट दे रही है तो समझना चाहिए कि वह प्रकट हो रही है। 7. जो अशुद्धि नहीं दिखाई देती वह अवरोध है। 8. अशुद्धि का परिणाम दु:ख तथा पीड़ा है। 9. व्याकुलता अपने आप में एक भावना है, यदि भावनाओं को मेरा मान लिया तो व्याकुल करेगा ही। 10. जिन वृत्तियों के कारण मार्ग में प्रगति अवरुद्ध हो जाती है उन वृत्तियों को विकार कहते हैं; वृत्तियों का दमन विकार है; विकार का दमन फिर से विकार उत्पन्न करता है। 11. अज्ञान का कारण दोषपूर्ण चित्तवृत्ति है। 12. जब तक अज्ञान है तब तक साधक की खोज जारी रहती है, पूर्ण ज्ञान के बाद भी खोज जारी है तो बौद्धिक अशुद्धि शेष है। 13. इंद्रियों की अनुभूति को “मैं” मान लेना बड़ी ग़लती है। 14. अचेतन में सारी अशुद्धियां व्यक्ति में आ जाती हैं। 15. ज्ञान भी अशुद्धि है; जो ज्ञान-अज्ञान रहित अवस्था है वही सहज समाधि है। 16. अशुद्ध चित्त में बुरा प्रभाव अधिक पड़ता है; जो अशुद्ध, कमजोर, आहत और बीमार चित्त है उसकी प्राथमिकता अन्य कुछ होती है, शारीरिक एवं मानसिक बीमारीयों में ही उलझा रहता है, अत: अपनी प्रतिरक्षा कम कर देता है। 17. विचार कितना भी अच्छा लगे, यदि वह नकारात्मक है तो कभी न कभी चित्त उसको पहचान ही लेगा। **शुद्धिकरण** 1. अशुद्धि के कारण प्रगति नहीं होती; शुद्धिकरण किया जा सकता है। 2. जो संग्रहित है वह अज्ञान है, उसका नाश शुद्धता है। 3. शुद्धिकरण का अर्थ घटाना है बढ़ाना नहीं, ज्ञान के लिए अपने मन और बुद्धि से धारणाओं और मान्यताओं को निकालना होगा। 4. जितनी चित्तशुद्धि होती जाती है उतनी बुद्धि बढ़ती जाती है। 5. ज्ञान हो गया है और प्रश्न आ रहे हैं तो बुद्धि की शुद्धि या बुद्धि का समर्पण आवश्यक है। 6. जो परिवर्तनशील है उसका क्या ज्ञान होगा? सत्य का भी कोई ज्ञान नहीं होता, क्योंकि वहाँ भी जानने के लिए कुछ नहीं है, अत: ज्ञानमार्ग में ज्ञान नहीं होता मात्र मान्यता हटाकर बुद्धि शुद्ध की जाती है। 7. हम जो भी जानने का प्रयास करते हैं वह बुद्धि की अशुद्धि है; जहाँ कुछ नहीं था वहाँ कुछ बना लिया और जो बनी है उसी में फँस गए, अगर इसी अज्ञान को उल्टा कर दिया जाए तो ज्ञान आ जाता है। 8. माया को माया में रह कर नहीं समझा जा सकता है; माया को नकारने से या उपयोग करने से भी माया से मुक्ति नहीं हो सकती; बुद्धि की शुद्धिकरण करके अज्ञान हटाने से माया के फेर से निकला जा सकता है। 9. मौन का पहला चरण विचार शुद्धि है। 10. यदि कहीं पर अति हो रहा है तो वहाँ पर शुद्धिकरण आवश्यक है। 11. बुद्धि का उपयोग चित्त में जो अशुद्धि है उसको दूर करने में उपयोग किया जाता है। 12. ज्ञान और साक्षीभाव से चित्त शुद्ध होता है; चित्त शुद्धि से विकास तेज़ हो जाता है। 13. साक्षीभाव से अशुद्धि जाएगी नहीं, यह उपचार नहीं है; साक्षीभव में अशुद्धियाँ और शुद्धिकरण के उपाय भी प्रकाशित होगें। 14. जो हो रहा है वह यदि कष्टदायी नहीं है तो होता रहे; उपयोगी है तो उपयोग करना है, कष्टकर है तो छोड़ना है; साक्षी बन कर देखना है। 15. ज्ञान-अज्ञान दोनों अशुद्धियाँ हैं, सकारात्मक ज्ञान अज्ञान है, नकारात्मक ज्ञान अज्ञेयता है; अस्तित्व ज्ञानहीन है। 16. स्वस्थ चित्त में अहम् पहरेदार की तरह रहता है; बुरा प्रभाव आने नहीं देता। 17. जिसकी चेतना और संकल्प शक्तिशाली है उसको नकारात्मक विचार तथा प्रभाव छू भी नहीं सकता। 18. दूसरों के विचार, भावना आदि जान लेना मानसिक दूरसंचार है; जिसका चित्त विकसित है वह दूसरों की भावना पकड़ सकता है। 19. कर्षण के नियमानुसार जितना शुद्ध चित्त है उतना शुद्ध और उच्च जीव संपर्क करने लगते हैं। 20. चित्त दर्पण है; जो मन में है वही बाहर दिखाई देगा। 21. जो अनियंत्रित और अनावश्यक था वह चेतना के प्रकाश में नष्ट हो जाता है। 22. शुद्धिकरण जीवन भर चलेगा। 23. सारा प्रयास चित्तशुद्धि के लिए लगता है; योग तो पहले से है। 24. अच्छे अनुभव शुद्ध चित्त से ही संभव है; शुद्धि ज्ञान से ही होती है। 25. शुद्धिकरण की शुरुआत मूलज्ञान से होती है; ज्ञान के प्रकाश में विध्न टिक नहीं सकेगा। 26. अशुद्धिओं का कारण मैं स्वयं हूँ और शुद्धिकरण का उपाय भी मैं ही हूँ। (अहम् के स्तर पर) 27. शुद्धि-अशुद्धि, अच्छा-बुरा कोई भी मैं नहीं हूँ। (अनुभवकर्ता के स्तर पर) 28. कुछ बनने का प्रयास शुद्धिकरण नहीं है; हटाना शुद्धीकरण है; मैं पहले से ही पूर्ण और शुद्ध हूँ। **** # 25. चमत्कार और सिद्धि 1. जब नियम के परे कुछ होता है तो अज्ञानी उसको चमत्कार कहता है; साधक के लिए कोई चमत्कार नहीं है। 2. जब भौतिक जगत से विरक्ति होगी तब भौतिक इंद्रियों का महत्व कम होने लगेगा; मानसिक इंद्रियाँ, आंतरिक इंद्रियाँ, सूक्ष्म इंद्रियों में ऊर्जा प्रवाहित होने लगेगी, उनका महत्व बढ़ने लगेगा; नयी-नयी इंद्रियाँ प्रकट होने लगेंगी, वे इंद्रियाँ कार्य करने लगेंगी, जो खोया हुआ था वह प्रकट होने लगेगा इसी को सिद्धि कहते हैं, जिसके पास यह कला, बुद्धि और गुरु है उसमें अनंत संभावनाएँ हैं। 3. चमत्कारों से मनोरंजन हो सकता है, संतुष्टि ज्ञान से होती है। 4. सबसे बड़ा चमत्कार भी ज्ञान पड़ते ही साधारण हो जाता है। 5. सिद्धि कोई व्यक्तिगत और नयी चीज नहीं है; यह संभावना सभी में पहले से होती है। 6. सभी सिद्धियाँ मामूली है; असली सिद्धि स्वयं को जानना, इस जीव पर क्या हो रहा है वह जानना और उस पर नियंत्रण करना है। 7. अस्तित्व में सामान्य या चमत्कारपूर्ण घटना जैसा कोई भेद नहीं है, जो हमारी समझ में नहीं आता उसको चमत्कार कह देते हैं। 8. मनुष्य की बहुत सारी योग्यताएँ पहले से मिली हैं; यदि उन का ही उपयोग करें तो सिद्ध हो जाते हैं। 9. असीमित अनुभव होने के दो तरीके हैं: १. इंद्रियों की योग्यता बढ़ा के, २. इंद्रियों की संख्या बढ़ा के। 10. विचित्र अनुभव होना केवल साक्षीभाव का प्रभाव नहीं है; वह प्राकृतिक रुप से विकास का फल भी हो सकता है, पूर्वजन्म का कर्मफल या सिद्धि भी हो सकती है या कृपा भी हो सकती है। 11. यदि समर्पण की भावना है और सभी के भले के लिए है तो प्रार्थना में बल होता है। 12. तांत्रिक क्षणभर में स्वप्न को सूक्ष्म में बदल सकता है। 13. तांत्रिक दूसरों के द्वारा बनाई गयी मूर्ति की पूजा नहीं करता, तांत्रिक अपनी शक्ति बढ़ाता है; दूसरी शक्ति के सामने सिर नहीं झुकाता। 14. यदि कोई गुरु किसी के बुलाने से स्वप्न में प्रकट हो सकता है तो वह बहुत बड़ा तांत्रिक होगा। 15. जो स्वयं की मूर्ति बनाकर पूजा कर सकता है वह तांत्रिक है। 16. तांत्रिक दूसरे कार्य सुगम बनाने के लिए अपनी प्रतिलिपि बनाता है; काम होने के बाद उसको नष्ट करता है। 17. जो घटना या संकेत अनपेक्षित रुप से या प्रबल होकर आता है तो वह कारण शरीर से आ रहा होता है। 18. मन, शरीर, स्वप्न आदि की संवेदनाओं को देखकर गुरुक्षेत्र या किसी भी दूसरी ओर से क्या संकेत या चिन्ह मिल रहा है वह पहचाना जा सकता है। 19. मनुष्य का शरीर भी विद्युत बैटरी समान है, इच्छाशक्ति से शक्ति संचार कर के इसे भी रिचार्ज किया जा सकता है। 20. प्रार्थना परतंत्र में होती है और संकल्प स्वाधीन तंत्र में होता है। 21. प्रारब्ध से संबंधित अनुभव अपने आप कारण स्मृति में संग्रहित होगा; प्रतिलिपि बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। 22. माया के सारे नियम चित्तनिर्मित है; माया में कुछ भी संभव है। 23. मनोशरीर का नियंत्रण अपने हाथ में लेना ही सबसे वड़ा चमत्कार है; मन को बाँधकर हमेशा एक ही स्थिति में रखना चमत्कार नहीं है। 24. अज्ञान के कारण घटनाएँ चमत्कारी लगती हैं। 25. आप के सामने अभी का जो अनुभव है वह सबसे विचित्र पहले ही है, मायावी पहले ही है, किंतु इसकी आदत पड़ गयी है, अत: यह सामान्यीकरण हुआ है। 26. आध्यात्मिक प्रगति के लिए विचित्र अनुभव आवश्यक नहीं है; विचित्र अनुभव से केवल मनोरंजन होता है। 27. इस सृष्टि का प्रत्येक कण हम से जुड़ा हुआ है, उन पर प्रभाव डालने की क्षमता हम में है, कोई ग्रह-नक्षत्र में नहीं, संकल्प शक्ति मनुष्य में ही होती है, उनमें नहीं; प्रभावित साधक करता है वे नहीं। 28. जो स्वयं प्रकाशित है, जिसमें योग्यता, दिव्यता, सिद्धियाँ हैं वही देव है। 29. संकल्प और अखंड साक्षीभाव से मृत्योंपरांत इतनी शक्ति आ जाए कि अपना स्वर्ग स्वयं बना लें। 30. मनुष्य रूप में जन्म के कारण आपकी जो प्राकृतिक योग्यता खो गयी थी वही वापस मिल रही है। 31. सत्य रूप है भी नहीं, मिथ्या रूप है, किंतु वह भी सीमित करके, बदल के पूरी तरह भ्रम के रूप में दिखता है; यह आवरण-विक्षेप है; ऐसा होने के पश्चात भी ज्ञान संभव है, यही चमत्कार है, इससे बड़ा चमत्कार कोई नहीं है। 32. अपने अनुसार माया को प्रकट कर लेना सिद्धि है; यह विकास का फल है। 33. माया में हर घटना चमत्कार है, माया ही सबसे बड़ा चमत्कार है। 34. सभी सिद्धियों की संभावना सभी में है; जैसे सिद्धियाँ आ सकती है वैसे जा भी सकती है। 35. सिद्धियाँ आ जाए तो साधक में दम्भ, घमण्ड आ सकता है; यह पतन का कारण है; अत: सिद्धियों को आध्यात्मिक प्रगति में बाधा समझा गया है। **** # 26. प्रगति/विकास 1. अस्तित्व में सब कुछ अपने आप हुआ है; मनुष्य अपनी उपयोगिता के अनुसार सुधार, विकास या विनाश के नाम का आरोपण कर देता है। 2. जो अनुकूल है उसको सुधार, जो प्रतिकूल है उसको विनाश कहते हैं। 3. मनुष्य सभी जीवों में श्रेष्ठ नहीं है; मनुष्य में श्रेष्ठता की संभावना है। 4. पृथ्वी लोक में ज्ञान भी सीमित है, उस सीमित ज्ञान के अनुसार मनुष्य श्रेष्ठ है। 5. निचले जीवों और वस्तुओं का दमन तथा नियंत्रण श्रेष्ठता का दुरुपयोग है। 6. मनुष्य में बुद्धि का उदय हुआ है, यही श्रेष्ठता की शुरुआत है। 7. नीचता की सीमा हो सकती है, किंतु श्रेष्ठता की कोई सीमा नहीं है। 8. जब बुद्धि एक स्तर तक विकसित होती है तो चेतना प्रकट होती है। 9. बुद्धि वह सीढ़ी है, जो बुद्ध तक पहुंचाती है। 10. जब तक जीवन है, निचली परतें स्थगित हो कर ऊपरी परतें ही चलना संभव नहीं है; सभी परतें समानांतर रूप में कार्य करती हैं। 11. जब चेतना का स्तर बढ़ जाता है, संचित ऊर्जा को सही दिशा देना और नया लक्ष्य निर्धारण करना आवश्यक है। 12. स्वतंत्रता में अपनी बुद्धि चलानी पड़ती है, निर्भरता में बुद्धि का कोई कार्य नहीं है; अज्ञान के कारण व्यक्ति निर्भरता पसंद करता है, यही आलस्य के कारण प्रगति स्थगित हो जाती है। 13. मनोशरीर में चल रही वृत्तियों की स्थिति जानना आत्ममूल्याँकन है; यह प्रगति का मापन है। 14. रक्षण, भक्षण, प्रजनन तो पशु भी करते हैं; बुद्धि, विवेक तथा चेतना मनुष्य को विशेष बनाती है। 15. प्रगति मुफ़्त में नहीं मिलती उसका मूल्य कठिन परिस्थिति एवं कठिन परीक्षाएँ है। 16. एक बार जिसने प्रगति का स्वाद चख लिया, उसको पीछे जाना संभव नहीं है। 17. गलतियां होती रहेंगी; जो गलतियों से सीखेगा वह प्रगति करेगा। 18. वास्तविक परीक्षा जीवन है; जीवन ही परीक्षा है। 19. ज्ञान में शक्ति होती है हर प्रकार की परीक्षाएँ पास करने के लिए। 20. जो प्रगति में बाधा है साधक सबसे पहले वह ठीक करता है। 21. न कुछ मिला है, न कुछ खोया है; सब कुछ यहीं है। 22. जिसकी दुर्गति हुई है उसी की प्रगति होती है, जिसकी दुर्गति नहीं हुई वह तो शिखर पर है। 23. आत्मज्ञान से किसी की प्रगति या दुर्गति नहीं होती, क्योंकि ज्ञान के पश्चात प्रगति या दुर्गति होने के लिए व्यक्ति नहीं बचता; व्यवहारिकता में ज्ञान के पश्चात प्रगति निर्बाध गति से बढ़ायी जा सकती है। 24. जो है वह सरल है, जो नहीं है वह होने का प्रयास कर रहें हैं तो विफलता मिलेगी। 25. माया की बाढ़ रोकना इस जीव के वश में नहीं है; नियंत्रण संभव है। 26. ज्ञानी के लिए नियंत्रण का अर्थ वह है जो अधिक स्वतंत्रता देता है, क्योंकि वह अनावश्यक को त्याग करना जानता है। 27. मनुष्य में अमूर्त विचार की क्षमता होती है; यह क्षमता जो नहीं है उसको भी सत्य बना सकती है। 28. माया का खेल कभी बंद नहीं होता, साधक को सही खेल चयन करना चाहिए; प्रगति का खेल सबसे अच्छा है। 29. यदि शरीर पर कोई अत्याचार न किया जाए तो स्वस्थ रखने की व्यवस्था प्रकृति ने कर रखी है। 30. मनुष्य को मनुष्य होना है; पत्थर नहीं। 31. जीवन एक पाठशाला है, हम यहाँ केवल कर्म करने नहीं; अनुभव से सीखने आए हैं। 32. योग्य और सच्चा साधक जो चाहता है वह करता है। 33. ज्ञान होना ही बड़ी कृपा है; विचित्र घटना होना कृपा या प्रगति नहीं है। 34. अप्राकृतिक विधि से योग्यता बढाने से अनुभव हो सकता है, किंतु वह अर्थपूर्ण नहीं हो सकता, क्योंकि बुद्धि, स्मृति तथा अनुभव का तालमेल नहीं मिलता; स्मृति में अधिक देर टिक नहीं सकता। 35. यदि अभी के कर्म ठीक हो गए, नियंत्रित हो गए तो आने वाला संस्कार अच्छा बनेगा, विकासक्रम तेज़ हो जाएगा, क्योंकि पूराने में अब हमारा हाथ नहीं, किंतु नये में तो है। 36. मनुष्य जन्म से विकास तेज़ होता है; आत्मज्ञान के पश्चात विकास अपने हाथ में आता है। 37. शरीर मेरा नहीं है यह जानने के पश्चात उसकी देखरेख की जिम्मेदारी दुगुनी हो जाती है। 38. मानव शरीर, कारण शरीर की प्रगति का उपाय है। 39. जिन रचनाओं का विकास नहीं हुआ है उनको प्रकृति चलाती है; जिसका विकास हुआ है वह विवेक के द्वारा सही-ग़लत पहचान कर थोड़ा बहुत नियंत्रण कर पाता है। 40. अपनी सीमाओं का त्याग विकास है, सीमाएं चित्तनिर्मित हैं। 41. जब माया में कुछ अनुभव तथा कुछ नियम दिखाई पड़ते हैं, तब लगता है कि चित्त का विकासक्रम हो रहा है। 42. सब कुछ अभी, इसी क्षण, यहीं है; मैं, माया, सृष्टि अस्तित्व अभी यहीं है। 43. मिथ्या को मिथ्या रुप में स्वीकार करने से जीवन सहज होता है। 44. साधक वह करता है जो कोई नहीं कर सकता। 45. आध्यात्मिक प्रगति से संकल्प शक्ति बढ़ती है; संकल्प भी चित्त के नियम के अनुकूल होना चाहिए, नहीं तो संकल्प काम नहीं कर सकता। 46. जैसे नदी पर्वतों से निकल कर सागर में पहुँचती है; वैसे ही जीव का विकास अपने आप देवयोनि की ओर जाता है। 47. विकासक्रम जो प्राकृतिक रुप से हो रहा है वह सबसे अच्छा है; प्रकृति के कार्य में हस्तक्षेप करना हानिकारक है। 48. चित्त अनंत है, जैसे-जैसे जीव का विकास होता है वैसे-वैसे ऊपरी परत में जाता रहता है। 49. जीव का ऊपरी परत में विकास होने से निचली परतें नष्ट नहीं होतीं, क्योंकि वे भी आवश्यक हैं। 50. मनुष्य के शरीर में दो तरह के भूख है- भोजन और कामवासना; दोनों को सही दिशा देकर आध्यात्मिक प्रगति तेज़ की जा सकती है; इसका उपाय है - व्रत एवं ब्रम्हचर्य। 51. कामवासना को भी ऊपरी वृत्तियों मे बदला जा सकता है। 52. विफलता ही सफलता की ओर ले जाती है; प्रगति के लिए कठिनाईयों को ही सीढ़ी बनाना चाहिए। 53. प्रगति तभी तक होती है जब तक अज्ञान है; आत्मज्ञान अंतिम है, किंतु तंत्र में आत्मज्ञान से ही प्रारंभ करना चाहिए। 54. सफलता की कहानी सभी सुनते हैं, किंतु असफलता की कहानी कोई नहीं सुनता/सुनाता। 55. माया में जो हो रहा है वह न प्रगति है, न पतन है; मात्र माया का खेल है। 56. जिस दिशा में नदी बह रही है उसी दिशा में नाव चलनी है; नहीं तो नाव डूब जाएगी। 57. समर्पण का अर्थ क्रियाहीनता या हार मानना नहीं है; क्रियाशीलता, स्वीकारभाव, गलती सुधारना और आगे बढ़ना है। 58. दूसरों को वही सुधार सकता है जो स्वयं सुधरा है, इसलिए पहले स्वयं की प्रगति होना आवश्यक है। 59. विकास आध्यात्मिकता पर समाप्त नहीं होता, असली विकास यहीं से प्रारंभ होता है। 60. आप पहले से पूर्ण है। **** # 27. त्याग, मुक्ति और स्वतंत्रता **त्याग** 1. जो अनुपयोगी है उसको त्याग देना अध्यात्म है। 2. अध्यात्म का मूल शुद्धिकरण है; समाप्त कुछ नहीं होता, त्याग होता है। 3. जो आसक्त है उनकी अध्यात्मिक प्रगति नहीं होती। 4. ज्ञानमार्ग में त्याग होना ही प्रगति है, ज्ञान हो रहा है तो प्रगति नहीं हुई, अज्ञान रूपी बादल जमा हो रहा है। 5. जब तक सुखदायी है, साधना अच्छी है; जब दुःख देने लगे तो वह साधना त्याग देनी चाहिए। 6. अहम् का त्याग ही साधना है। 7. सभी अपनी मान्यताओं का समर्थन चाहते हैं, संग्रह करना चाहते हैं, त्याग करना कोई नहीं चाहता; आध्यात्मिक प्रगति त्याग में है। 8. जो अनावश्यक कर्म हैं उनको त्याग दें और न्यूनतावादी हो जाएँ, तो समय की कमी नहीं है। 9. जिस चीज में आसक्ति है वह जब सुख के बदले दु:ख देने लगती है तब आसक्ति अपने आप टूटती है। 10. जैसे ही कुछ आसक्ति और परतंत्रता आती है, व्यक्ति सीमित हो जाता है, अज्ञेयवादी असीमित है; असीमित होने के लिए सब का त्याग आवश्यक है। 11. जब किसी विचार, सुख, दुःख आदि को साक्षीभाव में देखा जाता है “यह मैं नहीं हूँ” तो आनंद वहीं से शुरू होता है। 12. किसी को कुछ देकर भूलना चाहिए; यदि याद रखा तो त्यागा नहीं है, क्योंकि वहाँ कोई अपेक्षा रह गई है, यही बंधन है। 13. सत्य का उपयोग मिथ्या जगत का त्याग करने में है; उसको अच्छा करने के लिए नहीं। 14. सत्य को जानने से जगत छूट जाता है। 15. जब ज्ञान होता है तब कुछ त्यागना नहीं पड़ता; त्याग अपने आप हो जाता है; जब कुछ है ही नहीं तो त्यागने के लिए भी कुछ नहीं होता। 16. ज्ञान में कुछ संग्रह नहीं होता, त्याग होता है। 17. ज्ञान से स्वर्ग की प्राप्ति नहीं होगी; त्याग होगा। 18. अनावश्यक बोझा त्याग करने से जो शांति और आनंद मिलता है वही सबसे बड़ी प्राप्ति है। 19. ज्ञानी के लिए भोग भी त्याग है, अज्ञानी के लिए त्याग भी भोग है। 20. त्याग कर्म नहीं भाव है, मूल तत्व परमत्यागी है। **मुक्ति** 1. ज्ञानमार्ग में अज्ञान से मुक्ति यानी आत्मज्ञान ही मुक्ति है, बंधन का नाश होना मुक्ति है, और कोई मुक्ति नहीं। 2. मुक्ति का अर्थ व्यक्तिनिष्ठ और ऐच्छिक है; एक की मुक्ति दूसरों से नहीं मिलती। 3. साधक का लक्ष्य केवल आत्मनिर्भरता नहीं; सभी बंधनों से मुक्ति है। 4. मनोशरीर संस्कारों से बंधा है; “मनोशरीर सच है” इस मान्यता से मुक्त हो जाना ही मुक्ति है। 5. चेतना में सुख और मुक्ति है, इसलिए अपने आप आ जाती है; यदि दूसरी वृत्ति बलशाली है तो चेतना को भी रोक लेगी। 6. संसार को छोड़ना कायरता है, जिससे संसार छुट गया वह संन्यासी है, मुक्त है। 7. व्यक्ति अद्वैत के स्तर तक नहीं पहुँच सकता; व्यक्ति से मुक्ति अद्वैत है। 8. मुक्ति कुछ करने से नहीं मिलती, कुछ न करने से मिलती है। 9. व्यक्ति कभी भी माया से छुटकारा नहीं पा सकता, इसलिए मुक्ति कभी प्रयत्न से नहीं मिलती। 10. चित्त के नियम से मुक्ति चित्त के नियम का ही उपयोग करके मिलती है। 11. वासनापूर्ति ही वासनामुक्ति की ओर ले जाती है। 12. कोई भी सांसारिक कार्य बड़ा नहीं है; जो कर्म स्वयं को और दूसरों को इस लोक से मुक्ति दिलाए वही बड़ा और पुण्य का कार्य होता है। 13. जो मुक्ति के शिखर पर है वह अकेला होता है। 14. आम व्यक्ति का लक्ष्य सुख और मुक्ति है, साधक का लक्ष्य मनुष्य जीवन से मुक्ति है; ज्ञानी पहले से मुक्त है। 15. अनुभवकर्ता सदा मुक्त है, जिसको मुक्ति चाहिए वह अज्ञान है। 16. जन्म-मृत्यु माया के खेल है; मैं ही नहीं हूँ- यही मुक्ति है। 17. जिस से मुक्ति चाहिए वह ही माया है, वह ही स्वप्न है, मैं क्या हूँ जानना ही परम मुक्ति है, और यह अभी संभव है। 18. जीव की मुक्ति नहीं होती, जीव से मुक्ति हमेशा है। 19. मनुष्य जीवन से मुक्ति का अर्थ ऊपरी योनियों में विकास करना है। 20. मुक्ति के लिए संसार से होकर ही गुज़रना पड़ता है; मुक्ति जीवन से बचके नहीं, जीवन से होकर जाने में है। 21. इच्छापूर्ति के फेर में रहना दासता है, नियंत्रण स्वाधीनता है। 22. इच्छाओं का अंत परमानंद है, इच्छाएं मेरी नहीं, यह ज्ञान मुक्ति की कुंजी है। 23. मेरा जन्म लेना संभव नहीं है, मैं तो इस चक्र से पहले से ही मुक्त हूँ; इस ज्ञान से यहीं, इसी क्षण मेरी मुक्ति संभव है। 24. मुक्त हुए हो तो मुक्त रहो। 25. सत्य जानने के लिए विभाजन हटाना आवश्यक है; विभाजन के बिना जीवन नहीं है, जीवन के बिना ज्ञान नहीं है, ज्ञान के बिना मुक्ति नहीं है। 26. ज्ञान और मुक्ति किसी को नहीं होती, क्योंकि जो ज्ञान ढूँढने गया था मिलने के साथ ही व्यक्ति नहीं बचता; तत्व बन जाता है। 27. सुख-दुःख चित्तवृत्ति हैं; वृत्ति का अभाव मुक्ति है, आनंद है। 28. जितना शीघ्र कर्म का फल मिलता है उतनी शीघ्र मुक्ति होगी, किंतु कर्मफल के रूप में जो अशुद्धि प्रकट हो रही है वह अधिक कष्टदायी होती है। 29. जहाँ मुक्ति है वहाँ सुख है, अध्यात्म मुक्ति के लिए है। 30. जीव की बंधन मुक्ति उसके नाश से होती है; मैं सदा मुक्त हूँ। 31. बंधन आता जाता है; मुक्ति सदा है। 32. न किसी से कुछ लेना पड़े न देना पड़े तो समझना चाहिए कि मनुष्य जन्म से मुक्ति हो गई। 33. सभी बंधनों से मुक्ति, ज्ञान से संभव है। 34. ज्ञान का उपयोग कर्म में नहीं, कर्म से मुक्ति के लिए है। 35. बड़ी मुक्ति से पहले छोटी-छोटी मुक्ति आवश्यक है। 36. कर्ताभाव से मुक्त होना ही कर्मबंधन मुक्ति है। 37. अहंकार भी देवी की ही रचना है; ज्ञान, इच्छापूर्ति, कर्मबंधन से मुक्ति के लिए यह आवश्यक है। 38. माया में कर्म के नियम से छुटकारा यानी कि कर्म से मुक्ति संभव नहीं है; कर्म मेरा नहीं है यह जानना और अनावश्यक का त्याग करने से ही कर्मबंधन से मुक्ति संभव है। 39. मुक्ति के लिए कर्मबंधन से मुक्त होना चाहिए। 40. चेतना में अकर्ता भाव से कर्म करने से कर्मबंधन नष्ट हो सकता है। 41. हर तरह की संभावना व्यक्त करना मेरा स्वभाव है; यही मुक्ति है, स्वतंत्रता है। 42. ज्ञानमार्ग का लक्ष्य मुक्ति नहीं अज्ञान का नाश है; मुक्ति तो पहले से ही है। 43. ज्ञानमार्ग में सफलता का अर्थ कुछ मिलना नहीं है; जो अनावश्यक था उसका त्याग होना है। 44. रोग, अशुद्धि, निर्भरता, दासता, आसक्ति आदि से मुक्त होकर सांसारिक रूप से आत्मनिर्भर होने के पश्चात ही आध्यात्मिक मुक्ति मिलेगी। 45. आध्यात्मिक जीवन प्रगति और मुक्ति के लिए है, सुख के लिए नहीं; यदि सुख की इच्छा हो तो संसार को चुनना चाहिए। 46. मनुष्य जीवन का लक्ष्य है मनुष्य जीवन से मुक्ति, जो अज्ञान के नाश से ही संभव है। **स्वतंत्रता** 1. स्वतंत्रता सदा से है, कोई बंधन में नहीं है; हर प्रकार की परतंत्रता आभासी है। 2. जिसको ज्ञान में शंका नहीं, सारे बंधन होते हुए भी जो स्वतंत्र है उसीको ज्ञान हुआ है। 3. जीव बंधन में सुरक्षित महसूस करता है तथा स्वतंत्रता को ख़तरा मानता है और वही जन्म-मरण का चक्र दोहराता है। 4. तत्व का ही स्वतंत्र अस्तित्व है, नामरूप का नहीं; जो भी प्रकट है वह बंधन में है। 5. किसी को बंधन में डालना या उत्तरदायित्व थोपना ज्ञानमार्ग में स्वीकार्य नहीं है। 6. बंधन में सुरक्षा है, इसलिए जीव बंधन पसंद करता है। 7. मुक्ति तथा स्वतंत्रता का मूल्य अकेले होकर चुकाया जाता है, क्योंकि भीड़ अज्ञानीयों के आसपास ही एकत्र होती है। 8. स्वतंत्रता अनुभवकर्ता में है; जो नियमों का पुतला है वह स्वतंत्र नहीं हो सकता। 9. सच्ची स्वतंत्रता नामरूप से पहचान हटा लेना है। 10. स्वप्न में स्वतंत्र होने से अच्छा स्वप्न से जागना है। 11. किसी चीज से बंधा नहीं होना स्वतंत्रता है। 12. मनुष्य स्वतंत्र है, किंतु अपने कर्मों से परनिर्भर हो जाता है। 13. मुक्ति या स्वतंत्रता हृदयपथ का केंद्रबिंदु है। 14. जो मुक्त है वह सदा मुक्त है; जो बंधन में है वह सदा बंधन में है। 15. मुक्ति के बारे में अध्यात्म में सभी का सार है:- दुःख का अंत, कर्म का अंत, जीव का अंत, संसार का अंत, आवागमन का अंत। ॐ श्री सद्गुरुवे नम: **** # सार अध्यात्म स्वयं की खोज है और आध्यात्मिक यात्रा स्वयं से मिलने के लिए है। इस यात्रा में लक्ष्य, मार्ग, गुरु तो आवश्यक होता ही है; नतीजा में पहुँचने के लिए एक व्यवस्थित चरणबद्ध मार्गदर्शन और प्रयास बहुत आवश्यक होता है। इसके बिना यात्रा में भटकाव आ सकता है, व्यक्ति भ्रमित हो सकता है। मार्ग स्पष्ट नहीं हुआ तो लक्ष्य में पहुँचना कठिन होता है। सही मार्गदर्शक हैं तो यात्रा निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकती है, मार्ग पर आने वाली बाधाएँ और रुकावटें दूर हो सकती हैं, इसलिए आध्यात्मिक यात्रा में सही मार्गदर्शक के सानिध्य में सतत प्रयास एवं लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प आवश्यक होता है। मूलज्ञान में आत्मज्ञान, मायाज्ञान, और ब्रम्हज्ञान आता है। यहीं से सम्पूर्ण ज्ञान मिलता है और अंत में ज्ञान-अज्ञान दोनों का त्याग होकर ब्रम्ह अवस्था रह जाती है। प्रस्तुत पुस्तक में आध्यात्मिक यात्रा के प्रत्येक सांदर्भिक विषय, शिष्यों की जिज्ञासा, समस्या और गुरु का मार्गदर्शन, समाधान के उपायों का सार महावाक्य के रूपमें उल्लेखित है। परम मुक्ति तो हमेशा है; जो बंधन का पर्दा पड़ा है वह केवल अज्ञान का है और उसको हटाना आवश्यक है। सत्य जानने के लिए मिथ्या जानना आवश्यक है। ज्ञानमार्ग एक खोज है; जिसमें नेति-नेति विधि के द्वारा स्वयं का तत्व जाना जाता है। अज्ञान नाश का परिणाम शुद्ध, शाश्वत, स्वयंभू, अविनाशी, निर्गुण, निराकार तत्व आता है; यही मैं हूँ, यही आत्मज्ञान है; यही परम मुक्ति है जो अभी यहीं है। आत्मज्ञान से ही पता चलता है कि “मैं” क्या नहीं हूँ; फिर भी जीव जो जन्म-मृत्यु के चक्र में फँसा है वो माया को जानना चाहता है, मनुष्य जन्म से मुक्ति चाहता है और आवागमन से मुक्ति चाहता है। इसके लिए माया का अध्ययन आवश्यक होता है। जीव, जगत, सृजन और विलय आदि के बारे में में परिकल्पना, सिद्धांत, मॉडल आदि द्वारा अपरोक्ष अनुभव, तर्क, अनुमान के आधार पर विश्लेषण, खोज अनुसंधान और प्रयोग द्वारा जानने का प्रयास किया जाता है। खोज के परिणाम स्वरूप माया और सृष्टि का तत्व भी शून्य ही पाया जाता है; इस प्रकार अनुभव मिथ्या सिद्ध होता है। आत्मज्ञान और मायाज्ञान के पश्चात जब मिथ्या विभाजन यानी कि द्वैत भी मिट जाता है तो केवल अद्वैत रह जाता है। अद्वैत में अनुभव और अनुभवकर्ता का विलय है; यही अस्तित्व है। अस्तित्व को अपना ही मिथ्या रूप का अनुभव हो रहा है। जो भी है वह अभी यहीं सामने है; यही संपूर्णता अनुभवक्रिया है। अस्तित्व केवल है; जो है वह है; जैसा है वैसा है। तत्व सत्य है, नामरूप मिथ्या है, तत्व और नामरूप का संयुक्त स्वरूप ही ब्रम्ह है, यही मैं हूँ; इतना जान लेना मूलज्ञान है। अंत में ज्ञान को भी त्याग कर सभी विचारों, अवधारणाओं, मान्यताओं, दर्शनों, परंपराओं से मुक्त और स्वतंत्र स्थिति शेष रहती है; यही अज्ञेयता है। अस्तित्व अज्ञेय है, अज्ञेयता में सब कुछ जान कर ज्ञान के सारे अध्याय ही बन्द कर दिए जाते हैं; यही वेदांत है। यही खोज का अंत है, अध्यात्म का अंत है और परम प्राप्ति है, सब अज्ञान त्याग कर खाली होना ही पूर्ण प्राप्ति है। यहाँ तक पहुँचने की आध्यात्मिक यात्रा सहज बनाने के लिए बोधि वार्ता और ज्ञानदीक्षा कार्यक्रम में हर संभव प्रयास हुआ है। मूलज्ञान और ज्ञान साधना के क्रम में जो भी प्रश्न, बाधा, अड़चन आदि के बारे में साधकों का प्रश्न और गुरुक्षेत्र का उत्तर प्रस्तुत होता है उसी के कुछ मुख्य अंश "बोधि महावाक्य" के रूप में इस पुस्तक में दर्शाया गया है। जिज्ञासु, खोजी और ज्ञानमार्गी साधक के लिए अपनी आध्यात्मिक यात्रा में यह कुछ काम आएगा यही कामना है। धन्यवाद। ॐ श्री सद्गुरुवे नम: गुरुर्ब्रम्हा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर:। गुरुर्साक्षात परब्रम्ह तस्मै श्री गुरुवे नम:।। ज्ञान-शक्ति-समारुढ: तत्वमाला-विभूषित:। भुक्ति-मुक्ति-प्रदाता च तस्मै श्री गुरुवे नम:।। सम्पर्क ईमेल tarun.pradhaan@gmail.com टेलीग्राम TarunPradhaan jsubediwagle@gmail.com ॐ श्री सद्गुरुवे नम: